Bollywood On-Screen Couple: किसी भी फिल्म को सफल बनाने के लिए सिर्फ अच्छी कहानी लिखना ही काफी नहीं होता है, बल्कि आप उसे परदे पर किस तरह से सफलतापूर्वक दिखा पाते हैं, यह भी उतना ही अहम है। इसके लिए सबसे जरूरी है कि सही किरदारों का चयन किया जाए। कई बार मेकर्स नए चेहरों को अपनी फिल्म में कास्ट करते हैं तो कभी फैन्स की फेवरिट ऑनस्क्रीन जोड़ी को ही कास्ट किया जाता है। जी हां, ऐसे कई सेलेब्स है, जो जब भी स्क्रीन पर एक साथ नजर आए, तो उनकी अपीयरेंस ने एक अलग ही जादू बिखेरा। लोग आज भी उनकी फिल्मों को देखना काफी पसंद करते हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको बॉलीवुड की ऐसी ही कुछ ऑनस्क्रीन जोड़ियों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें दर्शकों ने हमेशा बेहद प्यार दिया-
राज कपूर और नरगिस
जब बॉलीवुड के फेवरिट ऑन स्क्रीन कपल की बात की जाती है तो उसमें सबसे पहले राज कपूर और नरगिस का नाम लिया जाता है। इन्हें बॉलीवुड का गोल्डन कपल कहा जाता है, जिन्हें हमेशा ही दर्शकों का ढेर सारा प्यार मिला। श्री 420 के लोकप्रिय गीत ‘प्यार हुआ इकरार हुआ’ को कौन भूल सकता है, जिसमें इस कपल ने छाता लेकर बारिश में यह सीन किया था। वैसे राज कपूर और नरगिस सिर्फ ऑन-स्क्रीन ही नहीं, बल्कि ऑफ स्क्रीन भी एक-दूसरे से प्यार करने लगे थे। यहां तक कि नरगिस राज कपूर की दूसरी पत्नी तक बनने को तैयार थी। उस दौर में भी नरगिस ने राज कपूर की फिल्म को हिट करवाने के लिए बिकनी पहनी थी।
राजेश खन्ना और शर्मिला टैगोर
1960 के दशक के अंत और 1970 के दशक में, राजेश खन्ना और शर्मिला टैगोर की ऑनस्क्रीन जोड़ी ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। राजेश खन्ना को लोग काका कहते थे और वे बॉलीवुड के पहले ऐसे सुपरस्टार थे, जिनके दुनिया भर में लाखों दीवाने थे। वहीं दूसरी बार, शर्मिला अपने जमाने की सबसे ग्लैमरस लड़की थीं। ये दोनों पहली बार सुपरहिट फिल्म आराधना में आए। साल 1969 में रिलीज हुई इस फिल्म से उन दोनों की जोड़ी को रातों-रात बहुत अधिक पॉपुलैरिटी मिली। उसके बाद दोनों अमर प्रेम और दाग जैसी कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों में नजर आए थे।
धर्मेंद्र और हेमा मालिनी
धर्मेंद्र और हेमा मालिनी दोनों ऐसे स्टार हैं, जिन्हें हमेशा ही दर्शकों का प्यार मिला। इन दोनों को साथ काम करते हुए एक-दूसरे से प्यार हो गया और फिर ये दोनों शादी के बंधन में बंध गए। धर्मेंद्र और हेमा मालिनी बी-टाउन के एकमात्र ऑनस्क्रीन कपल हैं, जिन्होंने रिकॉर्ड 34 फिल्मों में साथ काम किया है। इन दोनों का ये पॉपुलर सफर साल 1970 में शराफत से शुरू हुआ था। इसके बाद इन्होंने सीता और गीता, शोले, प्रतिज्ञा, ड्रीम गर्ल और राजा जानी जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में साथ काम किया।
अमिताभ बच्चन और रेखा
