Summary : माधवन की मदद से कम कीजिए वजन
माधवन ने अपनी एक फिल्म के लिए खूब वजन बढ़ा लिया था. इसे कम करने में महज 21 दिन लगे...
Madhavan Weight Loss: माधवन ने 2022 की बायोग्राफिक ड्रामा फिल्म ‘रॉकेट्री’ में नंबी नारायणन का किरदार निभाने के लिए काफी वजन बढ़ा लिया था। लेकिन, इसके तुरंत बाद माधवन ने अपने फैन्स को चौंका दिया, क्योंकि उन्होंने बेहद तेजी से वजन कम भी कर लिया। कर्ली टेल्स को दिए एक इंटरव्यू में अभिनेता ने दावा किया कि उन्होंने बिना जिम, बिना सर्जरी और बिना किसी सप्लीमेंट के वजन घटाया था। उन्होंने सिर्फ 21 दिन तक अपने शरीर के हिसाब से सही खाने पर ध्यान दिया।
चूंकि उन्हें कम समय में वजन बढ़ाना और फिर घटाना था, इसलिए उन्होंने एक एलर्जी टेस्ट कराया। इस टेस्ट से उन्हें पता चला कि उन्हें किन-किन चीजों से असहजता है। यही जानकारी उनके वजन घटाने की असली कुंजी बनी। उन्होंने कुछ और लाइफस्टाइल प्रैक्टिस भी अपनाईं, जो वजन घटाने के उनके सफर को और तेज बनाती रहीं।
- उन्होंने इंटरमिटेंट फास्टिंग अपनाई, यानी खाने का एक समय तय किया। हर निवाले को बहुत अच्छे से चबाया। वे 45 से 60 बार तक खाना चबाते थे ताकि पाचन और पोषण अवशोषण बेहतर हो सके। उनका आखिरी मील रोज शाम 6:45 बजे तक हो जाता था। दोपहर 3 बजे के बाद उन्होंने कच्चे खाद्य पदार्थ पूरी तरह से छोड़ दिए और सिर्फ ताजा पका हुआ खाना ही खाया। उन्होंने सुबह की लंबी वॉक को अपनी लाइफस्टाइल का हिस्सा बनाया। शरीर को रिकवर करने और बेहतर स्वास्थ्य के लिए वे जल्दी सोते थे और सोने से डेढ़ घंटा पहले स्क्रीन देखना बंद कर देते थे। हाइड्रेशन यानी पानी और तरल पदार्थों का पर्याप्त सेवन भी उनकी आदत में शामिल था।
सेहत और फिटनेस की असली दवा है भोजन
उनका खानपान पूरी तरह प्राकृतिक और सादा था। हरी सब्ज़ियां और आसानी से पचने वाला खाना उनकी थाली का बड़ा हिस्सा होती थीं। जबकि प्रोसेस्ड चीज़ों को उन्होंने पूरी तरह छोड़ दिया। इस तरह सजग खानपान, हल्की-फुल्की शारीरिक गतिविधि, सही नींद और पौष्टिक भोजन को मिलाकर उन्होंने एक टिकाऊ सिस्टम बनाया, जिसने धीरे-धीरे और स्वस्थ तरीके से वजन घटाने में मदद की। दरअसल, सेहत और फिटनेस के लिए असली दवा तो भोजन ही है। यह बात माधवन वे साबित तो की लेकिन यह भी जताया कि केवल डाइट पर निर्भर नहीं होना चाहिए, बल्कि एक्सरसाइज को भी साथ में जोड़ना ज़रूरी है, ताकि मांसपेशियां कमजोर न हों।
क्या फूड एलर्जी वजन बढ़ा सकती है?
यूके की जूनिपर वेबसाइट के एक लेख के अनुसार, फूड एलर्जी न केवल खाने के चुनाव को सीमित करती है, बल्कि यह इंसान की खाने की आदतों और पोषण पर भी असर डालती है। एलर्जी वाले लोगों को कई बार डेयरी, गेहूं या नट्स जैसी चीजों से दूर रहना पड़ता है। नतीजा यह होता है कि वे कभी-कभी ऐसे विकल्प चुन लेते हैं, जिनमें पोषण की कमी होती है। यह असंतुलन समय के साथ वजन से जुड़ी समस्याओं को जन्म दे सकता है।
इसके अलावा, फूड एलर्जी शरीर की रोग प्रतिरोधक प्रणाली को सक्रिय करती है और सूजन पैदा करती है। लंबे समय तक रहने वाली यह सूजन वजन बढ़ने और मोटापे से सीधे तौर पर जुड़ी मानी जाती है। बुरा यह है कि इसके मनोवैज्ञानिक और व्यवहारिक असर भी होते हैं। लगातार एलर्जी मैनेज करना तनावपूर्ण हो सकता है। और तनाव अक्सर इमोशनल ईटिंग को बढ़ावा देता है, जिससे धीरे-धीरे वजन बढ़ सकता है।
