Remedies For Evil Eye: भारत में आज भी बच्चों को लेकर मां के कई तरह के विश्वास होते हैं। अक्सर ऐसा माना जाता है कि छोटे बच्चों को नजर लग जाती है। नजर दोष का वर्णन भागवत, रामायण और शास्त्रों में भी मिलता है। यशोदा मैया और माता कौशल्या भी भगवान राम और कृष्ण की बचपन में नजर उतारा करती थीं। आज भी लोग नजर दोष में विश्वास रखते हैं।
यह भी देखें-आखिर क्यों लेट होते हैं पीरियड्स, एक्सपर्ट से जानें वजह: Reasons Of Late Periods
आपने आज भी अपनी दादी और नानी को बच्चों की नजर उतारते देखा होगा। ऐसा माना जाता है कि नजर दोष के चलते बच्चों की सेहत पर भी खराब असर पड़ता है। ऐसे में आज हम आपको ऐसे उपाय बताएंगे, जिनकी मदद से आप भी अपने बच्चे की नजर उतार सकते हैं। आइए जानते हैं बच्चे की नजर उतारने के कुछ पुराने उपायों के बारे में।
लाल मिर्च से उतारें बच्चे की नजर

अगर आपके बच्चे को बुरी नजर लग गई है, तो सूखी लाल मिर्च की मदद से आप उसकी नजर को उतार सकते हैं। इसके लिए 7 सूखी लाल मिर्च लें और इसे बच्चे के सिर पर घुमाएं। इसे बच्चे के सिर के ऊपर से घड़ी की सीधी दिशा में 7 बार घुमाएं और आंखों को बंद करके उसकी नजर उतारने के बारे में सोचें। मन में अपने ईष्ट देव को याद करें। इसके बाद इस मिर्च को आग में जला दें और आपकी ये पूरी प्रकिया कोई भी ना देखे।
राई और नमक से नजर उतारें
अगर आपके घर में बच्चे या किसी बड़े को नजर लग गई है, तो उसे दूर करने के लिए आप राई और नमक का इस्तेमाल कर सकती हैं। एक मुट्ठी में राई लें और साथ में एक चम्मच नमक लें। इन्हें मुट्ठी में भरकर बच्चे के सिर पर सात बार घुमाएं। अब इस राई और नमक को किसी खाली जगह या गार्डन में डाल दें। इस उपाय की मदद से नजर बहुत जल्द उतर जाती है।
नमक से नजर उतारें

बच्चे की नजर उतारने के लिए एक मुट्ठी में नमक लें और उसे अपने बच्चे के सिर पर सात बार घुमाएं। साथ में अपने देवी-देवताओं को मन में याद करते हुए बच्चे की बुरी नजर को दूर करने के बारे में सोचें। इसके बाद इस नमक को किसी नाली या बहते जल में फेंक दें।
फिटकरी से उतारें बच्चे की नजर

फिटकरी की मदद से भी आप अपने बच्चे की बुरी नजर को दूर कर सकती हैं। इसके लिए बच्चे को बिस्तर पर सीधा लेटा दें। इसके बाद अपनी मुट्ठी में फिटकरी लें और इसे अपने बच्चे के सिर से लेकर पैर तक सात बार घुमाएं। इसके बाद इस फिटकरी को आग में जला दें। फिटकरी के जलने के साथ बच्चे से बुरी नजर भी दूर हो जाएगी।
नींबू की मदद से उतारें नजर

नींबू को नजर दूर करने के लिए सबसे असरदार माना जाता है। नजर दूर करने के लिए आप नींबू का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। आधे कटे नींबू में 7 लौंग अटका दें और इसे अपने बच्चे के सिर पर सात बार घुमाएं। इसके बाद इस नींबू को ऐसी जगह फेंकें, जहां ये किसी के पैरों में ना आए। नजर दूर करने का ये उपाय आप मंगलवार या रविवार को आजमा सकते हैं।
