समर हॉलिडे के लिए बेस्ट हैं ये प्लेस, आज ही कर करें घूमने की प्लानिंग: Summer Holiday Ideas
Summer Holiday Ideas

Summer Holiday Ideas: समर हाॅलिडे आने वाली हैं। ऐसे में अधिकांश लोग घूमने की प्लानिंग कर रहे हैं। लेकिन एक काॅमन प्राॅब्लम जो इस समय आती है वो है पीक सीजन और उसके साथ बढ़ते होटल के टैरिफ। टूरिस्ट की भीड़ और हर टूरिस्ट प्लेस पर लगी लंबी कतारें। ऐसे में क्यों न इस समर हाॅलिडे में आप भारत की कुछ ऐसी ऑफ बीट डेस्टिनेशन चुनें जो बेहद शानदार हैं। इन हिडन प्लेस पर जाकर आपको बहुत ही अच्छा एक्सपीरियंस होगा।

भंडारदरा, महाराष्ट्र

महाराष्ट्र का भंडारदरा एक शानदार हिल स्टेशन है। समर हॉलिडे में यहां घूमने का प्लान बनाना आपके लिए एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है। प्रवरा नदी किनारे, सह्याद्री पर्वत श्रृंखला पर बसा यह हिल स्टेशन हरियाली से घिरा हुआ है। भंडारदरा मुंबई से करीब 185 किलोमीटर दूर है। शहर की भागदौड़ और पाॅल्यूशन से दूर कुछ दिन बिताने का मन है तो यहां आकर आप सुकून पाएंगे। हरे-भरे खेत, नदी, झरने एक परफेक्ट हाॅलिडे के लिए जो कुछ भी जरूरी है वो सब आपको यहां मिलेगा। यहां का अम्ब्रेला फॉल्स और रंधा वाटर फॉल देखकर आपका दिल खुश हो जाएगा। वहीं माउंट कलसुबाई से दिखने वाले नजारे बहुत ही शानदार हैं। आर्थर झील में आप न सिर्फ बोटिंग कर सकते हैं, बल्कि फिशिंग का भी आनंद ले सकते हैं। बीते दो सौ साल से शान से खड़े रत्नागढ़ और हरिश्चंद्रगढ़ किले देखने लायक है।  

कुन्नूर, तमिलनाडु

तमिलनाडु का कुन्नूर भारत के बेहतरीन हिल स्टेशंस में से एक है। नीलगिरी पहाड़ियों से घिरा यह शांत हिल स्टेशन चाय के बागानों से घिरा है। यह ऊटी से मात्र 18 किमी दूर स्थित है। समुद्र तल से करीब 6,000 फीट ऊपर स्थित है यह जगह फैमिली हाॅलिडे के लिए परफेक्ट है। यहां के सुंदर सिम्स पार्क में आप एक हजार से ज्यादा किस्म के पौधे देख सकते हैं। वहीं टी एस्टेट में जाकर आप चाय बनाने की प्रक्रिया भी जान सकते हैं। लैम्ब रॉक से चाय के बागानों के अद्भुत दृश्य आपको नजर आएंगे। करामाती कैथरीन फॉल्स देखने लायक है। वहीं अगर कुछ अलग अनुभव लेना चाहते हैं तो ऊटी और कुन्नूर के बीच चलने वाली हेरिटेज ट्रेन का सफर करना न भूलें।

खज्जियार, हिमाचल प्रदेश

समर वेकेशन के लिए अगर आप कोई ऑफबीट डेस्टिनेशन तलाश रहे हैं तो हिमाचल प्रदेश का खज्जियार अच्छा ऑप्शन है। डलहौजी से करीब 24 किलोमीटर दूर स्थित यह शानदार हिल स्टेशन हरी-भरी पहाड़ियों, झीलों और ईथर घास के मैदानों से घिरा है। यहां की वादियों से सनराइज और सनसेट के नजारे देखना अनोखा अनुभव है। यहां आप कई एडवेंचर स्पोर्ट्स भी कर सकते हैं। हाॅर्स राइडिंग से लेकर ज़ोरबिंग तक का आनंद यहां लिया जा सकता है। कालाटोप वाइल्ड लाइफ सेंचुरी में आप भालू, हिमालयन ब्लैक मार्टेन और पैंथर जैसे वन्य जीव देख सकते हैं। यहां की खज्जियार झील और चमेरा झील का नजारा देखने लायक है। यहां आकर आपको विदेशों वाली फीलिंग आएगी।

