Overview:
मध्य प्रदेश के शिवपुरी में रहने वाली पूनम गुप्ता 12 फरवरी, 2025 को राष्ट्रपति भवन के मदर टेरेसा क्राउन परिसर में शादी रचाने जा रही हैं। इसी के साथ रचने जा रहा है एक नया इतिहास भी।
Wedding in Rashtrapati Bhavan: हाई सिक्योरिटी वाला राष्ट्रपति भवन, जहां बिना इजाजत के कोई परिंदा भी पर नहीं मार सकता। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था है। इन सबके बीच पहली बार राष्ट्रपति भवन में किसी की शादी की शहनाई गूंजने जा रही हैं। जी हां, मध्य प्रदेश के शिवपुरी में रहने वाली पूनम गुप्ता 12 फरवरी, 2025 को राष्ट्रपति भवन के मदर टेरेसा क्राउन परिसर में शादी रचाने जा रही हैं। इसी के साथ रचने जा रहा है एक नया इतिहास भी। आइए जानते हैं आखिर कौन है पूनम गुप्ता और कैसे करेंगी वह राष्ट्रपति भवन में शादी।
जानिए कौन है पूनम गुप्ता
सूत्रों के अनुसार पूनम गुप्ता केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स यानी सीआरपीएफ की असिस्टेंट कमांडेंट हैं। वर्तमान में वह राष्ट्रपति भवन में पीएसओ के पद पर तैनात हैं। पूनम की शादी जम्मू-कश्मीर में पोस्टेड सीआरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट अवनीश कुमार के साथ 12 फरवरी को होने जा रही है। खास बात यह है कि यह शादी राष्ट्रपति भवन के मदर टेरेसा क्राउन परिसर में होगी, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सहित बड़ी राजनीतिक हस्तियां वर और वधू को आशीर्वाद देने आएंगी।
राष्ट्रपति मुर्मू ने की अनोखी पहल
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इससे पहले राष्ट्रपति भवन में किसी शादी समारोह का आयोजन नहीं हुआ है। लेकिन इस शादी के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पहल कर एक बेमिसाल उदाहरण पेश किया है। सूत्रों के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पूनम गुप्ता के व्यवहार व कामकाज से बेहद प्रभावित रही हैं। राष्ट्रपति को जब पूनम की शादी का पता चला तो उन्होंने राष्ट्रपति भवन के मदर टेरेसा क्राउन परिसर में विवाह की व्यवस्था तय कर दी। इस शादी में परिवार के सदस्य, करीबी रिश्तेदार और चुनिंदा मेहमान ही शामिल होंगे। शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और मेहमानों को समारोह में शामिल करने की प्राथमिक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। आपको बता दें कि पूनम शिवपुरी की श्रीराम कॉलोनी में रहने वाले रघुवीर गुप्ता की बेटी हैं। रघुवीर गुप्ता नवोदय विद्यालय कार्यालय अधीक्षक हैं। पूनम के माता-पिता भी शादी की तैयारियों के लिए दिल्ली पहुंच चुके हैं।
बेटी ने बढ़ाया परिवार का मान
पढ़ाई में हमेशा से आगे रहने वाली पूनम ने अपने पूरे परिवार का मान बढ़ाया है। गणित में स्नातक और अंग्रेजी साहित्य में पोस्ट ग्रेजुएट करने वाली पूनम ने ग्वालियर के जीवाजी विश्वविद्यालय से बीएड किया। यूपीएससी सीएपीएफ परीक्षा-2018 में पूनम ने 81वीं रैंक हासिल की थी, जिसके बाद वह सीआरपीएफ में असिस्टेंट कमांडेंट बनीं। साल 2024 में पूनम ने गणतंत्र दिवस परेड में सीआरपीएफ की महिला टुकड़ी का नेतृत्व किया था। जब राष्ट्रपति भवन में पूनम की पोस्टिंग हुई थी तब पूरा परिवार बहुत खुश था। अब राष्ट्रपति भवन में बिटिया की शादी होने का सौभाग्य मिलना इस परिवार के लिए दोहरी खुशी का मौका बन गया है। इस शादी के साथ ही नया इतिहास रचने जा रहा है।
