Uses of Cold Cream: कोल्ड क्रीम का नाम सुनते ही दिमाग में सबसे पहले आता है ठंड के मौसम में लगाई जाने वाली क्रीम। जी हां, ठंड में अपनी रूखी व बेजान स्किन का ख्याल रखने के लिए हम कोल्ड क्रीम का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन अब सर्दियां खत्म हो चुकी हैं, पर अगर फिर भी आपकी मेकअप वैनिटी में कोल्ड क्रीम है तो शायद ही आपने उसे हाथ लगाया हो। मौसम बदलने के बाद हमारे प्रोडक्ट्स भी बदल जाते हैं। ऐसे में वह प्रोडक्ट्स जल्द ही एक्सपायरी होकर खराब हो जाते हैं और हमें उन्हें यूं ही फेंकना पड़ता है। कुछ ऐसा ही कोल्ड क्रीम के साथ भी होता है।
गर्मी के दिनों में हम कोल्ड क्रीम का इस्तेमाल करने से बचते हैं। यकीनन कोल्ड क्रीम में हैवी ऑयल्स का इस्तेमाल किया जाता है और इसलिए इसे पूरा दिन स्किन पर लगाना शायद अच्छा विचार ना हो। लेकिन फिर भी ऐसे कई तरीके होते हैं, जिनकी मदद से आप बदलते मौसम में भी कोल्ड क्रीम को आसानी से इस्तेमाल कर सकती हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको कोल्ड क्रीम को इस्तेमाल करने के आसान तरीकों के बारे में बता रहे हैं-
एक्ने का करें इलाज

अगर आपकी स्किन पर एक्ने हैं तो आप उनकी छुट्टी करने के लिए कोल्ड क्रीम की मदद ले सकती हैं। इसके लिए आप अपनी उंगली की मदद से थोड़ी सी कोल्ड क्रीम लें। ठोड़ी से शुरू करते हुए इसे ऊपर की ओर सर्कुलर मोशन में अपने चेहरे पर मालिश करें। आप इस क्रीम को एक या दो मिनट के लिए ऐसे ही लगा रहने दें। फिर एक नम टिश्यू लें और उससे अपनी स्किन को साफ करें।
फेस मास्क की तरह करें इस्तेमाल
धूप, प्रदूषण और हार्ड वाटर, ये सभी हमारी त्वचा को नुकसान पहुंचा सकते हैं। गर्मी के दिनों में जब तापमान बढ़ जाता है, तो सिर्फ मॉइश्चराइजर की मदद से स्किन का ख्याल रख पाना संभव नहीं होता है। ऐसे में आपकी स्किन को अतिरिक्त पोषण व मॉइश्चर प्रदान करने के लिए आप कोल्ड क्रीम को बतौर फेस मास्क भी अप्लाई कर सकती हैं। इसके लिए आप रात में पहले अपनी स्किन को क्लीन करें। इसके बाद आप कोल्ड क्रीम की एक मोटी लेयर अपनी स्किन पर लगाएं और करीबन दस मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें। इसके बाद, आप कॉटन पैड की मदद से अपने फेस को क्लीन करें। आप देखेंगी कि आपकी त्वचा बेहद कोमल और चमकदार नजर आ रही है।
आई मेकअप करें रिमूव
जब बात मेकअप रिमूव करने की आती है तो हमें सबसे ज्यादा परेशानी अपने आई मेकअप को रिमूव करने में ही होती है। ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि आई मेकअप के दौरान हम कई सारे प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करती हैं, जिन्हें निकालना काफी कठिन होता है। इतना ही नहीं, अगर आई मेकअप को हार्श तरीके से रिमूव किया जाए तो इससे आंखों में जलन हो सकती है। हालांकि, अगर आपके पास कोल्ड क्रीम है तो आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। कोल्ड क्रीम में ऑयल्स को शामिल किया जाता है, जिसके कारण आई मेकअप रिमूव करना आसान हो जाता है। इसके लिए आप पहले जरूरत के अनुसार कोल्ड क्रीम लें और आंखों के चारों ओर धीरे-धीरे मालिश करें। अब एक कॉटन बॉल लें और इसे पोंछ लें। अंत में, आप आंखों पर ठंडे पानी के छींटे मारें।
लिप बाम की तरह करें इस्तेमाल
कोल्ड क्रीम का एक फायदा यह भी है कि इसे बतौर लिप बाम भी बेहद आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए आप कोल्ड क्रीम को अपने लिप्स पर लगाकर हल्की मसाज करें और फिर इसे ऐसे ही छोड़ दें। अब आपको अपने लिप्स के लिए अलग से लिप बाम खरीदने के लिए पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है। इस तरह कोल्ड क्रीम को आप बतौर लिप बाम पूरे साल इस्तेमाल कर सकती हैं।
सनबर्न सूथर के रूप में आएगी काम
गर्मी के मौसम में सनबर्न की समस्या होना बेहद ही आम है। सनबर्न के कारण ना केवल स्किन में रेडनेस नजर आती है, बल्कि बहुत अधिक जलन का अहसास भी होता है। इस स्थिति में हमें समझ नहीं आता है कि क्या किया जाए। हालांकि, अगर आपके पास कोल्ड क्रीम है तो आपको अन्य कोई उपाय ढूंढने की जरूरत नहीं है। बस आपको इतना करना है कि आप प्रभावित जगह पर कोल्ड क्रीम लगाएं। यह अन्य किसी भी चीज की तुलना में आपको तुरंत राहत प्रदान करेगी। साथ ही, स्किन रेडनेस भी काफी कम होगी।
बनाएं शेविंग क्रीम
आज के समय में चाहे पुरूष हो या महिला, अपनी स्किन के अनचाहे बालों को हटाने के लिए रेजर का सहारा लेते हैं। यह एक आसान व दर्दमुक्त तरीका है। लेकिन रेजर का इस्तेमाल करने से पहले आपको शेविंग क्रीम को स्किन पर अप्लाई करना होता है। हालांकि, अगर आपके पास शेविंग क्रीम नहीं है या फिर खत्म हो गई है तो आपको परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है। आप अपनी कोल्ड क्रीम को ही बतौर शेविंग क्रीम काम में ला सकते हैं। इसे शेविंग क्रीम के रूप में उपयोग करने से आपको हमेशा की तरह स्मूद शेविंग इफेक्ट मिलता है। शेव करने के बाद आपको अपनी त्वचा अधिक स्मूद महसूस होगी।
