Summary: 2025 में बॉलीवुड के विवाद में आगे रहे दीपिका-रणवीर, पलाश-स्मृति और पाकिस्तानी आटिस्ट
साल 2025 बॉलीवुड के लिए चौंकाने वाली घटनाओं से भरा रहा। सैफ अली खान के घर में घुसपैठ, पलाश मुच्छल और स्मृति मंधाना की शादी का टूटना, पाकिस्तानी कलाकारों पर फिर से लगी रोक, दीपिका पादुकोण का काम के दबाव से पीछे हटना, और रणवीर सिंह सहित कई स्टार्स का विवादों में घिरना।
Year Ender 2025: साल 2025 बॉलीवुड के लिए किसी रोलर कोस्टर राइड से कम नहीं रहा। कभी किसी एक्टर की निजी जिंदगी चर्चा में पूरे साल बनी रही तो कभी इंडस्ट्री के कामकाज के घंटे पर सवाल उठे। कहीं सुरक्षा को लेकर चिंता दिखी, तो कहीं रिश्तों की डोर अचानक टूटती नजर आई। आइए जानते हैं कि 2025 बॉलीवुड के लिए कैसा रहा और किस तरह के विवादों से घिरा रहा।
सैफ अली खान के घर में चोरी और हमला
बॉलीवुड में सबसे चौंकाने वाली खबर तब आई, जब सैफ अली खान के मुंबई स्थित घर में एक चोर के घुसने की बात सामने आई। यह बताया गया कि वह व्यक्ति सीधे छोटे बेटे जेह के कमरे तक पहुंच गया था। एक पिता के तौर पर सैफ ने हिम्मत दिखाते हुए उसका सामना किया, लेकिन इस चक्कर में उन्हें चोटआ गई। सुबह- सुबह उन्हें अस्पताल जाना पड़ा।
पलाश मुच्छल और स्मृति मंधाना की शादी
म्यूजिशियन पलाश मुच्छल और क्रिकेट स्टार स्मृति मंधाना की शादी 23 नवंबर को होनी थी, लेकिन शादी से कुछ घंटे पहले ही इसे टाल दिया गया। सोशल मीडिया पर अटकलें और आरोप जमकर चले। शुरुआत में कहा गया कि स्मृति के पापा की तबीयत खराब होने की वजह से उन्हें अस्पताल में दाखिल करवाना पड़ा। बाद में यह खबर भी आई कि पलाश भी अस्पताल में भर्ती हैं। कुछ दिनों की अटकलों के बाद स्मृति ने ऑफिशियल तरीके से शादी को कैंसिल करने का एलान किया।
पाकिस्तानी आर्टिस्ट हुए बैन
पहलगाम हमले के बाद भारत में पाकिस्तानी आर्टिस्ट पर दोबारा रोक लगा दी गई। इसका सीधा असर कई प्रोजेक्ट्स पर पड़ा। फवाद खान की फिल्म भारतीय थिएटर में नहीं रिलीज हो पाई, वहीं दिलजीत दोसांझ की “सरदार 3” भी मुश्किलों में घिर गई, क्योंकि इसमें पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर भी थीं। दर्शकों के मिले जुले रीएक्शन्स और विरोध ने इंडियन इंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को एक बार फिर वही पुरानी बहसों की तरफ धकेल दिया।
दीपिका पादुकोण और ‘वर्क लाइफ बैलेंस’ पर बहस
2025 में दीपिका पादुकोण का “कल्कि 2898 एडी” और “स्पिरिट” जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स से हटना भी खूब चर्चा में रहा। कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि वह फिक्स घंटेऔर कम्फर्टेबल शेड्यूल चाहती हैं। उनके इस कदम ने इंडस्ट्री में काम के फिक्स घंटों जैसे मुद्दों पर नए सिरे से बातचीत छेड़ दी।
“हेरा फेरी 3” में परेश रावल की वापसी
जब परेश रावल ने घोषणा की कि वह “हेरा फेरी 3” का हिस्सा नहीं होंगे, तो यह उनके और फिल्म के फैंस के लिए बड़ा झटका था। फिर मीडिया में बयानबाजी शुरू हुई। कहा गया कि अक्षय कुमार ने कानूनी कदम भी उठाए, जिसके बाद परेश रावल ने वापसी का निर्णय लिया। इसके बाद विवाद भले खत्म हो गया, लेकिन सोशल मीडिया पर इसने खूब हलचल मचाई।
“बैड्स ऑफ बॉलीवुड” वर्सेज समीर वानखेड़े
नेटफ्लिक्स की सीरीज “बैड्स ऑफ बॉलीवुड” को शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान ने निर्देशित किया था, जो रिलीज होते ही विवादों में घिर गई। एनसीबी ऑफिसर समीर वानखेड़े ने दावा किया कि एक किरदार उनकी इमेज को निगेटिव तरीके से पेश करता है। उन्होंने मेकर्स पर मानहानि का मुकदमा दायर किया और मामला कानूनी बहस तक पहुंच गया।
रणवीर सिंह की माफी

रणवीर सिंह भी इस साल विवाद से नहीं बचे। कांतारा की पवित्र दैव परफॉर्मेंस को उन्होंने एक वीडियो में रीक्रिएट किया, जिसे कई लोगों ने असम्मानजनक बताया। आलोचना बढ़ने पर उन्होंने तुरंत माफी मांग ली और कहा कि वह सिर्फ एक्टर की परफॉर्मेंस की तारीफ कर रहे थे।
