दिल्ली की शादियां अपनी भव्यता के लिए जानी जाती हैं। यहां पर पंजाबी, बिहारी, राजस्थानी और अन्य कई संस्कृति के लोग शादी करते हैं, जिससे हर शादी का अपना एक खास अंदाज होता है। शादी के समारोह में मेहंदी, हल्दी, सगाई और बारात जैसी रस्में शामिल होती हैं। स्वाति कुमारी दिल्ली की टिपिकल शादी में काफी कुछ खास होता है। यहां पर सजावट से लेकर आउटफिट तक बेहद लग्जरियस होते हैं, जो किसी का भी मन मोह सकते हैं। यदि आपने आज तक कभी दिल्ली की शादी नहीं देखी है और आपको इसके बारे में ज्यादा कुछ नहीं पता है तो चलिए जानते हैं कि आखिरकार दिल्ली वाले किस तरह से शादी करते हैं।
Also read: घूमने लायक हैं दिल्ली के ये बेहद प्राचीन मंदिर: Ancient Temples of Delhi
स्पेशल वेडिंग इन्विटेशन कार्ड
शादी के कार्ड में आधुनिक आर्टवर्क होता है। कई लोग कार्ड में दूल्हा और दुलहन की फोटो भी लगवाते हैं। दिल्ली वाले अक्सर शादी के कार्ड के साथ मिठाइयां या कोई हैंडमैड गिफ्ट्स भेजते हैं।
वेडिंग वेन्यू

दिल्ली की टिपिकल शादी में एग्जॉटिक लोकेशंस पसंद किए जाते हैं। इनमें कई ऐतिहासिक किले, फाइव स्टार होटल और फार्म हाउस शामिल हैं। डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए दिल्लीवाले लोग नूर महल, बीकानेर का नरेंद्र भवन और ऋषिकेश के अलोहा ऑन द गंगा रिजॉर्ट को काफी पसंद करते हैं। इन जगहों की अलौकिक खूबसूरती और लग्जरियस सुविधाएं शादी की रस्मों को और खास बनाती हैं।
बॉलीवुड थीम पर शादी
दिल्ली में बॉलीवुड थीम पर भी शादी होती है जिसमें फिल्मी रोमांस और ग्लैमर का तड़का होता है। इसके लिए स्पेशल पोस्टर्स बनवाए जाते हैं। दूल्हा और दुलहन भी अपने फेवरेट कैरेक्टर की तरह कपड़े पहनते हैं।
फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी
दिल्ली की शादियां जितनी भव्य होती हैं, उतना ही भव्य इनकी फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी होती है। दिल्ली वाले अक्सरए प्री-वेडिंग शूट भी करवाते हैं।
फैशन
यहां शादी में दुलहन और दूल्हे के कपड़े अक्सर ट्रेंड के अनुसार होते हैं और वे कई बार मशहूर डिजाइनरों द्वारा तैयार किए आउटफिट्स ही पहनते हैं। शादी में लड़कियां आमतौर पर भारी लाल लहंगे और महंगी जूलरी पहनती हैं लेकिन आजकल ब्राइड्स ने पेस्टल आउटफिट्स को प्राथमिकता देनी शुरू कर दी है जबकि दूल्हे क्रीम या गोल्डन कलर की शेरवानी पहनते हैं।
थीम आधारित सजावट
दिल्ली में कई दूल्हा-दुलहन अपने शादी के लिए खास थीम चुनते हैं, जैसे राजस्थानी या बॉलीवुड। दिल्ली की शादी के डेकोरेशन के आधार पर ही मेहमानों के लिए ड्रेस कोड का चयन होता है। इसके अलावा शादी के मंडप को भी शानदार तरीके से सजाया जाता है। मंडप के सजावट के लिए फूलों, लाइटिंग और रंगीन कपड़ों का प्रयोग किया जाता है।
सेलिब्रिटीज परफॉर्मंस
दिल्ली की कुछ शादियों में सेलेब्रिटी गेस्ट्स, जैसे- टीवी स्टार्स या फिल्म के अभिनेता, अपनी उपस्थिति से पूरे समारोह की शोभा बढ़ाते हैं। साथ ही शादी में कॉमेडियन या स्टैंड-अप आर्टिस्ट्स मेहमानों को हंसाने के लिए परफॉर्म करते हैं। इसके अलावा कई सिंगर्स भी बारात में गाने गाते हैं जो शादी को भव्य बनाता है।
शादी की रस्में- रोका या सगाई
शादी से जुड़ी ये पहली रस्म होती है, जिसमें परिवारों की मुलाकात होती है और दूल्हा-दुलहन के रिश्ते पर औपचारिक मुहर लगाई जाती है। इसमें दोनों पक्षों से मिठाई और उपहारों का आदान-प्रदान होता है।
बैचलर्स पार्टी
शादी से पहले दिल्ली में दूल्हा-दुलहन अपने दोस्तों के साथ बैचलर्स पार्टी करते हैं, जिसमें वह अपनी आजादी को सेलिब्रेट करते हैं। ये फंक्शन भी थीम बेस्ड होता है जिसमें दुलहन अपने दोस्तों से अलग रंग के कपड़े पहनती हैं।
हल्दी और मेंहदी
इन फंक्शंस के साथ ही शादी की रस्में शुरू होती हैं। दिल्ली की शादियों में यह दोनों रस्में दूल्हा और दुलहन के परिवार वाले एक साथ करते हैं, जिसमें संगीत और डांस का आयोजन होता है और रिश्तेदार भी शामिल होते हैं।
संगीत
शादी में ये एक फन फेस्ट होता है, जहां गाने, डांस और मस्ती होती है। परिवार के सदस्य और दोस्त डांस करते हैं और गाते हैं। इस फंक्शन में बॉलीवुड से लेकर पंजाबी गाने तक बजते हैं।
बारात
दिल्ली में बारातियों का स्वागत धूमधाम से किया जाता है और लड़का अपनी दुलहन को लेने के लिए घोड़े और विंटेज कार में आता है। बारात में टिपिकल बॉलीवुड और पंजाबी गानों का बजना बिल्कुल कंपलसरी होता है। दिल्ली की कई शादियों में देखा गया है कि दुलहन की एंट्री भी एक धमाकेदार बॉलीवुड गाने से होती है जिसमें वह खुद डांस करते हुए नजर आती हैं।
फेरे और विदाई
बारातियों के स्वागत के बाद दूल्हा-दुलहन मंडप में परिवारवालों के सामने सात फेरे लेते हैं और अंत में विदाई होती है।
कस्टमाइज्ड गिफ्ट्स
दिल्ली की शादियों में अक्सर आने वाले मेहमानों को स्पेशल कस्टमाइज्ड गिफ्ट्स दिए जाते हैं जो काफी महंगे और पर्सनलाइज्ड होते हैं जैसे कि मिक्स नेम बॉटल, मिठाई बॉक्स और हैंपर।
संगीत और मनोरंजन

