Overview: स्टिकी मास्क की जगह बनाएं ये होममेड मास्क और पाएं ग्लोइंग त्वचा
अगर आप ग्लोइंग स्किन की चाहत में अब तक स्टिकी मास्क का इस्तेमाल करती आई हैं तो अब आप इन मास्क को ट्राई कीजिए।
Homemade Face Pack: अपनी स्किन की केयर करने के लिए हम सभी तरह-तरह के फेस पैक लगाना पसंद करते हैं। लेकिन अगर वह हैवी और चिपचिपे महसूस होने लगे तो ऐसे में हमें काफी बुरा लगता है। अमूमन हम सभी बेसन और हल्दी का उबटन लगाना काफी पसंद करते हैं, लेकिन कई बार ये गर्दन तक बहने लगता है या फिर कभी-कभी बालों में भी चिपक जाता है। जिससे इसे धोने में काफी परेशानी होती है। इसी तरह, शहद का मास्क गोंद की तरह चिपक जाता है तो पपीता-केले का गूदा जो पूरे बाथरूम को गंदा कर देता है। जिसकी वजह से हम ऐसे मास्क से बचने की कोशिश करते हैं।
हालांकि, ऐसे में आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। अगर आप चाहें तो बेहद आसानी से घर पर ऐसे मास्क बना सकती हैं, जो आपकी स्किन का ख्याल तो रखें, लेकिन इनसे आपको वह चिपचिपेपन का अहसास नहीं होगा। साथ ही साथ, आप इसे अपनी स्किन टाइप के अनुसार चुन सकती हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे ही होममेड मास्क के बारे में बता रहे हैं, जो आपकी स्किन को बिना किसी झंझट के ग्लो दे सकती हैं-
स्टिकी फेस पैक से क्या नुकसान होते हैं

अमूमन हम घर में जो फेस पैक बनाते हैं, वह काफी चिपचिपे होते हैं और इससे स्किन को कई तरह के नुकसान हो सकते है। जैसे-
स्टिकी फेस पैक अक्सर बालों की जड़ों, आईब्रो और होंठों पर चिपक जाते हैं, फिर उसे साफ करने में बहुत अधिक परेशानी होती है। इसे निकालते-निकालते आधा घंटा निकल जाता है।
इस तरह के फेस पैक चेहरे पर काफी हैवी महसूस होते हैं, जिससे बार-बार खुजलाने का मन करता है।
अक्सर इस तरह के फेस पैक नीचे टपकते रहते हैं, जिससे काफी परेशानी होती हैं। कभी-कभी इनसे कपड़े भी खराब हो जाते हैं।
अगर आप इस तरह के फेस पैक लगाते हैं तो धोने के बाद भी यह स्किन पर ऑयली और चिपचिपी परत छोड़ जाते हैं। जिससे स्किन को काफी परेशानी होती है।
जब स्टिकी फेस पैक की बात हो तो इनमें बेसन, हल्दी व दही का पैक लगाया जाता है, जो सूखने पर पपड़ी जैसा हो जाता है। साथ ही, इससे दाग लग सकते हैं और यह काफी चिपचिपा लगता है।
वहीं, शहद वाले पैक बहुत चिपचिपे होते हैं, जिससे ऐसा अहसास होता है मानो चेहरा गोंद की तरह चिपक गया हो।
अगर आप फलों के पल्प जैसे पपीता, टमाटर व केला आदि को चेहरे पर रगड़ते हैं, तो यह ना केवल टपकते हैं, बल्कि दाग भी लगाते हैं और चिपकते भी हैं।
वहीं, मलाई, घी या दूध की क्रीम वाले पैक चेहरे पर हैवी महसूस होते हैं और तैलीयपन छोड़ देते हैं।
ऑयली स्किन के लिए मास्क
ऑयली स्किन पर अमूमन हल्दी-बेसन-दही का पैक लगाया जाता है। लेकिन यह मास्क ना केवल टपकता है, बल्कि पीले दाग भी छोड़ देता है। ऐसे में आप इसकी जगह एलोवेरा जेल व मुल्तानी मिट्टी का मास्क लगाएं। आप एक चम्मच ताजा एलोवेरा जेल में एक छोटा चम्मच मुल्तानी मिट्टी डालकर मिक्स करें। इससे हल्का जैल जैसा टेक्सचर बनेगा, जल्दी सूखेगा और टपकेगा नहीं। मुल्तानी मिट्टी अतिरिक्त तेल सोख लेती है और एलोवेरा पिंपल कम करके रेडनेस को दूर करता है।
रूखी स्किन के लिए मास्क

रूखी स्किन को नमी देने के लिए लोग शहद या मलाई को अपनी स्किन पर लगा लेते हैं। लेकिन यह स्किन पर हैवी होता है और पोर्स को क्लॉग करता है। बेहतर होगा कि आप इसकी जगह एक बड़ा चम्मच दही में आधा छोटा चम्मच शहद मिलाकर एक पतली परत लगाएं। यह मास्क आसानी से धुल जाएगा और मलाई की तरह टपकेगा नहीं। जहां, दही में मौजूद लैक्टिक एसिड पोषण और नमी देता है, वहीं शहद नमी को लॉक करके स्किन के रूखेपन को कम करता है।
सेंसेटिव स्किन के लिए मास्क
सेंसेटिव स्किन के लिए पपीता या टमाटर का गूदा लगाना लोग अच्छा मानते हैं। लेकिन इससे स्किन में एक चिपचिपेपन का अहसास होता है। कभी-कभी आपकी स्किन में जलन भी हो सकती है। इसलिए, आप खीरे के रस और एलोवेरा जेल को मिक्स करके मास्क बनाएं। जहां खीरा जलन कम करता है, वहीं एलोवेरा जेल सूजन शांत करके नमी देता है। इसके इस्तेमाल के लिए आप खीरे को पीसकर रस छान लें। अब उसमें एक चम्मच एलोवेरा जेल मिक्स करें।
कॉम्बिनेशन स्किन के लिए मास्क

कॉम्बिनेशन स्किन के लिए आप हैवी फ्रूट पैक या फिर तेल व बेसन का मास्क लगाने की गलती ना करें। बेहतर होगा कि आप इसकी जगह गुलाब जल व क्ले मास्क लगाएं। जहां क्ले ऑयली हिस्सों से अतिरिक्त तेल खींच लेता है, वहीं गुलाब जल रूखी जगहों को नमी देकर टोन करता है। इसके लिए आप एक बड़ा चम्मच गुलाब जल में एक छोटा चम्मच मुल्तानी मिट्टी या बेंटोनाइट क्ले मिलाएं। इस तरह आप पतला, हल्का और बिना चिपचिपाहट वाला मास्क बना सकती हैं।
थकी स्किन के लिए मास्क

अगर आपकी स्किन अक्सर थकी और बेजान नजर आती है तो ऐसे में आप स्किन पर सीधे केला रगड़ने से बचें। इससे बहुत चिपचिपा मास्क बनेगा और उसे साफ करने में आपको काफी परेशानी होगी। बेहतर होगा कि आप केले में ओट्स को मिक्स करके लगाएं। ओट्स केले की चिपचिपाहट सोखकर पैक को स्मूद बना देंगे। जहां केला स्किन में चमक लाएगा, वहीं ओट्स लाइट स्क्रब बनकर ग्लो बढ़ाते हैं। इसके लिए आप दो-तीन छोटे टुकड़े केले के मैश करें। अब इसमें एक चम्मच ओट्स पाउडर मिक्स करें।
