Nani Ke Nuskhe: होली रंगों और मौज मस्ती का त्योहार है। इस दिन हर जगह रंग, गुलाल, पकवान और मिठाईयों का जमकर आनंद लिया जाता है। लेकिन जब बात आती है होली के पक्के रंगों को छुटाने की तो सभी को अपनी नानी याद आ जाती है। ये रंग आपकी त्वचा, बालों और नाखुनों पर जिद्दी दाग छोड़ देते हैं जिन्हें हटाना बेहद मुश्किल हो जाता है। कई बार रंगों को हटाने के चक्कर में त्वचा में रैशेज और खुजली तक होने लगती है। ऐसे में नानी मां के सुझाए घरेलू नुस्खे आपकी मदद कर सकते हैं। जो न केवल आपकी त्वचा के लिए फायदेमंद होते हैं बल्कि वह रंगों से होने वाले प्रभाव को भी कम करने में मदद कर सकते है। तो चलिए जानते हैं इसके बारे में।
नारियल तेल और बेकिंग सोडा

नारियल तेल एक बेहतरीन मॉइस्चराइजर है जबकि बेकिंग सोडा स्क्रब का काम करता है जिससे रंग को हटाने में मदद मिल सकती है। इसके लिए नारियल तेल और बेकिंग सोडा को समान मात्रा में मिलाएं और धीरे-धीरे त्वचा की मालिश करें। फिर इसे लगभग 15 मिनट के लिए ऐसे ही लगा छोड़ दें। गुनगुने पानी से धोकर फेस साफ कर लें।
एलोवेरा जेल
एलोवेरा जेल त्वचा से रंग तो हटाने में मदद करता ही है साथ ही रंगों से होने वाली जलन और सूजन को भी कम कर सकता है। एलोवेरा जेल का इस्तेमाल करने के लिए आप सबसे पहले फ्रेश एलोवेरा जेल का पत्ता ले लें और जेल निकाल लें। फिर इस जेल को डायरेक्ट अपनी त्वचा पर लगाएं और 15 मिनट तक लगा रहने दें। कुछ देर बाद हल्के हाथों से मालिश करते हुए गुनगुने पानी से धो लें।
जैतून का तेल और शैंपू
नानी मां के अनुसार जैतून का तेल बालों के लिए वरदान होता है। ये तेल आपके बालों में रंग के पिगमेंट को तोड़ने में मदद कर सकता है। बालों को कैमिकलयुक्त कलर के प्रभाव से बचाने और हटाने के लिए आप एक तेल को गुनगुना करें और लगभग 30 मिनट के लिए बालों में लगा रहने दें। फिर माइल्ड शैंपू से बाल धो लें। आपके बाल पहले की तरह सॉफ्ट और सिल्की हो जाएंगे।
नींबू और बेकिंग सोडा

होली का रंग चेहरे और हाथों से तो निकल जाता है लेकिन ये कई दिनों तक आपके नाखुनों पर दिखाई देता है। नाखुन के जिद्दी दाग को हटाने के लिए नींबू और बेकिंग सोडा का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए आप एक कटोरी में नींबू का रस ले लें और उसमें एक चम्मच बेकिंग सोडा मिला लें। इस पेस्ट को अच्छी तरह नाखूनों पर लगाएं और ब्रश की सहायता से रंग को हटाने का प्रयास करें। इसके बाद हाथों को धोकर मॉइस्चराइज कर लें।
इन हर्बल चीजों का भी कर सकते हैं इस्तेमाल
– त्वचा को रंगों के प्रभाव से बचाने के लिए नीम के तेल का इस्तेमाल किया जा सकता है।
– त्वचा में मौजूद गंदगी और तेल को हटाने के लिए मुल्तानी मिट्टी का पैक फायदेमंद हो सकता है।
– बालों को शैंपू करने के बाद तेल से मसाज करें ताकि बालों की चमक बरकरार रहे।
– त्वचा को मॉइस्चराइज करने के लिए आप बेसन, सरसों के तेल का उबटन भी यूज कर सकते हैं।
