Chandigarh Romantic Places: भारत का राज्य अपनी खूबसूरती और अन्य खासियतों की वजह से दुनिया भर में पहचाना जाता है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, हरियाणा, उत्तर प्रदेश सहित हर राज्य में देखने के लिए कुछ ना कुछ जरूर मौजूद है। अक्सर पर्यटकों को इन राज्यों में घूमते फिरते और अलग-अलग जगह को एक्सप्लोर करते हुए देखा जाता है।
पंजाब भारत के सबसे प्रसिद्ध और खूबसूरत राज्यों में से एक है। यहां पर अमृतसर, लुधियाना, चंडीगढ़ जैसे कई सारे सुंदर शहर मौजूद हैं। जहां घूमने के लिए एक से बढ़कर एक स्थान है। चंडीगढ़ एक बहुत ही सुंदर शहर है, जिसे अपनी हरियाली और आधुनिक वास्तुकला के लिए पहचाना जाता है। जो लोग पंजाब घूमने का प्लान बनाते हैं वह चंडीगढ़ जरूर जाते हैं।
वैलेंटाइन के लिए बेस्ट
वैलेंटाइन वीक शुरू हो चुका है और 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे सेलिब्रेट किया जाएगा। अगर इस मौके पर आप अपने पार्टनर के साथ किसी रोमांटिक डेस्टिनेशन पर जाने का प्लान बना रहे हैं, तो चंडीगढ़ बिल्कुल बेस्ट रहेगा। यहां पर कई सारे स्थान मौजूद हैं, जहां पर आप अपने पार्टनर के साथ अच्छा समय गुजार सकते हैं। अगर आपको शांत वातावरण, सुंदर से बगीचे और आकर्षक चीज पसंद है तो चलिए चंडीगढ़ में मौजूद पांच टूरिस्ट प्लेस के बारे में जान लेते हैं।
रोज गार्डन
चंडीगढ़ का रोज गार्डन बहुत ही प्रसिद्ध है जिसे जाकिर हुसैन रोज गार्डन के नाम से भी पहचाना जाता है। यह शहर की सबसे रोमांटिक लोकेशन में से एक है। यह गार्डन 30 एकड़ में फैला हुआ है और यहां पर गुलाब की एक से बढ़कर एक किस्में देखने को मिलती है। जब आप इन रंग बिरंगे फूलों के बीच में टहलेंगे तो आपका दिल खुश हो जाएगा। यहां की शांत और ताजा हवा, पक्षियों की चहचहाहट आपके प्यार को बढ़ा देगी। फरवरी और मार्च के महीने में गुलाब के फूल पूरी तरह से खिल जाते हैं और यह गार्डन बहुत खूबसूरत नजर आता है।

जापानी गार्डन
यह चंडीगढ़ का एक ऐसा स्थान है, जो अपनी सुंदरता और शांति की वजह से पहचाना जाता है। इसे जापानी वास्तु कला से प्रेरित होकर बनाया गया है। यहां पर तालाब, पेड़ और छोटे-छोटे पुल देखने को मिलते हैं। जिन लोगों को प्रकृति के बीच समय गुजारना पसंद है उनके लिए यह जगह जन्नत से कम नहीं है। अगर आप भीड़भाड़ से दूर अच्छा समय गुजारना चाहते हैं तो पार्टनर के साथ जाने के लिए यह जगह बेस्ट है।

सुखना झील
यह चंडीगढ़ के सबसे लोकप्रिय स्थानों में से एक है। अगर आप झील के किनारे बैठकर पार्टनर के साथ सुकून भरा समय गुजारना चाहते हैं तो इस स्थान पर जा सकते हैं। दरअसल ये नेचुरल नहीं बल्कि मानव निर्मित झील है, जिसे शिवालिक पहाड़ियों की तलहटी में बनाया गया है। यहां का शांत वातावरण आपका दिल खुश कर देगा। झील के किनारे बैठने के अलावा आप बोटिंग का आनंद ले सकते हैं या फिर टहल सकते हैं। यहां पर कुछ कैफे और रेस्टोरेंट हैं, जहां पार्टनर के साथ रोमांटिक डिनर प्लान किया जा सकता है। शाम के समय यह झील जादुई नजर आती है क्योंकि यहां की लाइटिंग इसकी शान को बढ़ा देती है।

सेक्टर 17 प्लाजा
यह चंडीगढ़ का एक लोकप्रिय स्थान है जो असल में मनोरंजन का केंद्र कहा जाता है। यहां पर कई सारी दुकान कैफे और रेस्टोरेंट मौजूद है जिन्हें आप अपने पार्टनर के साथ एक्सप्लोर कर सकते हैं। यहां शॉपिंग करने के साथ स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद भी लिया जा सकता है। अगर आप अपने दिल की बातों का इजहार करना चाहते हैं तो यहां के कैफे बेस्ट रहेंगे। कुछ जगहों पर इवेंट का आयोजन भी होता है और आप इनका हिस्सा बन सकते हैं।

रॉक गार्डन
ये चंडीगढ़ का सबसे अनोखा स्थान है। जिसे वेस्ट मटेरियल यानी टूटी हुई टाइल्स, कांच और प्लास्टिक से बनाया गया है। यहां पर कला का जो अद्भुत नमूना है उसे देखकर आप हैरान हो जाएंगे। पार्टनर के साथ घूमने के लिए यह जगह बिल्कुल बेस्ट है। यहां आपको तरह-तरह की कलाकृतियां देखने को मिलेगी जिनकी रचनात्मक आपका दिल खुश कर देगी।
