Vastu Tips: हमारा बेडरूम, घर का सबसे अहम हिस्सा होता है, जहां हम आराम करते हैं और दिनभर की थकान को दूर करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बेडरूम में रखी कुछ चीजें आपकी सेहत और मानसिक स्थिति पर बुरा असर डाल सकती हैं? दरअसल, वास्तु शास्त्र के अनुसार, कुछ चीजें बेडरूम में रखना सही नहीं माना जाता है। इन चीजों को रखने से आपकी नींद के साथ-साथ जीवन पर भी बुरा असर पड़ सकता है। तो आइये जानते हैं उन चीजों के बारे में जिन्हें हमें अपने बेडरूम से तुरंत हटा देना चाहिए-
धार्मिक किताबें
वास्तु शास्त्र के अनुसार, बेडरूम में धार्मिक किताबें नहीं रखना चाहिए, क्योंकि ऐसा करना शुभ नहीं माना जाता है। वास्तु शास्त्र के अनुसार, गीता, कुरान, बाइबिल जैसी धार्मिक किताबें हमें आदर और सम्मान के साथ पूजा स्थल या मंदिर में रखनी चाहिए। बेडरूम आराम करने की जगह है, और इन किताबों को यहां रखने से उनका अपमान हो सकता है। इसलिए इन्हें किसी दूसरे सम्मानजनक स्थान पर रखना बेहतर होता है।
झाड़ू
वास्तु शास्त्र के अनुसार बेडरूम में झाड़ू भूलकर भी नहीं रखनी चाहिए। झाड़ू को मां लक्ष्मी के प्रतीक के रूप में देखा जाता है। इसलिए झाड़ू को घर के प्रमुख स्थानों से बाहर ऐसी जगह पर रखना चाहिए, जहां स्वछता हो। बेडरूम में झाड़ू रखने से आर्थिक तंगी और बीमारियां जन्म लेती है।
धारदार चीजें
वास्तु के अनुसार, बेडरूम में चाकू, कैंची या अन्य धारदार चीजें नहीं रखनी चाहिए। ये चीजें नकारात्मक ऊर्जा को आकर्षित करती हैं, जो घर में तनाव और झगड़े का कारण बन सकती हैं। इन चीजों को घर के अन्य हिस्सों में रखना चाहिए, ताकि बेडरूम का माहौल शांतिपूर्ण और सकारात्मक बना रहे।
देवी-देवता की मूर्तियां
वास्तु के अनुसार, बेडरूम में देवी-देवता की मूर्तियां रखना भी सही नहीं माना जाता है। यह जगह आराम करने के लिए होती है और मूर्तियों को पूजा स्थल पर रखना चाहिए। बेडरूम में मूर्तियां रखने से धार्मिक माहौल में खलल पड़ सकता है और मानसिक शांति प्रभावित हो सकती है। इसलिए इन्हें पूजा स्थल पर रखें।
मृत व्यक्ति की फोटो
वास्तु के अनुसार, बेडरूम में मृत व्यक्ति की फोटो रखना नकारात्मक ऊर्जा का कारण बन सकता है। इससे आपकी मानसिक स्थिति पर असर पड़ सकता है और शांति में विघ्न आ सकता है। मृत व्यक्ति की तस्वीरों को सम्मानजनक स्थान पर रखना चाहिए, जैसे पूजा स्थल, ताकि घर का माहौल सकारात्मक और शांतिपूर्ण बना रहे।
कांटेदार पौधे
हम सभी बेडरूम को सजाने के लिए छोटे-छोटे पौधों को रखते हैं। लेकिन आपको बता दें कि बेडरूम में कभी भी कांटेदार पौधों को नहीं रखना चाहिए। ऐसा करने से वैवाहिक जीवन में लडा़ई और नेगेटिव एनर्जी काफी बढ़ जाती है। इसलिए आप बेडरूम में गुलाब और कैक्टस के पौधे न लगाएं।
