Overview:
ठंड में बाल धोने को लेकर लोगों को कई कंफ्यूजन भी रहते हैं। आमतौर पर लोग मानते हैं कि इस मौसम में बार-बार बाल धोने के कारण डैंड्रफ की समस्या हो सकती है। साथ ही बाल रूखे हो जाते हैं।
Hair Care in Winter: सर्दियों के मौसम में आपकी स्किन को जितनी केयर की जरूरत होती है, उतनी ही आपके बालों को भी देखभाल की आवश्यकता होती है। इस मौसम में बाल बहुत जल्दी ऑयली हो जाते हैं। साथ ही गर्म कपड़ों के रोएं भी बालों पर चिपक जाते हैं, जिससे बाल बहुत जल्दी गंदे होने लगते हैं। दूसरी ओर ठंड में बाल धोने को लेकर लोगों को कई कंफ्यूजन भी रहते हैं। आमतौर पर लोग मानते हैं कि इस मौसम में बार-बार बाल धोने के कारण डैंड्रफ की समस्या हो सकती है। साथ ही बाल रूखे हो जाते हैं। आखिर क्या है बालों की केयर करने का सही तरीका आज जानते हैं मशहूर डर्मेटोलॉजिस्ट से।
सप्ताह में कितनी बार धोने चाहिए बाल

बाल सप्ताह में कितनी बार धोने चाहिए, इस बात को लेकर अक्सर लोग कंफ्यूज रहते हैं। कुछ लोगों का मानना है कि ज्यादा धोने से बाल रूखे और बेजान हो जाते हैं और उनकी शाइन चली जाती है। वहीं कुछ लोग मानते हैं कि इससे स्कैल्प को नुकसान होता है। मशहूर डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. आंचल पंथ ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करके बालों की केयर से जुड़ी तीन प्रमुख गलतियों के बारे में बताया है। इनमें पहली गलती है बाल धोने को लेकर। डॉ. आंचल ने बताया कि आमतौर पर लोग सप्ताह में सिर्फ एक बार बाल धोते हैं। लेकिन ऐसा करना गलत है। क्योंकि बालों और स्कैल्प को साफ रखने के लिए सात दिन में एक बार बाल धोना काफी नहीं है। आपको बाल गंदे होने पर वॉश करने चाहिए। बालों को सप्ताह में कम से कम तीन बार धोना चाहिए। अगर आपकी स्कैल्प ऑयली है तो आप रोज भी बाल धो सकते हैं। या फिर एक दिन छोड़कर एक दिन सिर धोना चाहिए। इसमें कोई बुराई नहीं है। आपका स्कैल्प साफ होना बहुत जरूरी है।
कंडीशनर का उपयोग करें संभलकर
अक्सर लोग बाल धोने के बाद कंडीशनर का उपयोग नहीं करते। लेकिन यह सबसे बड़ी गलती है। आपको हर बार बाल वॉश करने के बाद कंडीशनर का उपयोग करना चाहिए। कंडीशनर को बालों के आखिरी सिरे तक लगाना जरूरी है। इससे बाल घर्षण से बचते हैं और डैमेज नहीं होते हैं। बालों को लगातार कंघी करने से और उन्हें टॉवल से सुखाने से भी बाल डैमेज हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में कंडीशनर इन्हें सुरक्षित रखता है। अगर आपके बाल काफी पतले और फ्लैट हैं तो स्कैल्प से कंडीशनर न लगाकर बालों की आधी लेंथ या कंधों की लंबाई से कंडीशनर लगाएं। इससे आपके बाल बहुत ज्यादा चिपके हुए नजर नहीं आएंगे और डैमेज से सुरक्षित भी रहेंगे।
सही टॉवल का उपयोग
डॉ. आंचल के अनुसार बालों को सुखाते समय सही टॉवल का उपयोग करना जरूरी है। बहुत ज्यादा सख्त और हार्श टॉवल यूज करने से बाल खराब हो सकते हैं। क्योंकि सख्त और मोटे टॉवल से बालों को रगड़ने से बाल डैमेज होते हैं। इसके कारण आपके बाल फिजी हो सकते हैं। इसलिए हमेशा एक पतले कॉटन टॉवल का या फिर एक पुरानी कॉटन टी-शर्ट का उपयोग बालों को सुखाने के लिए करना चाहिए। इससे बालों की ड्राइनेस कम होगी। बाल बिखरे-बिखरे नहीं लगते हैं। साथ ही बाल कम डैमेज होंगे।
