PM narendra modi campaign against obesity
PM narendra modi campaign against obesity

Overview:

पीएम मोदी ने देश में बढ़ती मोटापे की दर से निपटने के लिए एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन की शुरुआत की है। इस अभियान में देशभर की 10 हस्तियों को भी शामिल किया गया है।

PM Modi Campaign Against Obesity: मोटापा कई बीमारियों की जड़ है। भारत सहित दुनियाभर में मोटापा एक बड़ी समस्या बन चुका है। वयस्कों के साथ ही बच्चे भी इससे प्रभावित हैं। बिगड़ी हुई लाइफस्टाइल, खराब खान पान और आदतें मोटापा का प्रमुख कारण हैं। मोटापे की इसी गंभीर समस्या के समाधान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा कदम उठाया है। पीएम मोदी ने हाल ही में ‘मन की बात’ के रेडियो प्रसारण में इस मुद्दे पर बात की और इसके समाधान पर जोर दिया। पीएम मोदी ने देश में बढ़ती मोटापे की दर से निपटने के लिए एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन की शुरुआत की है। इस अभियान में देशभर की 10 हस्तियों को भी शामिल किया गया है।

डरावनी है मोटापे की सच्चाई

PM Modi Campaign Against Obesity-विश्व स्वास्थ्य संगठन यानी डब्ल्यूएचओ ने मोटापे को नई 'महामारी' माना है।
The World Health Organization has declared obesity as a new ‘epidemic’.

विश्व स्वास्थ्य संगठन यानी डब्ल्यूएचओ ने मोटापे को नई ‘महामारी’ माना है। डब्ल्यूएचओ के साल 2022 के आंकड़ों के अनुसार ​दुनियाभर के करीब 250 करोड़ से ज्यादा लोग मोटापे के शिकार हैं। भारत में भी मोटापे के आंकड़े डराने वाले हैं। साल 2024 के आंकड़ों के अनुसार भारत के शहरी क्षेत्रों में ओवरवेट यानी ओबेसिटी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। आर्थिक सर्वेक्षण 2023-24 के अनुसार शहरी भारत में करीब 29.8% पुरुष और 33.2% महिलाएं मोटापे से पीड़ित हैं। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह आंकड़ा कुछ कम है। यहां करीब 19.3% पुरुष और 19.7% महिलाएं मोटापे की गिरफ्त में हैं। द वल्र्ड ओबेसिटी रिपोर्ट 2024 के अनुसार साल 2020 से 2035 तक हाई बीएमआई वाले वयस्कों की संख्या में 4.1% वार्षिक वृद्धि का अनुमान है। चिंता की बात ये है कि इसी दौरान हाई बीएमआई वाले बच्चों की संख्या में 6.2% वार्षिक वृद्धि की आशंका है। ऐसे में साफ है कि भारत में भी मोटापा एक बड़ी समस्या बनकर उभर रहा है।

ऐसे बनेगी सेहत की चेन

पीएम मोदी ने मन की बात में कहा कि अध्ययन बताते हैं कि आठ में से एक व्यक्ति मोटापे से पीड़ित है, जो काफी गंभीर है। खाने में कम तेल का उपयोग करना और मोटापे से निपटना, सिर्फ एक व्यक्तिगत पसंद नहीं है बल्कि हमारे परिवार के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर पीएम मोदी ने मोटापे के खिलाफ अपने नए अभियान की जानकारी दी। मोटापे का मुकाबला करने के लिए पीएम मोदी एक मजबूत चेन बना रहे हैं। उन्होंने लिखा कि जैसा मैंने कल की मन की बात में बताया था, मैं मोटापे के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करने और भोजन में खाद्य तेल की खपत को कम करने के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए 10 लोगों को नामित करना चाहता हूं। मैं उनसे यह भी अनुरोध करता हूं कि वे 10-10 लोगों को नामित करें जिससे हमारा आंदोलन बड़ा हो!

ये 10 हस्तियां शामिल हैं इस अभियान में

पीएम मोदी ने मोटापे के खिलाफ लड़ने के लिए सबसे पहले इन 10 हस्तियों को नामित किया है।
1. आनंद महिंद्रा, उद्योगपति
2. निरहुआ हिंदुस्तानी, अभिनेता
3. मनु भाकर, ओलंपिक पदक विजेता
4. सैखोम मीराबाई चानू, वेट लिफ्टर
5. मोहनलाल, अभिनेता
6. नंदन नीलेकणी, सह-संस्थापक, इंफोसिस
7. आर. माधवन, अभिनेता
8. श्रेया घोषाल, गायिका
9. सुधा मूर्ति, लेखिका-सोशल वर्कर
10. उमर अब्दुल्ला, राजनीतिज्ञ

आर. माधवन ने चुना इन्हें

पीएम नरेंद्र मोदी के ​अभियान को आगे बढ़ाते हुए अभिनेता आर. माधवन ने भी 10 नामों को नामित किया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, मैं माननीय पीएम नरेंद्र मोदी जी को देश को बेहतर स्वास्थ्य के लिए प्रेरित करने के लिए इस आवश्यक जागरूकता कार्यक्रम को शुरू करने के लिए धन्यवाद देता हूं। मैं नामित होने पर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। माधवन ने इसी कड़ी में 10 लोगों को नामित किया है। जिनमें नीरज चोपड़ा, गोल्फर अनिर्बान लाहिड़ी, अभिनेता रोहित रॉय, अभिनेता रकुल प्रीत सिंह, अभिनेता विवेक ओबेरॉय, ओयो रूम्स के संस्थापक रितेश अग्रवाल, अक्षय राठी, फिल्म निर्माता और उद्योगपति विजय मूलन, भारतीय गोल्फर शुभंकर शर्मा, प्रोड्यूसर विपुल डी शाह और तैराक साजन प्रकाश को नामित किया है। माधवन ने अपनी पोस्ट में ये भी लिखा कि ये सभी लोग कई मायनों में सेहत के लिए मोटिवेट करते हैं। मैं इन सभी से अनुरोध करता हूं कि वे भी इस अभियान से जुड़ें।

मैं अंकिता शर्मा। मुझे मीडिया के तीनों माध्यम प्रिंट, डिजिटल और टीवी का करीब 18 साल का लंबा अनुभव है। मैंने राजस्थान के प्रतिष्ठित पत्रकारिता संस्थानों के साथ काम किया है। इसी के साथ मैं कई प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबों की एडिटर भी...