तवांग, अरुणाचल प्रदेश

अगर आप अपनी लाइफ में कोई लाइफ टाइम एक्सपीरियंस लेना चाहते हैं तो अरुणाचल प्रदेश का तवांग आपके लिए बेस्ट प्लेस है। तवांग घाटी इतनी खूबसूरत है कि इसकी सुंदरता आप भुला नहीं पाएंगे। यहां की सुंदर घाटियां, नीले पानी की नदियां और शानदार झरने आपके सफर को यादगार बना देंगे। समुद्र तल से करीब दस हजार फीट की ऊंचाई पर बसी इस घाटी की हवाएं भी आपको तरोताजा कर देंगी। घाटी में बना 400 साल पुराना तवांग मठ वास्तुकला का अद्भुत उदाहरण है। बाप तेंग कांग झरना देखने का अनुभव शानदार रहेगा। शांत पंकंग टेंग त्सो झील पर समय बिताना यादगार होगा। सेला दर्रा और स्वर्ग झील बेहद खूबसूरत है। आप यहां की ब्रह्मपुत्र नदी में राफ्टिंग का आनंद ले सकते हैं।  

पेलिंग, सिक्किम  

पेलिंग सिक्किम का वो खूबसूरत हिस्सा है, जिसका वातावरण ही आपको सुकून देगा। हरे-भरे जंगलों और खाइयों से घिरा यह छोटा सा कस्बा प्रकृति का वरदान है। यहां के टूरिस्ट स्पॉट ही नहीं यहां के रास्ते भी बेहद खूबसूरत हैं। रास्तों पर हर थोड़ी देर में आने वाले प्राकृतिक झरने आपको रोमांचित कर देंगे। यह एक परफेक्ट समर वेकेशन डेस्टिनेशन है। सूरज की पहली किरण के साथ ही कंचनजंगा रेंज का अद्भुत नजारा लाइफटाइम एक्सपीरियंस होगा। सूरज की किरणें जब बर्फ से ढके कंचनजंगा रेंज पर पड़ती है तो मानों पूरी श्रृंखला सोने सी चमकने लगती है। यहां के बौद्ध मठ आपके दिल को सुकून देंगे। चेनरेज़िग प्रतिमा की भव्यता और ग्लास स्काईवॉक अनोखा अनुभव रहेगा।

नौकुचियाताल, उत्तराखंड  

उत्तराखंड को प्रकृति का वरदान प्राप्त है। यहां का नौकुचियाताल हिडन टूरिस्ट डेस्टिनेशंस में से एक है। कुमाऊं की शानदार वादियों में बसा नौकुचियाताल खूबसूरत पहाड़ों से घिरा है। शोर-शराबे और भीड़ से दूर अगर आप नेचर को फील करना चाहते हैं तो यह आपके लिए बेस्ट प्लेस है।  नैनीताल जिले के इस छोटे से शांत और सुंदर गांव से आपको प्यार हो जाएगा। यहां की खूबसूरत नौ कोनों वाली नौकुचियाताल झील में आप बोटिंग का आनंद ले सकते हैं। यहां पैराग्लाइडिंग जैसी एडवेंचर एक्टिविटीज भी की जा सकती हैं।  

तीर्थन घाटी, हिमाचल प्रदेश

हिमाचल प्रदेश की तीर्थन घाटी एक ऐसी जगह है जहां एक बार जाना तो बनता है। अगर आपने यह ऑफबीट डेस्टिनेशन नहीं देखी तो आप एक वंडरफुल एक्सपीरियंस मिस कर देंगे। ट्रैकिंग के शौकीन लोगों के लिए यह किसी जन्नत से कम नहीं है। यहां का हरा-भरा पर्णपाती जंगल बेहद खूबसूरत है। रात के समय आपको यहां इतने तारे दिखेंगे, जिसे देखना अद्भुत अनुभव होगा। यहां रैपलिंग, माउंटेन क्लाइम्बिंग और कयाकिंग जैसे एडवेंचर स्पोर्ट्स कर सकते हैं। यहां आपको कई शानदार रिसाॅर्ट भी मिलेंगे, जहां आप लग्जरी और कंफर्टेबल हाॅलिडे बिता सकते हैं।

पचमढ़ी, मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश का पचमढ़ी एक खूबसूरत शहर है। यह एक ऐसी जगह है जहां आकर आपकी सारी थकान उतर जाएगी। यहां के झरने, गुफाएं, हरे-भरे पहाड़ हाॅलिडे के लिए परफेक्ट है। सतपुड़ा की रानी कहा जाने वाला पचमढ़ी बहुत ही सुंदर जगह है। यहां का अप्सरा विहार, सिल्वर फॉल और बी फॉल झरना पर्यटकों को बहुत ही पसंद है। यहां आएं तो आप सतपुड़ा नेशनल पार्क जाना नहीं भूलें। यहां की प्राचीन पांडव गुफाएं देखना एक अलग अनुभव होगा। कुल मिलाकर यह जगह बहुत ही खूबसूरत है और एक परफेक्ट हॉलिडे डेस्टिनेशन है।  

मैं अंकिता शर्मा। मुझे मीडिया के तीनों माध्यम प्रिंट, डिजिटल और टीवी का करीब 18 साल का लंबा अनुभव है। मैंने राजस्थान के प्रतिष्ठित पत्रकारिता संस्थानों के साथ काम किया है। इसी के साथ मैं कई प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबों की एडिटर भी...

Leave a comment