Sawan 2023 Vastu Tips: सावन का महीना भगवान शिव की भक्ति का सबसे पावन महीना माना गया है। यह महीना भगवान शंकर की स्तुति, पूजा पाठ और साधना के लिए विशेष होता है। भगवान शिव को भक्त अनेक नामों से पुकारते हैं। भगवान शिव का एक नाम भोलेनाथ भी है, क्योंकि वह अपने भक्तों की सच्ची श्रद्धा देखकर ही प्रसन्न हो जाते हैं। सावन में भगवान शिव की पूजा का विशेष महत्व होता है। सावन महीने में शिव की भक्ति से व्यक्ति को मनचाहा वरदान प्राप्त होता है और जीवन के समस्त रोग दोष दूर हो जाते हैं। सावन में कुछ लोग अपने घर दुकान में भगवान शिव की नई प्रतिमा स्थापित करते हैं, जो कि शुभ माना जाता है। लेकिन, शास्त्रों में भगवान शिव की फोटो को लेकर कई नियम बताए गए हैं। ऐसे में घर दुकान पर वास्तु नियमों के अनुसार ही भगवान शिव की प्रतिमा लगानी चाहिए। तो चलिए जानते हैं भगवान शिव की किस प्रकार की फोटो लगाना अशुभ होता है।
ना लगाएं भगवान शिव की ऐसी तस्वीर

पंडित इंद्रमणि घनस्याल बताते हैं कि धर्म शास्त्रों में बताया गया है कि भगवान शिव की तस्वीर लगाते समय कुछ बातों का ध्यान रखना आवश्यक होता है। वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर या दुकान या दफ्तर में भगवान शिव की कभी भी रौद्र रूप में तस्वीर नहीं लगानी चाहिए। ऐसी तस्वीर शुभ नहीं मानी जाती है। भगवान शिव की रौद्र रूप वाली तस्वीर लगाने से घर में तनाव का माहौल बना रहता है। परिवार के सदस्यों में गुस्सा रहता है, जिससे घर की सुख—शांति जा सकती है। इससे घर में नकारात्मक ऊर्जा भी प्रवेश करती है। दुकान में शिव की रौद्र रूप वाली फोटो लगाने से व्यवसाय पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इसलिए भगवान शिव की रौद्र रूप की तस्वीर घर या दुकान में नहीं लगानी चाहिए।
सुख शांति के लिए लगाएं शिव की ऐसी तस्वीर

अब सवाल है कि घर में फिर किस प्रकार की शिव की प्रतिमा स्थापित करनी चाहिए। वास्तु नियमों के अनुसार, घर पर भगवान शिव की कैलाश में विराजमान मुद्रा वाली तस्वीर लगा सकते हैं। इसके अलावा आप नंदी पर विराजमान भगवान शिव की प्रतिमा भी लगा सकते हैं। या फिर भगवान शिव की प्रसन्न मुद्रा में बैठे हुए की तस्वीर लगा सकते हैं। भगवान शिव की ऐसी तस्वीरें लगाना शुभ माना जाता है। इससे घर परिवार में भगवान शिव की कृपा बनी रहती है। इसके अलावा घर में सुख—समृद्धि बनी रहती है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। हालांकि, भगवान शिव की तस्वीर शुभ दिशा में लगानी चाहिए। वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर में देवी देवताओं की तस्वीर लगाने की सबसे शुभ दिशा उत्तर मानी गई है। ऐसे में भगवान शिव की फोटो उत्तर दिशा में लगाएं। वहीं, स्थान ऐसा चुने, जहां से सभी को भगवान शिव के दर्शन हो सकें।
यह भी पढ़ें: सावन में भगवान शिव को जरूर अर्पित करें ये चीजें, होंगे प्रसन्न: Sawan Bhog 2023