Lipstick Hacks: हर महिला की मेकअप किट में कई तरह की लिपस्टिक होती हैं, जिन्हें वह रोजमर्रा से लेकर पार्टी में लगाना पसंद करती हैं। यहां तक कि कुछ महिलाओं को तो लिपस्टिक लगाना इतना पसंद होता है कि उनके पास एक ही कलर के कई शेड की लिपस्टिक होती है। लेकिन कभी-कभी ऐसा भी होता है कि उनकी फेवरिट लिपस्टिक टूट जाती है और फिर उन्हें बेहद ही दुख होता है।
टूटी हुई लिपस्टिक को अगर वह अपने मेकअप में यूज करती हैं तो उन्हें वह परफेक्ट लुक नहीं मिल पाता, जो उन्हें चाहिए होता है। वहीं, दूसरी ओर, इतनी महंगी व पंसदीदा लिपस्टिक को फेंकने का मन नहीं करता है। अब इस स्थिति में यह समझ में नहीं आता है कि वास्तव में क्या किया जाए। हालांकि, आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि पुरानी व टूटी हुई लिपस्टिक को भी आप कई बेहतरीन तरीकों से इस्तेमाल कर सकती हैं, जिसके बारे में आज हम आपको इस लेख में बता रहे हैं-Lipstick Hacks
पुरानी लिपस्टिक को करें फिक्स

अगर आपकी लिपस्टिक टूट गई है, लेकिन वह आपको बेहद पसंद है तो ऐसे में आप उसे दोबारा फिक्स कर सकती हैं। ऐसा करना भी आसान है। आपको बस अपनी पुरानी लिपस्टिक व शिया बटर या कोकोआ बटर की जरूरत होगी।
- इसके लिए, सबसे पहले एक माइक्रोवेव-फ्रेंडली बाउल लें और उसमें अपनी टूटी हुई लिपस्टिक व एक बड़ा चम्मच शिया बटर डालें।
- अगर आपके पास शिया बटर नहीं है तो उसकी जगह कोकोआ बटर का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
- अब आप इसे करीबन 10-15 सेकेंड के लिए माइक्रोवेव करें।
- अब आप इसे बाहर निकालें और टूथपिक की मदद से एक बार फिर से मिक्स कर लें।
- अब इसे रूम टेंपरेचर पर ठंडा होने दें। उस समय यह हल्का गाढ़ा हो जाएगा।
- अब आप इसे एक पुरानी व साफ खाली लिप बाम स्टिक में डालें। आप चाहें तो एक छोटे से कंटेनर में भी इसे डाल सकती है।
- अब इसे कुछ घंटों के लिए फ्रिज में रख दें ताकि यह जम जाए।
- आपकी नई लिपस्टिक उपयोग के लिए तैयार है।
नोट- अगर आपने स्टिक में इसे डाला था तो इसे ऐसे ही यूज किया जा सकता है। वहीं कंटेनर में डालने के बाद आपको इसे अप्लाई करने के लिए लिप ब्रश की जरूरत होगी।
इस तरीके को अपनाकर आप अपनी पसंद की शेड की कई लिपस्टिक भी तैयार कर सकती हैं। आप चाहें तो दो लिपस्टिक शेड को मिक्स करके एक नया शेड भी बना सकती हैं।
लिपस्टिक से बनाएं ब्लश

अगर आपकी लिपस्टिक टूट चुकी है और अब आप उसे एक नए तरीके से इस्तेमाल करना चाहती हैं तो ऐसे में आप उसकी मदद से ब्लश भी बना सकती हैं। खासतौर से, पीच व पिंक लिपस्टिक के शेड कुछ ऐसे शेड्स है, जो ब्लश के रूप में काफी अच्छे लगते हैं। टूटी लिपस्टिक से ब्लश बनाने के लिए सबसे पहले टूटी लिपस्टिक को एक कंटेनर में डालें और माइक्रोवेव में उसे हल्का सा मेल्ट कर लें। अब आप इसमें थोड़ा सा मॉइस्चराइजर डालें और उसे मिला लें। अब इस मिश्रण को कन्टेनर में डालें और आपका इंस्टेंट ब्लश तैयार है।
लिपस्टिक को बनाएं कलर करेक्टर

आपकी चाहे किसी भी कलर की लिपस्टिक टूटी हो, लेकिन फिर भी वह आपके बेहद काम आ सकती है। हालांकि, इस बात का आपको इस बात का विशेष रूप से ध्यान रखना है कि जैसे ही आपकी लिपस्टिक टूट जाए, आप उसे फ्रिज में रख दें, ताकि बाकी प्रोडक्ट ब्रेक ना हो। अगर आपकी गहरे लाल या ऑरेंज कलर की लिपस्टिक टूट गई है तो आप उसे अपनी आंखों के नीचे कलर करेक्टर के रूप में इस्तेमाल कर सकती हैं।
कंसीलर और कंटूरिंग के लिए करें लिपस्टिक यूज

वहीं, हल्के न्यूड रंग की लिपस्टिक को कंसीलर की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है। चेहरे की कंटूरिंग करने के लिए डार्क ब्राउन लिपस्टिक का इस्तेमाल किया जा सकता है। आप इसके शेड को अपनी स्किन टोन के आधार पर एडजस्ट भी कर सकती हैं।
लिप टिंट में बदलें टूटी लिपस्टिक

अगर आप चाहें तो अपनी टूटी हुई लिपस्टिक को लिप टिंट में भी बदल सकती हैं। इसके लिए आपको बहुत अधिक इंग्रीडिएंट की भी आवश्यकता नहीं है। बस अपनी टूटी लिपस्टिक के अलावा पेट्रोलियम जेली का इस्तेमाल करें। इसके लिए सबसे पहले आप एक कंटेनर में लिपस्टिक डालें। साथ ही इसमें आवश्यकतानुसार थोड़ी पेट्रोलियम जेली डालें और टूथपिक या क्यू-टिप का उपयोग करके अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद, आप इसे सेट होने तक कुछ मिनट के लिए फ्रिज में रख दें। आपका लिप टिंट बनकर तैयार है। आप इसे ब्रश की मदद से अपने लिप्स पर अप्लाई कर सकती हैं।
लिपस्टिक बच्चों के आएगी काम

आमतौर पर, मेकअप प्रोडक्ट्स को महिलाएं इस्तेमाल करना पसंद करती हैं। लेकिन अगर आपने किसी ऐसी लिपस्टिक को खरीदा है, जिसका शेड आपको पसंद नहीं है या फिर अब आप उसे इस्तेमाल नहीं करना चाहती हैं तो ऐसे में आप अपनी टूटी लिपस्टिक को बच्चों को दे दें। इसके लिए आप लिपस्टिक को हल्का हीट देकर मेल्ट करें और उसे एक कंटेनर में डालें और उसे जमा दें। इसके बाद, उस लिपस्टिक को बच्चे अपनी ड्रॉइंग में कलर के रूप में यूज कर सकते हैं। साथ ही कई चीजों को एक न्यू कलर भी दे सकते हैं।
तो अब आप अपनी पुरानी व टूटी हुई लिपस्टिक को किस तरह इस्तेमाल करना पसंद करेंगी? यह हमें फेसबुक पेज के कमेंट सेक्शन में अवश्य बताइएगा।