Summary: बालों की ग्रोथ के लिए 5 जरूरी विटामिन्स और सही हेयर केयर
खूबसूरत, लंबे और घने बाल पाने के लिए सिर्फ बाहरी देखभाल ही काफी नहीं है, सही पोषण और विटामिन्स भी बहुत जरूरी हैं। विटामिन बालों की ग्रोथ, मजबूती और हेल्थ के लिए महत्वपूर्ण हैं। ये विटामिन्स स्कैल्प को हाइड्रेट रखते हैं, बालों की जड़ों को पोषण देते हैं और झड़ने व टूटने से बचाते हैं।
Best Vitamins for Hair Growth: आज के समय में खूबसूरत, लंबे और घने बाल हर किसी की चाहत है, लेकिन बदलती लाइफस्टाइल के कारण बालों से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। इसके कई कारण हैं जैसे- स्ट्रेस, नींद की कमी, गलत खान-पान, हार्मोनल बदलाव, ज्यादा केमिकल प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल और प्रदूषण हमारे बालों को कमजोर बना देते हैं। इसका नतीजा होता है बालों का झड़ना, पतले होना, रूखापन और समय से पहले सफेद होना। इन समस्याओं से छुटकारा पाने के लिए लोग कई प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करते हैं, लेकिन सिर्फ बाहरी देखभाल से बाल पूरी तरह स्वस्थ नहीं बन पाते। असली देखभाल अंदर से शुरू होती है। जब शरीर को सही पोषण मिलता है। इसमें विटामिन की भूमिका सबसे ज्यादा होती है।
बालों की ग्रोथ के लिए जरूरी 5 विटामिन्स

अगर आपकी डाइट में सही विटामिन्स नहीं हैं, तो इसका असर सबसे पहले आपके बालों पर दिखने लगता है। कई बार बालों की ग्रोथ भी बहुत धीमी हो जाती है। अगर आप सही पोषक तत्व लेना शुरू कर दें, तो बालों में फर्क साफ नजर आने लगता है। ऐसे 5 जरूरी विटामिन्स हैं जो बालों की ग्रोथ तेज करते हैं और उन्हें मजबूत व हेल्दी बनाते हैं। ये विटामिन्स आपको किन फूड्स से मिल सकते हैं, ताकि आप नेचुरल तरीके से अपने बालों को स्वस्थ बना सकें।
विटामिन ए

यह विटामिन शरीर की हर सेल की ग्रोथ के लिए बहुत जरूरी होता है, जिसमें बालों की ग्रोथ भी शामिल है। यह स्कैल्प में सेबम बनाने में मदद करता है, जो एक नेचुरल ऑयल है और सिर की त्वचा को नम रखता है। जब स्कैल्प हाइड्रेटेड रहता है, तो बाल मजबूत और हेल्दी बनते हैं। यह विटामिन आपको गाजर, शकरकंद, पालक और केल जैसी हरी सब्जियों से आसानी से मिल जाता है।
विटामिन बी7

बायोटिन एक जरूरी विटामिन है, जिसे विटामिन बी7 या विटामिन H भी कहा जाता है। इसे अक्सर बालों का विटामिन कहा जाता है क्योंकि यह बालों की मजबूती और ग्रोथ में अहम भूमिका निभाता है। बायोटिन शरीर में केराटिन बनाने में मदद करता है, जो बालों, त्वचा और नाखूनों का मुख्य प्रोटीन होता है। जब शरीर में बायोटिन की कमी हो जाती है, तो बाल कमजोर होकर टूटने लगते हैं और उनकी ग्रोथ धीमी हो जाती है। बायोटिन आपको अंडे, नट्स, बीज, सैल्मन मछली और शकरकंद जैसे फूड्स से आसानी से मिल सकता है।
विटामिन सी
विटामिन सी बालों की जड़ों को मजबूत बनाने में बहुत मदद करता है। यह शरीर में कोलेजन बनाने में सहायक होता है, जो बालों को मजबूती देता है। साथ ही यह आयरन को सही तरीके से शरीर में अब्जॉर्ब करने में मदद करता है, जिससे बालों का झड़ना कम होता है। विटामिन सी की कमी से बाल कमजोर और बेजान हो सकते हैं। यह विटामिन आपको संतरे, नींबू, स्ट्रॉबेरी, अमरूद, शिमला मिर्च और ब्रोकोली जैसे फलों और सब्जियों से आसानी से मिल जाता है।
विटामिन ई
विटामिन ई बालों की ग्रोथ के लिए बहुत फायदेमंद होता है। यह स्कैल्प में खून का बहाव बढ़ाता है, जिससे बालों की जड़ों तक सही पोषण पहुंचता है और बाल तेजी से बढ़ते हैं। साथ ही यह फ्री रेडिकल्स से बालों की रक्षा करता है, जिससे बाल ज्यादा शाइनी और हेल्दी दिखते हैं। विटामिन ई आपको बादाम, सूरजमुखी के बीज, पालक और एवोकाडो जैसे फूड्स से आसानी से मिल सकता है।
विटामिन डी

अगर बाल झड़ रहे हैं या पतले हो रहे हैं, तो वजह हो सकती है विटामिन डी की कमी। ये नए हेयर फॉलिकल्स बनाने में मदद करता है। सबसे आसान तरीका रोज 15-20 मिनट धूप सेंको। यह फैटी फिश, मशरूम और दूध खाने से मिलेगा।
सही हेयर केयर भी जरूरी
सिर्फ सही विटामिन लेना ही काफी नहीं है, बालों की अच्छी देखभाल भी उतनी ही जरूरी होती है। हफ्ते में 1–2 बार तेल से हल्की मालिश करने से स्कैल्प को पोषण मिलता है और बाल मजबूत बनते हैं। हमेशा जेंटल शैंपू और कंडीशनर का इस्तेमाल करें, ताकि बालों की नमी बनी रहे और वे टूटें नहीं। इसके अलावा स्कैल्प मसाज करने से खून का सर्कुलेशन बेहतर होता है।
