व्हाट्सऐप पेमेंट आने के बाद हम बहुत आसानी से पैसे का लेनदेन कर सकते हैं। लेकिन, क्या आप जानते हैं कि व्हाट्सऐप पेमेंट एक बैंक से दूसरे बैंक में पैसे ट्रांसफर करने के लिए UPI (यूपीआई) का इस्तेमाल करता है। तो चलिए समझते हैं UPI ID का इस्तेमाल करके पैसे कैसे भेज सकते हैं। यूपीआई का अर्थ यूनिफाइड पेमेंट इंटरफ़ेस है, जो एक राष्ट्रीय पेमेंट सिस्टम है। इसे एनसीपीआई यानी नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया ने बनाया है, जो भारत के अधिकतर बैंको को सपोर्ट करता है। व्हाट्सऐप आपके बैंक अकाउंट के विवरण को पहचानने के लिए आपके व्हाट्सऐप अकाउंट से जुड़े फोन नंबर का इस्तेमाल करता है।
क्या होता है UPI PIN
यूपीआई पिन 4 या 6 अंकों का होता है। आप जब भी कोई पेमेंट करते हैं, तो उसके पहले इन अंकों को डालना जरूरी है। जब भी आप व्हाट्सऐप से किसी भी तरह की पेमेंट ट्रांसफर करते हैं तो यह आपके पर्सनल यूपीआई पिन से सुरक्षित होता है। आपके लिए यह जानना बेहद जरूरी है कि आप अपने यूपीआई पिन को किसी के साथ भी शेयर ना करें।
अगर आपके पास अपने बैंक अकाउंट के लिए पहले से यूपीआई पिन है तो आपको व्हाट्सऐप के लिए नया यूपीआई पिन बनाने की जरूरत नहीं पड़ती है।
ऐसे बदलें UPI PIN या सेट करें नया पिन
- व्हाट्सऐप खोल कर अन्य (others) ऑप्शन पर क्लिक करें।
- पेमेंट पर टैप करें और फिर बैंक अकाउंट को चुनें।
- यूपीआई पिन बदलें या यूपीआई पिन भूल गए पर टैप करें।
- अगर आप यूपीआई पिन भूल गए चुनते हैं तो जारी रखें पर क्लिक करें और फिर अपने डेबिट कार्ड नंबर के अंतिम 6 अंक और एक्सपायरी डेट को एंटर करें। ध्यान दें कि कुछ बैंक आपसे आपके डेबिट कार्ड के सीवीवी नंबर को डालने के लिए भी कह सकते हैं।
- अगर आप यूपीआई पिन बदलें चुनते हैं तो आपको मौजूदा पिन डालना है और उसके बाद नया पिन डालकर नए यूपीआई पिन को कंफर्म करना है।
UPI ID का इस्तेमाल करके कैसे पाएं पैंसे?
- सेटिंग्स > पेमेंट > नई पेमेंट पर क्लिक करें।
- यूपीआई आईडी पर भेजें को चुनें और फिर यूपीआई आईडी डालें।
- अनुरोध करें पर क्लिक करें।
- उस धनराशि को डालें जो आप पाना चाहते हैं > अगले पर टैप करें।
- अपना यूपीआई पिन डालें।
UPI ID का इस्तेमाल करके कैसे भेजें पैसे?
- सेटिंग्स > पेमेंट > नई पेमेंट पर क्लिक करें।
- यूपीआई आईडी पर भेजें को चुनें और फिर यूपीआई आईडी डालें।
- वेरीफाई करें पर क्लिक करें।
- उस धनराशि को डालें जो आप भेजना चाहते हैं > अगले पर टैप करें।
- अपना यूपीआई पिन डालें।
ध्यान दें
- पैसे पाने के अनुरोध को पेमेंट अनुरोध भेजे गए सेक्शन में देखा जा सकता है।
- व्हाट्सऐप पेमेंट का इस्तेमाल करने के लिए यह जरूरी है कि आपके पास व्हाट्सऐप का नया वर्जन हो। अगर आपके पास व्हाट्सऐप का नया वर्जन नहीं है, तो आप इसे गूगल प्ले स्टोर से अपडेट कर सकते हैं। अगर आपको गूगल प्ले स्टोर से ऐप को डाउनलोड करने या अपडेट करने में किसी तरह की दिक्कत आ रही है, तो whatsapp.com/download पर जाएं।
