120 Bahadur Movie Annouced: फरहान अख्तर एक बार फिर पर्दे के पीछे की कमान छोड़ एक्टिंग करने की तैयारी कर रहे हैं। इस बार वो एक ऐसा किरदार निभाने की तैयारी कर रहे हैं जो सिर्फ देश के लिए जीते और मरते हैं। जी हां हम बात कर रहे हैं फौजियों की। फरहान की आने वाली फिल्म 1962 में हुए भारत-पाकिस्तान युद्ध पर आधारित है। इस फिल्म में भारत के 120 सूरमाओं के साहस और जज्बे को दिखाया जाएगा।
जिन्होंने ये जानते हुए भी कि दुश्मनों की संख्या उनसे कई गुना ज्यादा है, फिर भी अपने कदम पीछे नहीं हटाए। वे जब तक रहे डटकर उनका सामना किया। देशभक्ति की इस बेमिसाल कहानी में फरहान लीड रोल में नजर आएंगे। उन्होंने फिल्म के मोशन पोस्टर को अपने इंस्टा अकाउंट पर साझा कर इसके बारे में जानकारी दी। आइए बताते हैं इससे जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी के बारे में।
मेजर शैतान सिंह के किरदार में नजर आएंगे फरहान
1962 के भारत-चीन के युद्ध के दौरान सिर्फ 120 भारतीय सैनिकों ने 3000 चीन के सिपाहियों का बेखौफ होकर सामना किया। वे जानते थे कि उनके लिए ये लड़ाई आसान नहीं है। फिर भी उन्होंने बहादुरी के साथ उनका सामना किया। फरहान अख्तर अपनी अगली फिल्म में उसी युद्ध का हिस्सा रहे परमवीर चक्र विजेता मेजर शैतान सिंह का किरदार निभाने वाले हैं। इसके पोस्टर में लिखा है कि वो तीन हजार थे और हम 120 बहादुर। उन्होंने फिल्म का इसका मोशन पोस्टर साझा करते हुए लिखा कि ‘जो उन्होंने हासिल किया, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।‘
‘मेरे लिए ये एक बड़े गौरव की बात है कि मैं आपको आदरणीय परमवीर चक्र विजेता मेजर शैतान सिंह भाटी और उनकी चार्ली कम्पनी, 13 कुमांउ रेजिमेंट के सैनिकों की कहानी प्रस्तुत कर रहा हूं।‘ अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए उन्होंने लिखा कि 18 नवंबर 1962 को भारत-चीन युद्ध के दौरान लड़ी गई प्रसिद्ध रेजांग ला की लड़ाई, यह हमारे वीर सैनिकों की अद्वितीय वीरता, अदम्य साहस और नि:स्वार्थता की कहानी है। हम अत्यंत आभारी हैं कि इस अद्भुत वीरता की गाथा को पर्दे पर लाने में हमें भारतीय सेना का समर्थन और पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।’ फिल्म का नाम भी उन्होंने ‘120 बहादुर’ रखा है। जो उस युद्ध के दौरान भारतीय सैनिकों की संख्या थी।
फरहान ने मेजर शैतान सिंह के परिवार का आभार भी जताया
जब आप किसी असल कहानी को पर्दे पर लाते हैं तो उसके साथ न्याय करने का दरोमदार भी होता है। फरहान ‘120 बहादुर’ में मेजर शैतान सिंह की भूमिका निभाने वाले हैं। ऐसे में उनके किरदार को पर्दे पर सही तरीके से पेश करने का प्रेशर तो होगा ही। इस किरदार को पर्दे पर निभाने से पहले फरहान ने उनके परिवार और उनसे जुड़े लोगों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि ’मैं मेजर शैतान सिंह पीवीसी के परिवार का ह्दय की गहराइयों से आभार व्यक्त करता हूं। जिन्होंने उनके किरदार को निभाने के लिए मुझ पर विश्वास किया। आपके प्यार और समर्थन के लिए दिल से शुक्रिया।’ 120 बहादुर का निर्देशन रजनीश घई करेंगे और फिल्म एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनेगी। हालाकि अभी इसकी रिलीज डेट के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।
