Summary: स्ट्रॉबेरी स्किन केयर: चमकदार और जवां त्वचा के लिए बेहतरीन उपाय
स्ट्रॉबेरी में मौजूद विटामिन, एंटीऑक्सिडेंट और नैचुरल एसिड त्वचा को रंगत निखारने, एक्ने कम करने और उम्र के असर को रोकने में मदद करते हैं। इसे मास्क, स्क्रब या टोनर के रूप में इस्तेमाल कर आसानी से स्किन केयर रूटीन में शामिल किया जा सकता है।
Strawberry Benefits for Skin: स्ट्रॉबेरी न सिर्फ खाने में स्वादिष्ट होते हैं बल्कि इनमें कई एसेंशियल न्यूट्रिएंट्स होते हैं जो आपकी त्वचा के लिए बहुत फायदेमंद हैं। स्ट्रॉबेरी में एंटीऑक्सिडेंट, विटामिन और नैचुरल एसिड होते हैं, जो एक्ने से लड़ने, उम्र के असर को कम करने और रंगत निखारने में मददगार हैं। आइए आज इस आर्टिकल में जानते हैं कि स्ट्रॉबेरी हमारी त्वचा की सेहत के लिए किस तरह फायदेमंद है। साथ ही यह भी जानेंगे कि किस तरह हम स्ट्रॉबेरी को अपनी स्किन केयर रूटीन में शामिल कर सकते हैं।
रंगत निखारने के लिए

स्ट्रॉबेरी में विटामिन सी भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो त्वचा की रंगत निखारने के साथ स्किन टोन को भी बराबर करते हैं। विटामिन सी कोलैजन प्रोडक्शन को बूस्ट करता है, जिससे त्वचा जवां नजर आती है। स्ट्रॉबेरी के लगातार सेवन या इसे त्वचा पर लगाने से काले धब्बे और हाइपरपिगमेंटेशन भी दूर होता है।
कैसे लाएं इस्तेमाल में
कुछ स्ट्रॉबेरी को मैश करके इसमें शहद मिला लें। अब इस मास्क को चेहरे पर 15 मिनट के लिए लगाए रखें। बाद में ठंडे पानी से धो लें।
एक्ने और पिंपल से लड़ने के लिए
स्ट्रॉबेरी में सैलिसिलिक एसिड होता है, जो एक्ने से लड़ने में अहम भूमिका निभाता है। सैलिसिलिक एसिड बंद रोम छिद्रों को खोलता है, अतिरिक्त तेल बाहर निकलता है और एक्ने ब्रेकआउट से बचाता है। स्ट्रॉबेरी में मौजूद एंटी इन्फ्लेमेटरी गुण एक्ने और लालिमा को राहत प्रदान करते हैं।
कैसे लाएं इस्तेमाल में
मैश किए हुए स्ट्रॉबेरी को दही में मिलाकर फेस मास्क के रूप में लगाएं। चाहें तो स्ट्रॉबेरी जूस का इस्तेमाल टोनर के रूप में कर सकते हैं। इससे त्वचा से अतिरिक्त तेल बाहर निकल जाता है।
नैचुरल एक्स्फ़ोलिएटर के रूप में

स्ट्रॉबेरी के छोटे बीज नैचुरल एक्सफोलिएंट की तरह काम करते हैं, जिन्हें चेहरे पर लगाने से डेड स्किन सेल्स हट जाते हैं और बंद रोम छिद्र खुल जाते हैं। इस तरह से त्वचा स्मूद होती है और रंगत भी निखर जाती है।
कैसे लाएं इस्तेमाल में
स्ट्रॉबेरी को क्रश करके इसमें चीनी और नारियल तेल मिलाएं ताकि एक बढ़िया फेस स्क्रब तैयार हो जाए। अब इस फेस स्क्रब से गीली त्वचा पर कुछ मिनट के लिए मालिश करें और बाद में गुनगुना पानी से धो लें।
उम्र के असर से बचाने के लिए
स्ट्रॉबेरी में एलेजिक एसिड जैसे एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो त्वचा को सूरज की अल्ट्रावायलेट करने और फ्री रैडिकल्स से बचाते हैं। इस तरह से त्वचा पर झुर्रियां, बारीक रेखाएं और ढीली त्वचा कम होने में मदद मिलती है और आपकी त्वचा अधिक जवां नजर आती है।
कैसे लाएं इस्तेमाल में
स्ट्रॉबेरी के गूदे और एलोवेरा जेल को मिलाकर फेस पैक बना लें और इसे चेहरे पर लगाएं। इसे लगाने से आपकी त्वचा को न सिर्फ हाइड्रेशन मिलता है बल्कि त्वचा में कसाव भी आता है।
डार्क सर्कल और सूजन कम करने के लिए

स्ट्रॉबेरी के कूलिंग और एस्ट्रिजेंट गुण आंखों के नीचे की सूजन को कम करने के साथ ही डार्क सर्कल को भी हल्का करने में मददगार हैं।
कैसे लाएं इस्तेमाल में
स्ट्रॉबेरी की पतली स्लाइस काटकर अपनी आंखों के नीचे 10 मिनट के लिए रखें। आप चाहें तो स्ट्रॉबेरी जूस को खीरा के जूस के साथ मिलाकर आंखों के आसपास रुई की मदद से लगा सकते हैं।
