Overview: सलमान खान पर 'टेररिस्ट' का ठप्पा
अभिनेता सलमान खान को बलूचिस्तान को अलग देश बताने वाली टिप्पणी के कारण पाकिस्तान ने 'आतंकवादी' घोषित कर दिया है। सऊदी अरब के जॉय फोरम में दिए गए बयान से भड़की शहबाज शरीफ सरकार ने उन्हें एंटी-टेररिज्म एक्ट की निगरानी सूची (फोर्थ शेड्यूल) में डाल दिया है।
Salman Khan Labeled a ‘Terrorist’: बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान एक अंतरराष्ट्रीय विवाद के केंद्र में आ गए हैं। सऊदी अरब में एक कार्यक्रम के दौरान बलूचिस्तान को लेकर दिए गए उनके बयान पर पाकिस्तान बुरी तरह तिलमिला गया है और रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान सरकार ने उन्हें ‘आतंकवादी’ घोषित कर दिया है।
सलमान खान का वो बयान जिस पर मचा बवाल
यह विवाद सऊदी अरब की राजधानी रियाद में आयोजित ‘जॉय फोरम 2025’ नामक एक कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ। मंच से बोलते हुए सलमान खान ने वहां काम कर रहे लोगों का जिक्र करते हुए कहा, “ये बलूचिस्तान के लोग हैं, अफगानिस्तान के लोग हैं, पाकिस्तान के लोग हैं। हर कोई सऊदी अरब में मेहनत से काम कर रहा है।” सलमान खान ने इस बयान में बलूचिस्तान का नाम पाकिस्तान से अलग लिया, जिसे पाकिस्तानी सरकार ने अपनी राष्ट्रीय अखंडता और संप्रभुता पर हमला माना।
पाकिस्तान ने घोषित किया ‘आतंकवादी’
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान की शहबाज़ शरीफ सरकार सलमान खान के बयान से इस कदर नाराज़ हुई कि उन्हें देश में ‘आतंकवादी’ घोषित कर दिया गया। पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने आधिकारिक अधिसूचना जारी करते हुए, सलमान खान का नाम एंटी-टेररिज्म एक्ट (Anti-Terrorism Act) की ‘फोर्थ शेड्यूल’ (Fourth Schedule) में शामिल कर दिया। यह सूची उन व्यक्तियों को ब्लैकलिस्ट करती है जिन पर कट्टरपंथी गतिविधियों में शामिल होने या आतंकवाद से जुड़े होने का संदेह होता है। इससे पाकिस्तान में उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है और उन पर नजर रखी जाएगी।

बलूच नेताओं ने दिया धन्यवाद
एक तरफ जहां पाकिस्तान सरकार इस बयान से आगबबूला है, वहीं बलूचिस्तान के अलगाववादी नेता और लोग सलमान खान के समर्थन में आ गए हैं। बलूचिस्तान के अलगाववादी नेताओं ने सलमान खान को सार्वजनिक रूप से धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि सलमान खान ने बलूच लोगों को अलग पहचान दी है और दुनिया को बलूचिस्तान को एक अलग राष्ट्र के रूप में मान्यता देने के लिए प्रेरित किया है।
बलूचिस्तान विवाद की पृष्ठभूमि
बलूचिस्तान पाकिस्तान का एक प्रांत है, जहाँ लंबे समय से आज़ादी के लिए आंदोलन चल रहा है। बलूचिस्तान के एक बड़े वर्ग का मानना है कि पाकिस्तानी सरकार उनके संसाधनों का शोषण करती है और भेदभाव करती है, जिसके कारण इस क्षेत्र में पाकिस्तानी सेना के खिलाफ आतंकवादी और विद्रोही गतिविधियाँ होती रहती हैं। सलमान खान की टिप्पणी को इसी अलगाववादी आंदोलन को समर्थन देने के रूप में देखा जा रहा है।
नोट: इस मामले पर बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान या उनकी टीम की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
