Travel Without Visa: विदेश घूमना चाहते हैं, लेकिन वीजा लेने की झंझट नहीं चाहिए तो परेशान न हों। दुनियाभर में ऐसी एक दो नहीं कई खूबसूरत टूरिस्ट डेस्टिनेशन हैं, जहां वीजा की कोई जरूरत नहीं है। ये ऐसी डेस्टिनेशंस हैं, जहां आप अपनी फैमिली या फ्रेंड्स के साथ भरपूर इंजॉय कर सकते हैं। समय कब निकल जाएगा, आपको बिलकुल अहसास ही नहीं होगा। इन जगहों पर जाकर आपको ऐसा आनंद आएगा कि लौटने का मन ही नहीं करेगा। हालांकि आपके पास पासपोर्ट होना चाहिए।
भूटान: दिल में बस जाएगी यहां की हरियाली

आपको नेचर पसंद है, तो भूटान आपका मन जीत लेगा। भारत के इस पड़ोसी देश में जाने और घूमने के लिए आपको वीजा की कोई जरूरत नहीं है। हिमालय की गोद में बसे इस खूबसूरत देश को बौद्ध धर्म के लिए जाना जाता है। यहां आप सड़क के जरिए पहुंच सकते हैं और यदि समय बचाना हो तो विमान सबसे शानदार उपाय है। प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद यहां उठाया जा सकता है। वहीं मनोरंजन के लिए ट्रेकिंग भी कर सकते हैं। यहां टाइगर नेस्ट, दोचुला पास, हा वैली और पुनाखा जोंग जैसे मशहूर टूरिस्ट प्लेस हैं। वहीं धार्मिक पर्यटन भी यहां कर सकते हैं। यहां कई बौद्ध मठ हैं, जहां आप आसानी से घूम सकते हैं। यहां का शांत माहौल और आम लोगों का अनुशासन आपको बहुत कुछ सिखा देगा।
मॉरीशस: धर्म और आधुनिकता का संगम

मॉरिशस जाकर आपको पता ही नहीं चलेगा कि आप अनजान लोगों के बीच घूम रहे हैं। यहां इतने भारतीय हैं कि जैसे यहां हर जगह भारत बसा हुआ हो। हिंदी, भोजपुरी सहित भारत में बोली जाने वाली कई भाषाओं में बात करते हुए लोग आपको मिलेंगे। मॉरीशस वाटर स्पोर्ट्स के लिए जाना जाता है। यदि वाटर स्पोर्ट्स पसंद हो तो आपके लिए ये एक परफेक्ट टूरिस्ट प्लेस है। यहां के आकर्षक और साफ समुद्री बीच आपके हॉलीडे को और भी खूबसूरत बना देंगे। पूरे शहर की साफ सफाई आपका दिल जीत लेगी।
फिजी : यहां की फिजाओं में बहती है मस्ती

यदि आपको आईलैंड घूमने का मजा उठाना हो, तो फिजी बहुत उम्दा डेस्टिनेशन है। यहां आपको शानदार वादियों में बसे छोटे-छोटे गांव देखने को मिलेंगे। आपको अंग्रेजी नहीं आती तो भी कोई परेशानी नहीं है, यहां कई लोग हिंदी बोलते हुए मिल जाएंगे। यहां भी कई भारतीय बसे हुए हैं। फिजी में घूमने लायक जगहों में सुवा गार्डेन ऑफ स्लीपिंग जाएंट, फॉरेस्ट पार्क और फिजी म्यूजियम शामिल है। यहां के लोगों की बेफिक्री आपको इंप्रेस कर देगी।
इंडोनेशिया : कल्चर और कला का मेल

वाटर स्पोर्ट्स से लेकर जंगलों तक, मंदिरों से लेकर मठों तक इंडोनेशिया में आपको वो सब मिल जाएगा जो एक परफेक्ट हॉलीडे के लिए जरूरी है। यहां बिना वीजा के जाया जा सकता है। बाली का नेचर आपका दिल जीत लेगा। यहां की हरियाली आपके मन को कभी उदास नहीं होने देगी। यहां आप मरीन लाइफ का मजा ले सकते हैं। साथ ही ज्वालामुखी से बने पहाड़ भी देख सकते हैं। यहां पापुआ आइलैंड बहुत फेमस है और जकार्ता भी घूमने जा सकते हैं।
सेशेल्स : समुद्र को जाने और जिएं

अफ्रीकी द्वीप देखने और घूमने का मन हो, तो आपकी इस तमन्ना को सेशेल्स पूरा कर देगा। यहां के सबसे खूबसूरत आईलैंड हैं। यहां के शानदार द्वीपों में रहकर अच्छा समय गुजारा जा सकता है। यहां की प्रकृति आपका दिल जीत लेगी। बिना वीजा के यहां आकर आप विदेश यात्रा का सपना पूरा कर सकते हैं।
