Sawan Month 2023: भक्ति, आस्था, संगम और महादेव का प्रिय महीना सावन 4 जुलाई 2023 से शुरू हो रहा है। हिंदू धर्म ग्रंथों में सावन महीने का विशेष स्थान है। सावन महीना भगवान शिव की भक्ति का विशेष काल माना गया है। सावन महीने में शिवालयों में शिवभक्तों का तांता लगा रहता है। शिव भक्त भोलेनाथ को रिझाने के लिए विशेष पूजा अर्चना करते हैं। सावन महीने में ही कांवड़ यात्रा का आगाज होता है। सावन महीने में हर सोमवार को शिव भक्त उपवास रखते हैं। इस बार सावन माह अपने साथ विशेष संयोग लेकर आ रहा है। इस बार सावन महीने में 4 की जगह, 8 सोमवार पड़ेंगे। इस बार सावन का महीना दो महीने का होगा। तो चलिए जानते हैं इस सावन क्या क्या खास रहने वाला है।
19 साल बाद बना ऐसा संयोग

पंडित इंद्रमणि घनस्याल के अनुसार, इस बार सावन महीने में अधिकमास पड़ रहा है। इस वजह से सावन का महीना दो महीने का रहेगा। दो महीने का सावन होने की वजह से 8 सोमवार का व्रत रखा जाएगा। बता दें कि अमूमन सावन का महीना 30 दिनों का होता है और 4 सोमवार के व्रत रखे जाते हैं। लेकिन इस बार 59 दिनों का सावन माह रहेगा जिसमंे 8 सोमवार आएंगे। 19 साल बाद ऐसा संयोग बन रहा है जब सावन का महीना दो महीने को होगा। सावन का महीना 4 जुलाई 2023 से शुरू होगा और 31 अगस्त 2023 को समाप्त होगा।
जल चढ़ाने के लिए मिलेंगे दो सोमवार

सावन के पूरे महीने शिव भक्त भगवान भोलेनाथ की उपासना में लीन रहते हैं। सावन शुरू होते ही कांवड़ा यात्रा भी प्रारंभ हो जाती है। जिसमें भक्त गंगा नदी से पैदल यात्रा करते हुए कांवड़ा लेकर आते हैं। इस बार सावन महीना दो महीने का रहेगा। लेकिन, कांवड़ चढ़ाने के लिए भक्तों को दो सोमवार ही मिलेंगे। हालांकि, सावन का व्रत रखने वाली महिलाएं सभी आठों सोमवार को जल चढ़ा सकेगी।
सावन महीने में तीज त्योहार भी

यूं तो हर साल ही सावन महीना भक्ति और आस्था से भरा रहता है। लेकिन, इस बार दो महीने का सावन होने की वजह से कई बड़े प्रमुख तीज त्योहार भी आ रहे हैं। इस बार सावन महीना व्रत और त्योहारों से भरा हुआ रहेगा। इस बार सावन महीने में मंगला गौरी व्रत, पद्मिनी एकादशी, हरियाली तीज, रक्षा बंधन जैसे व्रत त्योहार पड़ रहे हैं। इस वजह से भी इस बार का सावन महीना बेहद खास रहने वाला है।
साल 2023 में कब-कब है सावन सोमवारी व्रत?

सावन का पहला सोमवार: 10 जुलाई
सावन का दूसरा सोमवार: 17 जुलाई
सावन का तीसरा सोमवार: 24 जुलाई
सावन का चौथा सोमवार: 31 जुलाई
सावन का पांचवा सोमवार: 07 अगस्त
सावन का छठा सोमवार:14 अगस्त
सावन का सातवां सोमवार: 21 अगस्त
सावन का आठवां सोमवार: 28 अगस्त
