Summary:सासू माँ की शिकायतें भूलें, पति का दिल आसानी से जीतें
पति के सामने सासू माँ की बुराई करने से रिश्ता कमजोर हो सकता है। इसलिए उनकी शिकायतों को नजरअंदाज करें और रिश्तों में प्यार बनाए रखें।
Make Mother in Law Happy: पति-पत्नी के रिश्ते में एकदूसरे का दिल जीतना बहुत जरूरी होता है। आप अपने पति का दिल जीतने के लिए कई चीजें करती होंगी, कभी उनका पसंदीदा खाना बनाती होंगी, तो कभी उन्हें सरप्राइज देकर खुश करती होंगी। लेकिन अपने पति का दिल जीतने का एक सबसे आसान तरीका भी है, वह है अपनी सासू माँ की बुराई पति के सामने कभी नहीं करना। जब आप अपने पति के सामने अपनी सासू माँ की सिर्फ तारीफ करेंगी, तो आप बिना कुछ करे ही अपने पति का दिल जीत लेंगी। इसलिए आप अपने पति से कभी भी सासू माँ के बारे में ये 5 बातें ना कहें।
आपकी मम्मी को कुछ नहीं आता

आप आज के जमाने की हैं, इसलिए आपको आज की चीजें समझ में आती हैं और आप उन चीजों को आसानी से कर लेती हैं। लेकिन यह जरूरी नहीं है कि आपकी सासू माँ भी उन चीजों को आपके जैसा ही तुरंत कर पाएं। इसलिए अगर आपकी सासू माँ आपसे कुछ चीजें बार-बार पूछें या कहने के लिए कहें तो आप उन बातों की शिकायत अपने पति से कभी ना करें।
आपकी मम्मी कितना बोलती हैं
अगर आपकी सासू माँ को बातें करना अच्छा लगता है या वे किसी बात को लेकर ज्यादा बोलती हैं तो आप इस बात की शिकायत अपने पति से कभी ना करें। ना ही पीठ पीछे सासू माँ की इस आदत की बुराई करें। अगर आप ऐसा करना बंद कर देंगी तो आपको अपने पति का दिल जीतने के लिए कुछ भी नहीं करना होगा, वे खुद से आपसे खुश रहेंगे।
आपकी मम्मी ने मुझे डांटा

अगर आपकी किसी गलती पर आपकी सासू माँ आपको डांट दें या कुछ कह दें तो इस बात को लेकर आप अपने पति से लड़ाई ना करने लग जाएँ कि आपकी मम्मी ने मुझे ऐसा क्यों कहा या वे हमेशा आपको ऐसा बोलती हैं, आप उन्हें कुछ कहते क्यों नहीं हो। अगर आप ऐसा करती हैं तो इससे ना सिर्फ सासू माँ के साथ आपका रिश्ता खराब होता है, बल्कि इस बात के कारण पति के मन में भी नाराजगी आती है।
आपकी मम्मी तो बहुत कंजूस हैं

फिजूल खर्च करना अच्छी बात नहीं है। ऐसे में अगर आपकी सासू माँ आपको पैसे कम खर्च करने के लिए कहती हैं तो आप उनकी बातों को गलत ना समझें, बल्कि उनकी इस बात को सीख के तौर पर लें, क्योंकि आपकी फिजूल खर्च की आदत आपको किसी मुसीबत में डाल सकती है और जब आपके पास पैसे नहीं होंगे तो आपको परेशानी होगी।
आपकी मम्मी सिर्फ मुझसे कमी निकालती हैं

अगर आपकी सासू माँ आपको कुछ सिखाने की कोशिश करती हैं तो आप इस बात को अपनी कमी के रूप में ना देखें, बल्कि इस बात को समझने की कोशिश करें कि वे आपको कुछ सिखाना चाहती हैं, ताकि उनके ना रहने पर आप उन चीजों को अच्छे से कर पाएं और कोई बाहर वाला आपको कुछ गलत ना कहे या आपमें कमी निकाले।