अमिताभ बच्चन और रेखा ने भले ही एक साथ बहुत अधिक फिल्में ना की हों, लेकिन फिर भी इस ऑन-स्क्रीन जोड़ी को लोग बहुत पसंद करते हैं। उनकी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री के साथ-साथ उनके ऑफ-स्क्रीन प्यार के चर्चे भी चारों ओर थे। हालांकि, दोनों ने अपनी ऑफ-स्क्रीन नजदीकियों के बारे में कभी भी सार्वजनिक रूप से स्वीकार नहीं किया, लेकिन फिर भी इनके आपसी किस्से काफी चर्चा में थे। यहां तक कि इसके कारण अमिताभ बच्चन की शादी भी खतरे में पड़ गई थी। जिसके बाद बिग बी ने रेखा के साथ काम ना करने का फैसला किया था। सिलसिला, दो अंजाने, मिस्टर नटवरलाल, सुहाग और कसम वादे इन दोनों की कुछ हिट फिल्मों में से एक थीं।
अनिल कपूर और श्रीदेवी
श्रीदेवी ने अनिल कपूर के बड़े भाई बोनी कपूर से शादी की थी। लेकिन ऑनस्क्रीन अनिल कपूर और श्रीदेवी 1990 के दशक की सबसे अधिक पॉपुलर ऑन-स्क्रीन जोड़ियों में से एक है। हालांकि उस समय अनिल कपूर के साथ माधुरी दीक्षित की जोड़ी को भी लोग बेहद पसंद करते थे। अनिल कपूर ने श्रीदेवी के साथ कई हिट फिल्में जैसे मिस्टर इंडिया, लम्हे, जुदाई, रूप की रानी चोरों का राजा और लाडला आदि की थीं। यहां तक कि उस समय के कुछ प्रमुख समाचार पत्रों ने प्रकाशित किया था कि ये दोनों एक-दूसरे के प्यार में थे लेकिन दोनों ने इन खबरों को खारिज कर दिया था।
शाहरुख खान और काजोल
शाहरुख खान और काजोल जब भी एक साथ परदे पर नजर आए हैं, इसने एक अलग ही कमाल किया। यहां तक कि शाहरुख खान और काजोल को बॉलीवुड की सबसे आइकॉनिक जोड़ी कहा जाता है। इन दोनों ने साथ में जितनी भी फिल्में की हैं, लगभग सभी सुपरहिट रही हैं और इस जोड़ी ने सभी के दिल में खास जगह बनाई है। इन दोनों ने सबसे पहले साल 1993 में फिल्म बाजीगर साथ की थी। यह फिल्म बहुत अधिक पसंद की गई थी। इसके बाद वह आदित्य चोपड़ा की रोमांटिक प्रेम कहानी दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे में नजर आए थे। यह हिंदी सिनेमा की अब तक की सर्वश्रेष्ठ फिल्मों में से एक है और एक ही थिएटर में 1000 सप्ताह पूरे कर चुकी है और अब तक की सबसे लंबी चलने वाली फिल्म बन गई है। इस ब्लॉकबस्टर फिल्म के बाद, शाहरुख और काजोल को करण अर्जुन, कुछ कुछ होता है, कभी खुशी कभी गम, माई नेम इज खान और दिलवाले जैसी कई बेहतरीन फिल्मों में देखा गया।
आमिर खान और जूही चावला
आमिर खान और जूही चावला ने मंसूर खान की रोमांटिक-ड्रामा क़यामत से क़यामत तक (1988) के साथ बॉलीवुड में अपनी एंट्री की। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही और इस तरह फिल्म इंडस्ट्री को एक और प्यारी ऑन-स्क्रीन जोड़ी मिल गई। इसके बाद इन दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया, जिसमें तुम मेरे हो, हम हैं राही प्यार के और इश्क आदि कई फिल्में शामिल थीं। ये सभी फिल्में काफी हिट रहीं और लोगों ने इस फ्रेश लुक वाली जोड़ी को खूब प्यार दिया।
अक्षय कुमार और रवीना टंडन
