Summary: "ALTT बैन पर एकता कपूर का स्पष्टीकरण: 2021 में ही तोड़ लिया था नाता"
पिछले कुछ वर्षों में ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर बढ़ते अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट को देखते हुए भारत सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने ऐसे 25 ऐप्स और वेबसाइट्स को बैन कर दिया है।
Ekta Kapoor ALTT Ban Statement: देश में बीते कुछ सालों में ओटीटी प्लेटफॉर्म्स का चलन जिस तेजी से बढ़ा है, उसी रफ्तार से इन पर विवादित और अश्लील कंटेंट की बाढ़ भी आ गई है। ऐसे में भारत सरकार ने अब बड़ा कदम उठाते हुए 25 ऐसे ऐप्स और वेबसाइट्स को बैन कर दिया है जो लगातार गंदा और आपत्तिजनक कंटेंट दिखा रहे थे। इसमें ALTT का नाम भी शामिल है, जो पहले ALT बालाजी के नाम से मशहूर था। एकता कपूर से जुड़ा हुआ था। अब इस पर बैन लगाए जाने के बाद उन्होंने अपनी बात लोगों के सामने रखी है।
सरकार ने ये फैसला इसलिए लिया क्योंकि खासकर छोटे बजट वाले कुछ डिजिटल ऐप्स ने खुलेआम बोल्ड और भद्दे वीडियो परोसने शुरू कर दिए, जो न केवल सामाजिक मर्यादाओं के खिलाफ थे, बल्कि युवाओं और किशोरों के मेन्टल हेल्थ के लिए भी हानिकारक माने जा रहे थे।
ALTT पर भी लगा ताला
इस कार्रवाई की सबसे चर्चित कड़ी रही ALTT ऐप, जिसे पहले ‘ALT Balaji’ के नाम से जाना जाता था। इस ऐप की स्थापना टीवी इंडस्ट्री की मशहूर प्रोड्यूसर एकता कपूर और उनकी मां शोभा कपूर ने की थी। लंबे समय से यह प्लेटफॉर्म बोल्ड वेब सीरीज़ के चलते सुर्खियों में रहा है। एकता कपूर की पहचान ‘टीवी की क्वीन’ के रूप में होती है, लेकिन उनके इस डिजिटल प्रोजेक्ट ने उन्हें विवादों में भी डाला।
एकता कपूर ने खुद को किया अलग
सरकार द्वारा ALTT पर बैन लगाए जाने के बाद एकता कपूर ने सोशल मीडिया पर अपना स्पष्टीकरण जारी किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक आधिकारिक स्टेटमेंट शेयर करते हुए लिखा कि अब ALTT से उनका कोई संबंध नहीं है। एकता के अनुसार, उन्होंने और उनकी मां शोभा कपूर ने जून 2021 में ही इस ऐप से नाता तोड़ लिया था।
पोस्ट में कहा गया, “मीडिया में चल रही खबरों के विपरीत, मिस एकता कपूर और मिसेज शोभा कपूर अब ALTT से किसी भी रूप में जुड़े नहीं हैं। इस प्लेटफॉर्म पर बैन को लेकर जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं, वे तथ्यहीन हैं और हम इनका कड़ा खंडन करते हैं।” एकता कपूर ने अपने पोस्ट के साथ कैप्शन में लिखा, “उन लोगों के लिए जो इस पर सवाल कर रहे हैं।”
पहले किया था कंटेंट का बचाव
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही एकता कपूर ने एक इंटरव्यू में ALTT पर मौजूद कंटेंट का बचाव किया था। उन्होंने यह भी कहा था कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रचनात्मक स्वतंत्रता जरूरी है। हालांकि अब उन्होंने खुद को इस पूरे विवाद से अलग कर लिया है।
ये 25 प्लेटफॉर्म्स हुए बैन
सरकार ने जिन 25 प्लेटफॉर्म्स को बैन किया है, उनमें केवल ALTT ही नहीं, बल्कि ULLU, Big Shots, NeonX VIP, Desiflix, Feneo, Wow Entertainment, Mojflix, Look Entertainment, MoodX जैसे नाम भी शामिल हैं। इन सभी पर आरोप था कि ये भारतीय कानूनों और डिजिटल नैतिकता का पालन नहीं कर रहे थे। इनमें से अधिकतर ऐप्स Google Play Store या Apple App Store पर नहीं थे, लेकिन थर्ड-पार्टी वेबसाइट्स और सोशल मीडिया के माध्यम से इनका प्रचार-प्रसार तेज़ी से हो रहा था।
मीडिया से की ये अपील
एकता कपूर की टीम ने मीडिया से अपील की है कि वे केवल प्रमाणिक और सत्य जानकारी को प्रकाशित करें और बिना पुष्टि के किसी पर आरोप न लगाएं। ALTT से उनका कोई वर्तमान जुड़ाव नहीं है, और अब इस प्लेटफॉर्म की गतिविधियों की जिम्मेदारी उनकी नहीं है।