दिल्ली की शादी में डीजे, लाइव बैंड और लोक संगीत का आयोजन किया जाता है। इसके अलावा लड़की और लड़के वाले शादी की अलग-अलग रस्मों में कई तरह के गेम्स खेलते हैं जो उनके वेडिंग का एक अहम हिस्सा होता है, जो शादी को यादगार बनाने में मदद करता है।
खानपान

दिल्ली की शादियों में खानपान एक मुख्य आकर्षण होता है। खानपान के लिए विशेष मेन्यू तैयार किए जाते हैं, जिसमें स्टार्टर्स, मैन कोर्स और डेसर्ट शामिल होते हैं। वेडिंग वेन्यू पर मेहमानों के लिए अलग-अलग फूड स्टॉल बनाए जाते हैं। यहां पर उत्तर भारतीय, मुगलई और साउथ इंडियन डिशेज का मिश्रण होता है, जिसमें बुफे और प्लेट सिस्टम दोनों ऑप्शन मौजूद होते हैं। साथ ही स्ट्रीट फूड्स जैसे- समोसे, चाट, और पकोड़े मेहमानों को लुभाते हैं। मिठाइयों में गुलाब जामुन और काजू कतली जैसी मिठाई अवश्य परोसी जाती हैं, जो पूरे खाने के अनुभव को आनंददायक बनाती हैं। दिल्ली की शादियों में खाना न केवल स्वादिष्ट होता है, बल्कि यह सांस्कृतिक धरोहर को भी दर्शाता है।
