Summary: बिग बी की आवाज के साथ रिलीज हुआ ‘120 बहादुर’ का ट्रेलर, मेजर शैतान सिंह भाटी के रोल में फरहान अख्तर
फरहान अख्तर की आने वाली फिल्म ‘120 बहादुर’ का ट्रेलर रिलीज़ होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। ट्रेलर की शुरुआत अमिताभ बच्चन की दमदार आवाज से होती है, जो फिल्म के माहौल को भावनात्मक बना देती है।
फरहान अख्तर की फिल्म ‘120 बहादुर’ के ट्रेलर का इंतजार सबको था, जो रिलीज हो चुका है। इस ट्रेलर ने सोशल मीडिया पर आते ही दर्शकों के दिलों को छू लिया है। इस ट्रेलर की खास बात अमिताभ बच्चन की गूंजती हुई आवाज से होती है, जो फिल्म के टोन को सेट कर देती है। यह ट्रेलर एक ऐसी कहानी की झलक देती है, जो सिर्फ युद्ध की नहीं बल्कि जज्बा, त्याग और देशप्रेम की गाथा है।
‘120 बहादुर’ के ट्रेलर में अमिताभ बच्चन की आवाज
‘120 बहादुर’ के ट्रेलर की शुरुआत ही अमिताभ बच्चन की शानदार और गहरी आवाज से होती है, जो अपने आपमें किसी जादू से कम नहीं है। अमिताभ बच्चन की आवाज गूंजते हुए कहती है, “कभी वो दिन थे जब भारत ने चीन को सिर्फ अपना पड़ोसी नहीं, अपना भाई माना था। लेकिन 1962 को पता चला कि यह भाईचारे की भावना दोनों तरफ नहीं थी। यह हमला एक विश्वासघात था।” इसके बाद से ही फिल्म के दृश्य शुरू होते हैं।
क्या है ट्रेलर की खासियत?
पहले ही दृश्य से दर्शक उस भावनात्मक लहर में डूब जाते हैं, जिसमें विजुअल्स, म्यूजिक और इमोशन्स एक साथ मिलकर कभी न भूलने वाला अनुभव रचते हैं। बैकग्राउन्ड म्यूजिक बिजली की तरह गूंजता है, तो कहीं मौन पलों में सैनिकों की आंखों में झलकता गर्व और डर दोनों दिखता है। निर्देशक रजनीश ‘रेजी’ घोष ने हर फ्रेम को सजीव बनाया है, मानो दर्शक खुद रेज़ांग ला की उस ठंडी घाटी में खड़े हों, जहां इतिहास लिखा गया था।
ट्रेलर के साथ क्या लिखा है कैप्शन में?
इस फिल्म के ट्रेलर के साथ कैप्शन में लिखा है, “एक सच्ची कहानी पर आधारित, जिसने हमारे देश के इतिहास को आकार दिया, 120 बहादुर – ट्रेलर अभी रिलीज हुआ है। @amitbhbachchan सर को विशेष धन्यवाद। एक सच्ची पर आधारित कहानी, जिसने हमारे देश का इतिहास बदल दिया। ट्रेलर अब देखिए।
किस पर आधारित है ‘120 बहादुर’?
यह फिल्म 1962 के भारत-चीन युद्ध के महान अध्याय रेज़ांग ला की लड़ाई पर आधारित है, जहां भारतीय सेना की चार्ली कंपनी के 120 वीर जवानों ने लगभग 3000 दुश्मन सैनिकों से टक्कर ली थी। गोलियां खत्म हो गईं, मौसम सही नहीं था, लेकिन इन सैनिकों का हौसला नहीं टूटा। यह सिर्फ एक युद्ध नहीं था, बल्कि एक ऐसा अध्याय था जिसने पूरी दुनिया को भारतीय सेना की बहादुरी से परिचित कराया। ट्रेलर में इन वीरों की झलक देखते ही रोंगटे खड़े हो जाते हैं।
‘120 बहादुर’ फिल्म के एक्टर्स
इस फिल्म में फरहान अख्तर मुख्य भूमिका में हैं, जो मेजर शैतान सिंह भाटी का किरदार निभा रहे हैं। उनकी आंखों में जो दृढ़ता और नेतृत्व की चमक दिखती है, वह दर्शकों को बांध लेती है। फरहान का यह रूप पहले से कहीं ज्यादा शानदार दिखाई देता है। उनके साथ फिल्म में राशि खन्ना, विवान भटेना, धनवीर सिंह, एजाज़ खान, अजिंक्य देव, देवेन्द्र अहिरवार, दिग्विजय प्रताप जैसे एक्टर्स हैं। फिल्म का निर्माण रितेश सिधवानी, फरहान अख्तर (Excel Entertainment) और अमित चंद्रा (Trigger Happy Studios) ने किया है। यह फिल्म 21 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