अक्षय कुमार और रवीना टंडन कभी एक-दूसरे के प्यार में थे और इन्हें बॉलीवुड की सबसे प्यारी ऑन-स्क्रीन जोड़ी है। इनका अफेयर हमेशा चर्चा में रहा और रवीना अपने रिलेशन को लेकर बेहद ही सीरियस थी। जब इनका ब्रेकअप हुआ था तो रवीना ने काफी कुछ कहा था। कहा जाता है कि ब्रेकअप के बाद डिप्रेशन से बाहर आने के लिए वह कुछ दिनों तक रिहैब सेंटर में भी रही थीं। उनके प्यार का असर बड़े पर्दे पर भी साफतौर पर दिखाई देता था। उन दोनों ने मोहरा, कीमत, खिलाड़ियों का खिलाड़ी जैसी कई फिल्मों में साथ काम किया और काफी अच्छा बिजनेस भी किया।
गोविंदा और करिश्मा कपूर
गोविंदा और करिश्मा कपूर की जोड़ी एक समय में सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली जोड़ी थी। इस जोड़ी की लोकप्रियता से अंदाजा लगाया जा सकता है कि हर फिल्म निर्माता इन दोनों को अपनी फिल्मों में लेना चाहता है। इन दोनों ने साजन चले ससुराल, राजा बाबू, दुलारा, कुली नंबर-1, हीरो नंबर-1, हसीना मान जाएगी जैसी कई फिल्मों में काम किया। इनकी लगभग सभी फिल्मों ने काफी अच्छा बिजनेस किया था। इनकी जोड़ी की खास बात यह थी कि इनकी ज्यादातर कॉमेडी फिल्में थीं और दोनों एक साथ स्क्रीन पर जबरदस्त लगते थे।
सलमान खान-करिश्मा कपूर
करिश्मा कपूर एक बेहद ही वर्सेटाइल अदाकारा रही हैं और उनकी ऑन-स्क्रीन अपीयरेंस हमेशा ही दर्शकों को पसंद आती रही। गोविंदा के अलावा सलमान खान के साथ भी करिश्मा कपूर की जोड़ी को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था। इन्होंने बीवी नंबर-1, जीत, दुल्हन हम ले जाएंगे, जुड़वा, चल मेरे भाई, आदि में साथ काम किया। इनकी सभी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर रहीं।
रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण
रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण एक समय में सबसे अधिक पसंद किए जाने वाले ऑन-स्क्रीन और ऑफ-स्क्रीन कपल थे। इन दोनों ने एक ही वर्ष 2007 में दो अलग-अलग फिल्मों के साथ बॉलीवुड में अपनी शुरुआत की थी। इसके बाद, जब वे मल्टीस्टारर रोमांटिक-ड्रामा बचना ऐ हसीनों में नजर आए तो दर्शकों ने इनकी जोड़ी को काफी पसंद किया। साल 2013 में निर्देशक अयान मुखर्जी ने ये जवानी है दीवानी में जब वे वापिस नजर आए तो इनका वही चार्म नजर आया। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर रही। ब्रेकअप का असर इन दोनों ने अपनी प्रोफेशनल लाइफ पर पड़ने नहीं दिया और फिल्म में बेहतरीन अभिनय से एक बार फिर फैन्स का दिल लूट लिया।
आलिया भट्ट और वरुण धवन
आलिया भट्ट और वरुण धवन दोनों ने अपने फिल्मी करियर की शुरूआत 2012 में फिल्म ‘स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर’ से की थी। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा भी मेन लीड में थे। इसके बाद इन दोनों ने हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया और बद्रीनाथ की दुल्हनिया में स्क्रीन शेयर की। इन्हें एक साथ देखने के लिए हमेशा ही फैन्स बेताब रहते हैं। हालांकि, ये दोनों हमेशा अच्छे दोस्त ही रहे, लेकिन स्क्रीन पर इनकी केमिस्ट्री बस देखते ही बनती थी। लंबे समय में इन दोनों ने एक साथ कोई प्रोजेक्ट नहीं किया है।
