Summary: बॉलीवुड लेजेंड धर्मेंद्र का निधन, 89 साल में अलविदा; 'इक्कीस' का मोशन पोस्टर रिलीज़
हिंदी सिनेमा के ‘ही-मैन’ धर्मेंद्र 89 साल की उम्र में चल बसे। उनके निधन के दिन ही उनकी आने वाली फिल्म ‘इक्कीस’ का मोशन पोस्टर रिलीज़ हुआ, जो उनके करिश्माई अंदाज और विरासत को याद दिलाता है।
Dharmendra Death News: बॉलीवुड के लेजेंड और सिनेमा के ‘ही-मैन’, जिन्हें इंडस्ट्री का सबसे हैंडसम एक्टर माना जाता है, धर्मेंद्र अब हमारे बीच नहीं रहे। 89 साल की उम्र में 24 नवंबर को उन्होंने अंतिम सांस ली। दशकों तक स्क्रीन पर अपने करिश्माई अंदाज और स्टाइल से दर्शकों का दिल जीतने वाले धर्मेंद्र का जाना न केवल देओल परिवार बल्कि पूरी इंडस्ट्री और उनके फैंस के लिए अपूरणीय क्षति है। लंबे समय से धर्मेंद्र की तबीयत नाजुक थी। उन्हें 12 नवंबर को परिवार की सलाह पर मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया था। इसके बाद उनका इलाज घर पर ही चल रहा था।
करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर दी श्रद्धांजली

करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘एक युग का अंत हो गया… एक विशाल मेगा स्टार… मुख्यधारा की सिनेमा में एक हीरो का सच्चा प्रतीक… बेहद हैंडसम और सबसे रहस्यमय स्क्रीन प्रेजेंस वाले… वे हैं और हमेशा भारतीय सिनेमा के असली लेजेंड रहेंगे… सिनेमा के इतिहास के पन्नों में उनकी उपस्थिति अमिट और परिभाषित है… लेकिन सबसे बड़ी बात यह है कि वे सबसे अच्छे इंसान थे… हमारी इंडस्ट्री में हर किसी से उन्हें बेहद प्यार मिला।
करण जौहर ने पोस्ट में यह भी कहा, ”वे हमेशा सभी के लिए अपार प्रेम और सकारात्मकता लाते थे… उनका आशीर्वाद, उनका आलिंगन और उनकी अद्भुत गर्मजोशी शब्दों से परे याद आएगी… आज हमारी इंडस्ट्री में एक खालीपन है… एक जगह जिसे कोई भी नहीं भर सकता… हमेशा सिर्फ एक ही होंगे—DHARAMJI… हम आपको प्यार करते हैं, आदरणीय सर… हमें आपकी बहुत याद आएगी… स्वर्ग आज धन्य है… मेरे लिए यह हमेशा सौभाग्य रहेगा कि मैंने आपके साथ काम किया… और मेरा दिल कहता है—सम्मान, श्रद्धा और प्रेम के साथ… “अभी ना जाओ छोड़के… के दिल अभी भरा नहीं…” ॐ शांति।”
अक्षय कुमार, अजय देवगन ने जताया दुख
एक्टर अक्षय कुमार ने ट्वीट किया, ‘बचपन से ही धर्मेंद्र जी वो हीरो थे, जैसा हर लड़का बनना चाहता था… हमारी इंडस्ट्री के असली ही-मैन। आपने पीढ़ियों को प्रेरित किया, इसके लिए दिल से धन्यवाद।
आप हमेशा अपनी फिल्मों और अपने बांटे हुए प्यार में ज़िंदा रहेंगे। ॐ शांति’
Growing up, Dharmendra ji was the hero every boy wanted to be…our industry’s original He-Man.
— Akshay Kumar (@akshaykumar) November 24, 2025
Thank you for inspiring generations.
You’ll live on through your films and the love you spread. Om Shanti 🙏 pic.twitter.com/Vj6OzV20Xz
वहीं अजय देवगन ने कहा है कि एक लेजेंड नहीं बल्कि रूह का एक हिस्सा खो दिया है। उन्होंने लिखा, ‘धर्म जी की खबर सुनकर दिल टूट गया। उनकी गर्मजोशी, सादगी और मौजूदगी ने पीढ़ियों को प्रेरित किया। इंडस्ट्री ने एक लेजेंड खो दिया… और हमने सिनेमा की आत्मा गढ़ने वाले इंसान को।’
Heartbroken to hear about Dharam ji. His warmth, generosity and presence inspired generations of artists.
— Ajay Devgn (@ajaydevgn) November 24, 2025
The industry has lost a legend… and we’ve lost someone who shaped the very soul of our cinema.
Rest in peace, Dharam ji.
Om Shanti 🙏🏻
करीना कपूर खान ने धर्मेंद्र और राज कपूर की एक पुरानी यादगार फोटो शेयर की और कैप्शन में लिखा, “Forever in power.”

इक्कीस के मोशन पोस्टर में धर्मेंद्र
हिंदी सिनेमा के लेजेंड धर्मेंद्र का निधन, इंडस्ट्री के लिए एक युग के अंत जैसा है। इस दुख को और भी गहरा बना देता है कि सोमवार को ही उनकी आने वाली फिल्म ‘इक्कीस’ का मोशन पोस्टर जारी हुआ। धर्मेंद्र की यह फिल्म अब उनके काम और विरासत का प्रतीक बन गई है, जिसे फैंस लंबे समय तक याद रखेंगे। पोस्टर में उन्हें सेकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल के पिता की भूमिका में दिखाया गया है। अरुण खेत्रपाल, जो 1971 के युद्ध में शहीद हुए थे, का किरदार इस फिल्म में अगस्त्य नंदा निभा रहे हैं।
फिल्म के मेकर्स ने पोस्टर जारी करते हुए लिखा, “पिता बेटों का पालन-पोषण करते हैं। महापुरुष राष्ट्र का निर्माण करते हैं। धर्मेंद्र जी, 21 वर्षीय अमर सैनिक के पिता के रूप में एक भावनात्मक ताकत हैं। एक कालजयी दिग्गज हमें दूसरे की कहानी सुनाते हैं।” मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा करते हुए फिल्म की रिलीज डेट भी घोषित की है—25 दिसंबर 2025।
पोस्टर में धुएँ और युद्ध के माहौल से भरी पृष्ठभूमि के बीच धर्मेंद्र का चेहरा क्लोज़-अप में उभरता है। उनका भावपूर्ण चेहरा किसी गहरे दुख, बीते समय की यादों और अधूरी जंग की सिहरन को दर्शाता है। पीछे दिखते टैंक और धुंध युद्ध की भयावहता का संकेत देते हैं।
२५ दिसंबर को होगी रिलीज़
फिल्म का निर्देशन किया है श्रीराम राघवन ने, जो थ्रिलर और भावनात्मक नैरेटिव्स के लिए जाने जाते हैं। फिल्म का निर्माण मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले दिनेश विजान ने किया है। पटकथा श्रीराम राघवन, अरिजित बिस्वास और पूजा लाढ़ा सूर्ति ने मिलकर लिखी है, जो कहानी को गहराई और वास्तविकता प्रदान करती है। कास्ट में जयदीप अहलावत और सिकंदर खेर जैसे नाम भी शामिल हैं, जो फिल्म में और वजन जोड़ते हैं। 25 दिसंबर 2025 को रिलीज़ होने वाली इक्कीस दर्शकों को एक ऐसी कहानी दिखाएगी जो साहस, आध्यात्मिकता, परिवारिक रिश्तों और देशभक्ति के भावों को एक साथ पिरोती है।
