Pressure Cooker Hacks: भारतीय किचन में प्रेशर कुकर का इस्तेमाल काफी ज्यादा होता है। दाल बनाने से लेकर आपके फेवरेट राजमा उबालने तक प्रेशर कुकर के बिना दिन अधूरा है। इसके बिना शायद आपका भी किचन अधूरा ही होगा। प्रेशर कुकर के अंदर खाना बहुत जल्दी तैयार हो जाता है। इससे आपके गैस की भी बचत होती है।
यह भी देखें-गट हेल्थ के खराब होने का दिखते हैं ये लक्षण, ना करें भूल से भी नजरअंदाज: Poor Gut Health
लेकिन आपने देखा होगा कि अक्सर इसके ज्यादा इस्तेमाल से प्रेशर कुकर खराब भी होने लगते हैं और सही से काम नहीं करते हैं। अधिकतर किचन में प्रेशर कुकर से पानी निकलने की समस्या होती है। इसके साथ ही कई बार कुकर में सही से प्रेशर ना बनने की समस्या भी होती है, जिससे कुकर में सिटी ही नहीं लगती।
अगर आप भी इन सभी समस्याओं से अक्सर परेशान रहती हैं, तो आपको भी प्रेशर कुकर से जुड़े कुछ जरूरी हैक्स जरूर पता होने चाहिए। अगर आपको लगने लगा है कि आपका कुकर खराब हो गया है, तो कुछ हैक्स आपके कुकर को ठीक कर सकते हैं। आज हम आपको बताएंगे प्रेशर कुकर के कुछ गजब के हैक्स के बारे में।
कुकर के ढक्कन से झाग निकलना

अक्सर आपने देखा होगा कि राजमा या छोले उबालते हुए कुकर के ढक्कन में से झाग निकलने लगता है। ऐसे में अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। फलियां, दाल और चावल बनाते हुए ऐसा हो सकता है। झाग की समस्या से बचने के लिए खाना बनाते हुए उसमें थोड़ा सा तेल डाल लें। इसके अलावा कुकर में कभी भी उसके साइज के आधे हिस्से से ज्यादा पानी ना भरें। उसमें प्रेशर बनने के लिए जगह जरूर छोड़ें।
ठीक से प्रेशर ना बनना
बहुत बार कुकर में सही से प्रेशर नहीं बनता। ऐसे में आपको उसके ढक्कन की ठीक से जांच कर लेनी चाहिए। कई बार कुकर का ढक्कन सही से बंद नहीं होता। अगर आपके किचन में प्रेशर कुकर का बहुत ज्यादा इस्तेमाल होता है, तो हर साल गैसकेट को जरूर बदलें। इसके अलावा अगर सिटी नहीं आ रही है, तो देखें कहीं कुकर में पानी की मात्रा कम तो नहीं।
स्टीम वेंट ब्लॉक हो जाना

कई बार खाना बनाते हुए steam vent जाम हो जाता है। ऐसा कई बार अनाज, पास्ता, चावल जैसी चीजों को कुकर में बनाने से होता है। इसकी वजह से भाप पूरी तरह से कुकर से नहीं निकल पाती। ये काफी खतरनाक भी हो सकता है। ऐसे में आपको स्टीम वेंट को नियमित रूप से साफ करना चाहिए।
कुकर के हैंडल से भाप निकलना
अगर आपके प्रेशर कुकर के हैंडल से भाप या तरल निकल रहा है, तो इसका अर्थ है कि कुकर का कोई हिस्सा खराब हो चुका है। ऐसे में आपको इसे इस्तेमाल करने से बचना चाहिए और इसे ठीक करवा लेना चाहिए।
प्रेशर कुकर की रबड़ ढीली होना

आपके साथ भी ये जरूर हुआ होगा कि प्रेशर कुकर की रबड़ ढीली हो गई हो। ऐसे में कुकर में प्रेशर नहीं बनता। रबड़ पर आटे की लोई, ठंडा पानी या फिर टेप का इस्तेमाल करें। इस तरीके से रबड़ से हवा बाहर नहीं निकल पाएगी।
आप भी कुकर से जुड़ी परेशानियों को दूर करने के लिए इन हैक्स की मदद ले सकती हैं।
