Summary: क्या सच में बिग बॉस 19 फ़ेम तान्या मित्तल का घर हैं बिल्कुल स्वर्ग जैसा?
बिग बॉस 19 में इन्फ्लुएंसर तान्या मित्तल अपने आलीशान बयानों और लग्ज़री लाइफस्टाइल की वजह से सुर्खियों में हैं। उन्होंने अपने घर को 7-स्टार होटल से भी ज़्यादा खूबसूरत बताया और खुलासा किया कि सिर्फ कपड़ों के लिए उनके पास 2500 स्क्वायर फीट का फ्लोर है।
Tanya Mittal House: रियलिटी शो बिग बॉस हर सीजन में अपने अलग-अलग किरदारों और चर्चाओं की वजह से सुर्खियों में रहता है। इस बार बिग बॉस 19 में दर्शकों का ध्यान सबसे ज्यादा खींचने वाली सेलिब्रिटी हैं इन्फ्लुएंसर और एंटरप्रेन्योर तान्या मित्तल। लग्जरियस लाइफस्टाइल और अपने बेबाक बयानों से उन्होंने शो में एंट्री के पहले दिन से ही सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। अब तान्या ने अपने घर को 5 स्टार और 7 स्टार होटल से भी ज्यादा खूबसूरत होने का बयान दिया है, जिसके बाद से लोग उनके घर को देखने की डिमांड कर रहे हैं।
स्वर्ग जैसा और 7 स्टार होटल से ज्यादा सुंदर घर
हाल ही के एक एपिसोड में तान्या मित्तल ने अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल का ऐसा बखान किया कि दर्शकों की आंखें फटी की फटी रह गईं। भोजपुरी एक्ट्रेस नीलम गिरी के साथ बातचीत के दौरान तान्या ने बताया कि उनका घर इतना शानदार है कि 5 स्टार या 7 स्टार होटल भी उसके सामने फीके पड़ जाएंगे। तान्या के अनुसार, उनका घर धरती पर बने “स्वर्ग” जैसा है। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि उनके पास सिर्फ कपड़ों के लिए 2500 स्क्वायर फीट का पूरा फ्लोर है। इतना ही नहीं हर मंजिल पर पांच नौकर मौजूद रहते हैं और उनके पास सात ड्राइवर भी हैं। इस खुलासे का वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल होते ही लोगों के बीच चर्चा का बड़ा मुद्दा बन गया।
सोशल मीडिया पर लोगों का रीएक्शन
इस वीडियो के सामने आते ही इंटरनेट पर मजेदार कमेंट्स की झड़ी लग गई। एक ने कहा, “मुझे तो इसका घर देखना है।” तो किसी ने डोरेमोन के मशहूर किरदार सुनियो का नाम लेते हुए लिखा, “सुनियो भी इसके सामने फेल है।” कई यूजर्स ने ‘तान्या मित्तल होम टूर’ की मांग कर डाली, वहीं कुछ ने सवाल उठाया कि अगर उनके पास इतनी शानो शौकत है, तो उन्हें बिग बॉस जैसे शो में आने की जरूरत क्यों पड़ी। किसी ने मजाक में लिखा, “क्या यह मॉल में रहती हैं?”
तान्या मित्तल पहले भी दे चुकी हैं बयान
यह पहली बार नहीं है जब तान्या मित्तल ने अपनी लग्जरियस लाइफस्टाइल को लेकर चर्चा में आई हैं। शो में आने से पहले ही उन्होंने बताया था कि वह बिग बॉस के घर में 800 साड़ियां लेकर जा रही हैं। तान्या ने कहा था कि वह अपनी लग्जरी चीजें पीछे नहीं छोड़ सकतीं। उन्होंने यह तय किया है कि वह बिग बॉस के घर में दिनभर में तीन बार साड़ी बदलेंगी।
ग्लैमर, लग्जरी और मनोरंजन
तान्या मित्तल के बयानों से एक बात तो साफ हो जाती है कि बिग बॉस 19 सिर्फ राजनीति, झगड़ों या रिश्तों का मंच नहीं है, बल्कि यह उन चेहरों को भी सामने लाता है जिनकी जिंदगी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। तान्या जहां खुद को ‘लग्जरी क्वीन’ की तरह पेश कर रही हैं, वहीं उनकी मौजूदगी शो को और भी ग्लैमरस बना रही है।
दर्शकों की उत्सुकता
दर्शक अब बेसब्री से यह देखना चाहते हैं कि तान्या का यह आलीशान अंदाज और बड़प्पन आगे चलकर शो में किस तरह का माहौल बनाएगा। क्या उनकी यह लाइफस्टाइल उन्हें शो में लंबा सफर तय करने में मदद करेगी, या यह सिर्फ सोशल मीडिया की सुर्खियों तक सीमित रह जाएगी?
