Shiva Mantra Benefits: सनातन धर्म में सप्ताह में आने वाला हर दिन किसी ना किसी देवता को समर्पित होता है। उस दिन विशेष देवता की पूजा करने का विधान है। इसी तरह सोमवार का दिन देवों के देव महादेव को समर्पित होता है। इस दिन भोलेनाथ की विशेष कृपा बरसती है। सोमवार के दिन भगवान शिव की उपासना करने से मनोवांछित फल प्राप्त होता है। कुछ लोग सुख—समृद्धि के लिए सोमवार का व्रत भी रखते हैं। शास्त्रों में भगवान शिव को समर्पित कुछ ऐसे मंत्रों का उल्लेख मिलता हैं, जिनका सोमवार को जाप करने से हर तरह का संकट दूर हो जाता है और महादेव का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है। तो चलिए जानते हैं सोमवार के दिन किस प्रकार इन मंत्रों का जाप करना चाहिए।
भगवान शिव के चमत्कारी मंत्र

पंडित इंद्रमणि घनस्याल बताते हैं कि भगवान शिव का स्वभाव बड़ा ही भोला है, वे अपने भक्तों की करुण पुकार सुनकर ही उन पर कृपा बरसाते हैं। शिव की पूजा के समय विशेष मंत्रों का जाप करना बेहद ही फलदायी होता है। हर संकट से बचने के लिए शिव के मंत्रों का जाप करना चाहिए। इससे व्यक्ति का कल्याण होता है और सुख—समृद्धि बनी रहती है। धार्मिक शास्त्रों में इन मंत्रों का महत्व बताया गया है। आज हम आपको भगवान शिव के ऐसे ही प्रभावशाली और चमत्कारी मंत्रों के बारे में बता रहे हैं।
सोमवार के दिन इन मंत्रों का करें जाप

ॐ नमः शिवाय
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, ॐ नमः शिवाय भगवान शिव का सबसे सरल व प्रभावी मंत्रों में से एक है। जो भी भक्त सोमवार के दिन ॐ नमः शिवाय मंत्र के साथ भगवान शिव की स्तुति करता है, उसकी हर मनोकामना पूरी होती है। इस मंत्र का जाप करते समय जातक को अपना ध्यान केवल भगवान शिव में लगाना चाहिए, तभी इसका फल प्राप्त होता है।
महामृत्युंजय मंत्र
ॐ त्र्यम्बकं यजामहे सुगन्धिं पुष्टिवर्धनम्, उर्वारुकमिव बन्धनान मृत्योर्मुक्षीय मामृतात्क। यह भगवान शिव का सबसे ताकतवर व प्रभावी मंत्र है। महामृत्युंजय मंत्र के जाप से व्यक्ति का मन भयमुक्त हो जाता है और उसके तमाम संकट दूर होते हैं। सोमवार के दिन महामृत्युंजय मंत्र का जाप सुबह जल्दी उठकर कर भगवान शिव की प्रतिमा के सामने करना चाहिए।
ॐ हौं जूं सः
सोमवार के दिन इस मंत्र का जाप करना बेहद फलदायी होता है। अगर आपको महामृत्युंजय मंत्र जाप करने में परेशानी हो रही है तो आप केवल इस मंत्र का जाप कर सकते हैं। इससे आपको महामृत्युंजय मंत्र के बराबर फल की प्राप्ति होती है। ॐ हौं जूं सः मंत्र का जाप करने से जीवन की सभी परेशानियां दूर होती हैं और व्यक्ति के उन्नति के द्वार खुलते हैं।
ॐ तत्पुरुषाय विद्महे महादेवाय धीमहि तन्नो रुद्र: प्रचोदयात
जीवन में तरक्की और सुख—समृद्धि और भाग्योदय के लिए सोमवार के दिन इस मंत्र का जाप करना चाहिए। इससे भगवान शिव की विशेष कृपा प्राप्त होती है और जीवन में सुख—शांति बनी रहती है।
यह भी पढ़ें: दक्षिण दिशा में कौनसी वस्तुएं रखना होता है अशुभ, जानें वास्तु के सही नियम: South Direction Vastu
