Summary : फराह ने खुलासा किया है दिलीप को मिलने वाले मेहनताने का
फराह खान अपने कुक दिलीप संग श्रुति हासन के घर पहुंचीं और व्लॉग में खुलासा किया कि दिलीप को यूट्यूब वीडियो के लिए सबसे ज्यादा भुगतान मिलता है...
Cook Dilip Viral Vlogs: फिल्ममेकर-कोरियोग्राफर फराह खान अपने कुक दिलीप के साथ एक और व्लॉग लेकर लौटी हैं। इस बार वह एक्ट्रेस श्रुति हासन के मुंबई वाले घर गईं। वीडियो में फराह ने याद किया कि कैसे उन्होंने श्रुति के पिता और मशहूर एक्टर कमल हासन से अपनी फिल्म ‘मैं हूं ना’ में सुनील शेट्टी के किरदार ‘राघवन दत्ता’ के लिए बात की थी। व्लॉग में श्रुति ने अपनी आने वाली फिल्म ‘कूली’ के बारे में भी बताया और खुलासा किया कि उन्होंने अमेरिका में रहकर खाना बनाना सीखा, क्योंकि वहां भारतीय खाना बहुत महंगा था।
दरवाजा बजाने से पहले फराह ने दिलीप का बैकग्राउंड इंट्रोडक्शन दिया। उन्होंने कहा, “इनके पापा पूरे इंडिया में बहुत बड़े स्टार हैं और ये चेन्नई में बहुत बड़ी स्टार हैं।” दिलीप ने मज़ाक में पूछा, “मैडम, मेरे जितनी बड़ी स्टार?” फराह ने हंसकर जवाब दिया, “तेरे जैसा बड़ा स्टार तो कोई हो ही नहीं सकता, एक दिन शाहरुख खान होगा तेरे जितना बड़ा स्टार।” यहां तक कि मिलने पर श्रुति ने भी दिलीप को ‘असली स्टार’ कहकर बुलाया।
श्रुति के घर के रंग की बात
घर में स्वागत करने के बाद श्रुति ने मजाक में कहा कि लोग उनके घर का थीम समझ नहीं पाते और कहते हैं, “सब कहते हैं, इतना पैसा कमाया लेकिन पेंट भी नहीं करवाया।” इस पर फराह ने कहा कि उन्हें यह इंडस्ट्रियल फील बहुत पसंद है। फराह ने उन्हें मटन ग्रेवी का टिफिन भी दिया। बातचीत के दौरान फराह ने खुलासा किया कि कमल हासन ‘मैं हूं ना’ के लिए उनकी पहली पसंद थे। “वो फर्स्ट चॉइस थे। मैं चेन्नई ऑफिस भी गई थी और उन्हें कहानी सुनाई, लेकिन उन्होंने बहुत विनम्रता से मुझे वहां से निकलने को कह दिया।”
फराह बोलीं- चाकू तो कमल ही दे सकते
लिविंग एरिया देखते समय फराह ने एक शोकेस में रखे काले चाकू के बारे में पूछा। श्रुति ने बताया, “ये मेरे पापा ने गिफ्ट किया था, उन्हें चाकू कलेक्ट करने का शौक है।” फराह ने हंसते हुए कहा, “कमल सर और क्या दे सकते थे।” जब फराह ने पूछा कि क्या श्रुति खाना बनाती हैं, तो उन्होंने अमेरिका का अपना अनुभव साझा किया। वे बोलीं “मुझे खाना बनाना बहुत पसंद है, खासकर अमेरिका में रहकर। वहां इडली 20 डॉलर की मिलती है तो मैंने सोचा, खुद ही सीख लूंगी। मेरे दोनों पेरेंट्स बहुत बेहद जमीनी हैं।”
दिलीप के पेमेंट की बात
श्रुति ने फिर फराह से पूछा कि क्या दिलीप को यूट्यूब वीडियोज़ में आने का कोई अतिरिक्त भुगतान मिलता है। फराह ने जवाब दिया, “हां, उसे बहुत मिलता है… यहां सबको मिलाकर जितना होता है, उससे भी ज्यादा।” श्रुति ने कहा कि वे बस दिलीप की चिंता कर रही थीं, जिस पर फराह ने मज़ाक में कहा, “उसकी नहीं, मेरी चिंता करो।”
कूली में हीरोइन ऐसे बनीं श्रुति
व्लॉग के अंत में श्रुति ने ‘कूली’ फिल्म के बारे में बताया, जिसमें रजनीकांत मुख्य भूमिका में हैं। वे कहती हैं, “मुझे उम्मीद भी नहीं थी कि यह फिल्म मुझे मिलेगी। डायरेक्टर लोकेश मुझसे मिलने आए थे क्योंकि मैं उन्हें अपने म्यूज़िक वीडियो में कास्ट करना चाहती थी, लेकिन उन्होंने उल्टा मुझे ‘कूली’ ऑफर कर दी।” ‘कूली’ 14 अगस्त को रिलीज़ होगी। फिल्म में रजनीकांत, नागार्जुन, साउबिन शाहिर, उपेंद्र, श्रुति हासन, सत्यराज और आमिर खान नज़र आएंगे।

