Vastu Tips for Plants: पेड़-पौधे लगाना बहुत ही शुभ माना जाता है। इससे संबंध सिर्फ हरियाली और शुद्ध वातावरण से न होकर सकारात्मक ऊर्जा और समृद्धि से भी है। वास्तु शास्त्र में भी पेड़-पौधे लगाने को सकारात्मक ऊर्जा से जोड़ा जाता है। आजकल घर-आंगन या बालकनी ही नहीं बल्कि घर के भीतर भी पौधे लगाने का चलन तेजी से बढ़ा है। इनडोर प्लांट्स को लोग घर के भीतर लगाते हैं, जिससे घर की खूबसूरती भी बढ़ जाती है। लोग लिविंग रूम, बेडरूम से लेकर रसोई तक इनडोर प्लांट्स लगाते हैं, जिससे कि घर की सुंदरता तो बढ़ती ही हैं, साथ ही सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी बढ़ता है और इससे वातावरण भी शुद्ध रहता है।
वास्तु शास्त्र में ऐसे कई पौधे बताए गए हैं जिन्हें घर के भीतर रखने से पॉल्यूशन में भी कमी आती है। लेकिन कुछ पौधे ऐसे भी होते हैं जिन्हें घर के भीतर लगाना अशुभ माना जाता है। इन पौधों को घर के भीतर रखने से कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। क्योंकि ये पौधे तेजी से नकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाते हैं और यदि इन्हें उचित दिशा में न रखा जाए तो ये धन हानि का कारण भी बन सकते हैं। इसलिए यह जान लीजिए कि, वो कौन से पौधे हैं जिन्हें घर के भीतर नहीं लगाना चाहिए।
कैक्टस का पौधा

वास्तु शास्त्र के अनुसार घर पर कैक्टस का पौधा लगाना अशुभ माना जाता है। इसका कारण यह है कि यह कांटों से भरा होता है, जिससे नकारात्मक ऊर्जा तेजी से फैलती है। इसलिए कैक्टस या कोई भी कांटेदार पौधा घर के भीतर नहीं लगाना चाहिए। कई लोग गुलाब का पौधा भी लगाते हैं। अगर आपके घर पर भी गुलाब का पौधा है तो इसे घर के बाहर तक ही सीमित रखें, घर के भीतर न लगाएं। इससे जीवन में कई परेशानियां उत्पन्न सकती है।
बोनसाई का पौधा

यह पौधा दिखने में बहुत आकर्षक लगता है। छोटा यह पौधा बिल्कुल वृक्ष की तरह लगता है। खूबसूरत दिखने के कारण ही कई लोग इसे अपने घर के भीतर लगाते हैं, लेकिन वास्तु शास्त्र की माने बोनसाई का पौधा कभी भी घर पर नहीं लगाना चाहिए। इससे जीवन चक्र बाधित हो सकती है, नौकरी-व्यापार में बाधा उत्पन्न होती है और पारिवारिक समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
रबर प्लांट

रबर प्लांट में सुंदर मोमी दिखने वाली पत्तियां सभी को आकर्षित करती है। घर की सजावट के लिए लोग इसे इंडोर प्लांट्स की तरह घर के भीतर रखते हैं। वास्तु शास्त्र में भी रबर प्लांट को घर के भीतर रखना शुभ बताया गया है। लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि इसे हमेशा वास्तु अनुसार बताए सही दिशा या स्थान में ही रखें। अगर यह पौधा गलत दिशा में रखा गया तो यह नकारात्मकता बढ़ा सकता है।
दूध निकलने वाले पौधे

ऐसा कोई भी पौधा जिसकी पत्तियों को तोड़ने पर उससे दूध या सफेद पदार्थ जैसा कुछ निकलता हो, उसे भूलकर भी घर पर नहीं लगाना चाहिए। ऐसे पौधों को घर पर रखने से बहुत तेजी से नकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है और घर का माहौल भी तनावपूर्ण हो जाता है।
