सर्दियों में चिपचिपे होने लगते हैं बाल? इन नुस्खों से पाएं आराम
Sticky Hair in Winter : सर्दियों में चिपचिपे बालों की परेशानी दूर करने के लिए आप कुछ नुस्खों का सहारा ले सकते हैं। आइए जानते हैं इस बारे में-
Sticky Hair in Winter: सर्दियों में बालों का चिपचिपा और ऑयली होना एक आम समस्या है। ठंड के मौसम में सिर की त्वचा यानि स्कैल्प में नमी कम हो जाती है, जिससे तेल ग्रंथियां अधिक सक्रिय हो जाती हैं और बाल जल्दी गंदे और चिपचिपे लगने लगते हैं। इस समस्या से बचने के लिए कुछ घरेलू नुस्खे और सही देखभाल के तरीके अपनाए जा सकते हैं।
किन कारणों से सर्दियों में चिपचिपे होते हैं बाल?
सर्दियों में बाल चिपचिपे होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं, जिसमें ठंड के कारण स्कैल्प का प्राकृतिक तेल जमा हो जाना। बालों को बार-बार धोने से तेल ग्रंथियां अधिक सक्रिय हो जाती हैं। साथ ही गलत शैंपू या कंडीशनर का इस्तेमाल और बालों को धोने के लिए गुनगुने पानी का अधिक उपयोग करना शामिल है।
चिपचिपे बालों से छुटकारा पाने के नुस्खे

एप्पल साइडर विनेगर (सेब का सिरका)
एप्पल साइडर विनेगर स्कैल्प का पीएच संतुलित करता है और अतिरिक्त तेल को हटाने में मदद करता है। एक कप पानी में 2 चम्मच एप्पल साइडर विनेगर मिलाएं। शैंपू के बाद इस मिश्रण से बाल धो लें। इसे 2-3 मिनट के बाद ठंडे पानी से धो लें। इससे काफी हद तक चिपचिपे बालों की परेशानी कम होगी।
एलोवेरा जेल

एलोवेरा प्राकृतिक रूप से स्कैल्प को साफ करता है और बालों को चिकना बनाए बिना उन्हें मॉइस्चराइज करता है। चिपचिपे बालों की परेशानी दूर करने के लिए ताजे एलोवेरा जेल को स्कैल्प पर लगाएं। 20 मिनट के बाद बाल धो लें। इसे सप्ताह में 2 बार इस्तेमाल करें, इससे काफी हद तक आपकी परेशानी कम होगी।
बेसन का हेयर मास्क
बेसन चिपचिपाहट और अतिरिक्त तेल को हटाने के लिए एक प्राकृतिक उपाय है। 2 चम्मच बेसन में पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बनाएं। इसे बालों की जड़ों पर लगाएं और 15 मिनट बाद धो लें।
ग्रीन टी रिंस
ग्रीन टी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट स्कैल्प को स्वस्थ रखते हैं और तेल का उत्पादन नियंत्रित करते हैं। इसका प्रयोग करने के लिए ग्रीन टी बैग्स को गर्म पानी में डालकर ठंडा होने दें। अब बालों को शैंपू करने के बाद इस मिश्रण से धो लें।

सर्दियों में चिपचिपे बालों की समस्या को इन घरेलू नुस्खों और सही हेयर केयर रूटीन के जरिए आसानी से नियंत्रित किया जा सकता है। प्राकृतिक उपाय न केवल बालों की चिपचिपाहट को दूर करते हैं, बल्कि बालों को स्वस्थ और चमकदार भी बनाते हैं। बालों की नियमित देखभाल और सही उत्पादों का चयन आपके बालों को सर्दियों में भी स्वस्थ बनाए रखेगा।
