Farah Khan new show Aunty Kisko Bola
Farah Khan new show Aunty Kisko Bola

Overview: फराह खान का नया शो "आंटी किसको बोला?"

फराह खान ने नया यूट्यूब शो "आंटी किसको बोला?" लॉन्च किया। सुनीता आहूजा बनीं पहली जज, थीम है हुनर दिखाने का अनोखा मंच।

Farah Khan new Show Aunty Kisko Bola: बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफर और डायरेक्टर फराह खान एक बार फिर सुर्खियों मेें छाई हैं। फिल्मों और डांसिंग की दुनिया में अपने अनोखे काम से पहचान बनाने वाली फराह ने पिछले कुछ सालों में कंटेंट क्रिएशन के जरिए भी बड़ी पहचान बनाई है। उनके यूट्यूब शो “फन विद फराह खान” ने दर्शकों के बीच लोकप्रियता हासिल की और अब इसी सफलता को आगे बढ़ाते हुए फराह खान ने अपना नया शो लॉन्च किया है, जिसका नाम है आंटी किसको बोला?।

इस शो की सबसे खास बात यह है कि इसमें फराह खान के साथ उनके भाई साजिद खान और गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा बतौर पहले जज नजर आएंगी। फराह ने खुद इंस्टाग्राम पर शो की झलक शेयर करते हुए इन दोनों का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि शो में समय-समय पर खास गेस्ट भी शामिल होंगे, जो इसे और मजेदार बनाएंगे।

“आंटी किसको बोला?” पूरी तरह से आंटियों के लिए एक टैलेंट शो है। अक्सर देखा जाता है कि महिलाओं की प्रतिभा घर-परिवार तक ही सीमित रह जाती है और उन्हें मंच नहीं मिल पाता। फराह का यह शो ऐसे ही हुनरमंद महिलाओं को एक प्लेटफॉर्म देने जा रहा है। शो की टैगलाइन है – “हुनर की कोई उम्र नहीं होती”, जो इसके कॉन्सेप्ट को और मजबूती देती है। दिलचस्प बात यह है कि शो का टाइटल सॉन्ग पॉप कल्चर आइकन ढिंचैक पूजा ने तैयार किया है। उनके गानों की तरह यह भी दर्शकों को खूब गुदगुदाएगा।

जैसे ही शो का टीज़र रिलीज हुआ, सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। अभिनेत्री मोना सिंह ने लिखा, “वाह, यह बहुत मनोरंजक लग रहा है फराह। शुभकामनाएं।” वहीं अभिनेता जिबरान खान ने भी इसे “अनदर स्मैशर” बताया। इंस्टाग्राम पर यूज़र्स ने लिखा कि 1980 के दशक से लेकर अब तक उनकी चमक बरकरार है और यह शो उनकी लोकप्रियता को और बढ़ाएगा।

फराह खान का करियर किसी प्रेरणा से कम नहीं है। उन्होंने बतौर कोरियोग्राफर बॉलीवुड में कदम रखा और अपने आइकॉनिक डांस मूव्स से दर्शकों को दीवाना बना दिया। उसके बाद निर्देशन की दुनिया में भी उन्होंने “मैं हूँ ना” और “ओम शांति ओम” जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में दीं। छोटे पर्दे पर भी वे रियलिटी शोज़ में जज बनकर दर्शकों की पसंदीदा बनीं।

2024 में फराह ने अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया और वहीं से उनकी डिजिटल दुनिया की यात्रा शुरू हुई। “फन विद फराह खान” की सफलता के बाद अब “आंटी किसको बोला?” उनके करियर का नया मील का पत्थर साबित हो सकता है।

भारत में हर घर में ऐसी महिलाएं हैं जो अलग-अलग हुनर रखती हैं, लेकिन उन्हें मंच तक पहुंचने का मौका नहीं मिल पाता। फराह का यह शो ऐसे ही टैलेंट को न सिर्फ पहचान दिलाएगा बल्कि मनोरंजन के साथ-साथ दर्शकों को भी जोड़कर रखेगा। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि “आंटी किसको बोला?” यूट्यूब पर कितना धमाल मचाता है।

प्रतिमा 'गृहलक्ष्मी’ टीम में लेखक के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं। डिजिटल मीडिया में 10 सालों से अधिक का अनुभव है, जिसने 2013 में काशी विद्यापीठ, वाराणसी से MJMC (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की। बीते वर्षों...