Unhealthy Food Habits Damage Hair: अगर मैं आपसे पूछूं कि हेल्दी बालों का राज क्या है तो शायद अधिकतर लोगों का जवाब होगा, हेल्दी हेयर रूटीन या फिर ब्रांडेड हेयर प्रोडक्ट्स में इनवेस्ट करना। वहीं कुछ लोग होम रेमिडीज को फॉलो करना पसंद करते हैं। यकीनन ये सभी चीजें आपके बालों की अपीयरेंस को बेहतर बनाने में मदद करती हैं। लेकिन इसके अलावा, आप एक सबसे जरूरी चीज को हमेशा ही नजरअंदाज कर देते हैं और वह है आपकी डाइट।
आपको शायद अंदाजा ना हो, लेकिन डाइट आपकी हेयर हेल्थ पर बहुत गहरा प्रभाव डालती है। लोगों को लगता है कि डाइट सिर्फ उनके वजन को प्रभावित करती है, जबकि वास्तव में ऐसा नहीं है। अगर आप अपने लाइफस्टाइल में अनहेल्दी फूड हैबिट्स को अपनाते हैं तो इसका नेगेटिव असर आपके बालों पर भी पड़ता है। हो सकता है कि आपको हेयर फॉल की समस्या का सामना करना पड़े या फिर आपके बाल रूखे, पतले व बेजान नजर आने लगे। अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है तो अब आपको अपनी फूड हैबिट्स को बदलने की जरूरत है। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको ऐसी ही कुछ अनहेल्दी फूड हैबिट्स के बारे में बता रहे हैं, जो आपके बालों को काफी नुकसान पहुंचाते हैं-
Also read: घर में आता है खारा पानी, बालों को डैमेज होने से ऐसे बचाएं: Hair Damage Prevention
बहुत ज़्यादा चीनी का सेवन करना

यह देखने में आता है कि कुछ लोगों को मीठा खाना काफी पसंद होता है। लेकिन चीनी का अधिक सेवन सेहत और बालों दोनों के लिए ही अच्छा नहीं माना जाता है। चीनी के अत्यधिक सेवन से इंसुलिन रेसिस्टेंस हो सकता है, जिससे बाल पतले हो सकते हैं या झड़ सकते हैं। चीनी का अधिक सेवन हार्मोन, विशेष रूप से एण्ड्रोजन में असंतुलन का कारण भी बन सकता है, जो बालों के रोम को सिकोड़ सकता है, जिससे बाल पतले हो सकते हैं। चीनी शरीर में सूजन को ट्रिगर कर सकती है, जिससे बालों के रोम के स्वास्थ्य पर असर पड़ता है और बाल कमज़ोर और भंगुर हो जाते हैं। इसके अतिरिक्त, चीनी मैग्नीशियम, जिंक और विटामिन बी जैसे जरूरी मिनरल्स को कम कर देती है, जो स्वस्थ बालों के विकास के लिए ज़रूरी हैं।
प्रोसेस्ड फूड का अधिक सेवन करना

अगर आप पैकेज्ड और प्रोसेस्ड फूड का अधिक सेवन करते हैं तो यह समझ लीजिए कि आप अपनी सेहत और बाल दोनों के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। प्रोसेस्ड फूड में अक्सर आवश्यक पोषक तत्वों की कमी होती है। इनमें अनहेल्दी फैट्स, नमक और प्रिजर्वेटिव अधिक होते हैं, जिससे स्कैल्प हेल्थ पर बुरा प्रभाव पड़ सकता है और बाल कमज़ोर हो सकते हैं। इतना ही नहीं, ये प्रोसेस्ड फूड आइटम शरीर के ओमेगा-3 और ओमेगा-6 फैटी एसिड के प्राकृतिक संतुलन को बाधित कर सकते हैं, जिससे बालों के रोम को संभावित रूप से नुकसान हो सकता है। समय के साथ, आपको रूखे व कमजोर बालों की शिकायत हो सकती है।
लो प्रोटीन डाइट लेना

अगर आपकी डाइट में प्रोटीन की कमी है तो आप यह समझ लीजिए कि आप हमेशा ही बालों के टूटने या पतले बालों की समस्या से जूझते रहेंगे। ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि बाल मुख्य रूप से केराटिन से बने होते हैं, जो एक प्रकार का प्रोटीन है। कम प्रोटीन वाला आहार हेयर स्ट्रक्चर को कमज़ोर कर सकता है, जिससे बालों का झड़ना बढ़ सकता है। इतना ही नहीं, इससे हेयर ग्रोथ पर भी नेगेटिव असर पड़ सकता है। इसलिए, आपको यह सुनिश्चित करने की जरूरत है कि आप अपनी डाइट में अपनी जरूरत के अनुसार सही अमाउंट में प्रोटीन का सेवन करें।
बार-बार क्रैश डाइटिंग करना

आज के समय में हर कोई परफेक्ट बॉडी पाना चाहता है और इसके लिए वे इंतजार करने के लिए भी तैयार नहीं है। इसलिए, कम समय में तेजी से वजन घटाने के लिए क्रैश डाइटिंग करने लग जाते हैं। लेकिन इसका बहुत बुरा प्रभाव आपकी स्किन व बालों पर पड़ता है। क्रैश डाइटिंग करने से शरीर को पर्याप्त मात्रा में आवश्यक पोषक तत्व नहीं मिल पाते हैं और ऐसे में बालों की सेहत पर काफी बुरा असर पड़ता है। इसके परिणामस्वरूप बाल पतले हो सकते हैं और झड़ सकते हैं। इसलिए, हेयर ग्रोथ के लिए विटामिन, मिनरल्स और प्रोटीन का सही संतुलन बनाए खें। अचानक वजन कम होना या कैलोरी पर बहुत अधिक प्रतिबंध लगाने से बाल समय से पहले और बहुत तेजी से झड़ने लगते हैं। जिससे बाल बेजान व पतले नजर आ सकते हैं।
जरूरत से ज्यादा कैफीन व अल्कोहल का सेवन करना

जो लोग जरूरत से ज्यादा कैफीन व अल्कोहल का सेवन करते हैं, उनके बालों की सेहत पर नेगेटिव असर पड़ता है। कैफीन और शराब दोनों ही शरीर को निर्जलित कर सकते हैं, जिससे बाल रूखे व कमजोर हो सकते हैं। अत्यधिक शराब शरीर से जिंक और आयरन जैसे आवश्यक पोषक तत्वों को भी खत्म कर सकते हैं, जो स्वस्थ बालों के लिए महत्वपूर्ण हैं। कैफीन का मॉडरेट सेवन करने से ब्लड सर्कुलेशन बूस्ट हो सकता है, लेकिन अत्यधिक सेवन से विपरीत प्रभाव हो सकता है, जिससे ब्लड वेसल्स संकुचित कर सकता है। जिससे स्कैल्प में रक्त के प्रवाह को कम कर सकता है। इससे बालों के रोम कमज़ोर हो सकते हैं और बालों की ग्रोथ पर नेगेटिव असर हो सकता है। इसलिए, आप कैफीन का सेवन सीमित मात्रा में ही करें।
