Pirotan Island: भारत का हर राज्य अपनी खूबसूरती, इतिहास और परंपराओं की वजह से पहचाना जाता है। बात चाहे किसी भी राज्य की करें खूबसूरती को उससे जुदा नहीं किया जा सकता। कहीं के प्राकृतिक नजारे तो कहीं का इतिहास और कहीं का धर्म और अध्यात्म से गहरा नाता उस जगह के सबसे खास और अलग होने की वजह है। हर जगह जाने पर हमें अलग लोगों, संस्कृति, रहन-सहन और बोली से रूबरू होने का मौका मिलता है।
गुजरात देश के पश्चिमी भाग में स्थित एक खूबसूरत राज्य है। इसे अपनी समृद्धि संस्कृति, ऐतिहासिक स्थलों और सुंदर नजारों के लिए पहचाना जाता है। यहां के शहर जितने सुंदर हैं उतनी प्यारी यहां की बोली भी है। यह देश के सबसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में से एक है। यहां जूनागढ़, सापुतारा हिल स्टेशन, स्टेच्यू ऑफ यूनिटी, सोमनाथ, पोरबंदर, कच्छ का रण सहित कई सारे टूरिस्ट स्पॉट मौजूद हैं। इन सभी स्थानों पर काफी मात्रा में पर्यटक घूमने पहुंचते हैं। आपको जानकर हैरानी होगी लेकिन आज हम आपको गुजरात के एक आइलैंड के बारे में बताते हैं, जो यहां की सबसे शानदार जगह है। चलिए जान लेते हैं यहां पर कैसे पहुंच सकते हैं और यहां क्या-क्या देखने को मिलेगा।
गुजरात का पिरोटन आइलैंड
यह एक बहुत ही खूबसूरत द्वीप है जो गुजरात के जामनगर जिले में मौजूद है। जामनगर गुजरात के सबसे प्रसिद्ध शहरों में से एक है। यह शहर अरब सागर के तट पर मौजूद है जो अपनी खूबसूरती से हमेशा से ही पर्यटकों को आकर्षित करता आया है। जब आप मुख्य शहर से 17 किलोमीटर दूर निकलेंगे तब आपको यह खूबसूरत द्वीप मिलेगा, जहां की सुंदरता आपका दिल जीत लेगी। गुजरात की राजधानी गांधीनगर से यह आईलैंड 328 किलोमीटर दूर पड़ता है। मोरबी से यहां की दूरी 102 किलोमीटर, जामनगर राजकोट से 90 किलोमीटर और द्वारका से 140 किलोमीटर पड़ती है।

आइलैंड की खासियत
यह आइलैंड सबसे ज्यादा अपनी खूबसूरती की वजह से पहचाना जाता है। यह गुजरात के छिपे हुए खजाने में से एक है। जो यहां आता है यहां की खूबसूरती देख मंत्रमुग्ध हो जाता है। जानकारी के मुताबिक ये अरब सागर के मरीन नेशनल पार्क में मौजूद एक द्वीप है, जो हमेशा से ही पर्यटकों को आकर्षित करता आया है।
यह आइलैंड तीन वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है और बहुत ही खूबसूरत है। इसे अपने मैंग्रोव और कम ज्वार वाले समुद्र तटों के लिए पहचाना जाता है। अगर आप अरब सागर की हसीन लहरों को पास से निहारना चाहते हैं, तो यहां जा सकते हैं। यहां पर कई सारे प्रवासी पक्षियों का घर है। जब आप यहां जाएंगे तो आपको अलग-अलग इलाकों से आए खूबसूरत पक्षियों को देखने का मौका मिलेगा। यह जिस मरीन नेशनल पार्क में मौजूद है वहां पर 42 द्वीपों का समूह है जिनकी खूबसूरती देखने लायक है।
पर्यटकों के लिए क्या खास
पर्यटकों के घूमने फिरने के लिए यहां बहुत ही मनमोहक और खूबसूरत स्थान है। अगर आप हनीमून के लिए कोई डेस्टिनेशन ढूंढ रहे हैं, तो यह एक बहुत ही रोमांटिक जगह है। जहां पार्टनर के साथ अच्छा समय गुजारा जा सकता है। अक्सर कपल्स को प्राकृतिक सुंदरता से घिरी हुई इस जगह पर घूमते हुए देखा जाता है। यह आइलैंड अपने मनमोहक दृश्यों के लिए बहुत प्रसिद्ध है। यहां सनसेट और सनराइज का नजारा बहुत ही आकर्षक होता है जिसे देखने के लिए विदेशी पर्यटक भी आते हैं। जिन लोगों को प्रकृति से प्रेम है यह जगह उनके लिए स्वर्ग से कम नहीं है।

बालाचडी बीच
यह आईलैंड से कुछ ही दूरी पर मौजूद एक बहुत ही प्रसिद्ध बीच है। अगर आप समुद्र के किनारे रेत पर टहलना चाहते हैं तो यहां पर जा सकते हैं। गुजरात के अलग-अलग शहरों में रहने वाले लोग अक्सर यहां पर समय गुजारने के लिए पहुंचते हैं। खूबसूरती के अलावा इस बीच को साफ सफाई के लिए भी पहचाना जाता है। यहां आस-पास नारारा बीच और रोज़ी बीच भी मौजूद है, जिसे एक्सप्लोर किया जा सकता है।
खिजड़िया बर्ड सैंक्चुअरी
जैसा कि हमने बताया इस आईलैंड पर प्रवासी पक्षियों का घर है। ऐसे में अगर आप जा रहे हैं तो इस बर्ड सैंक्चुअरी का दीदार आपको जरूर करना चाहिए। जिन लोगों को बर्ड वॉचिंग और फोटोग्राफी का शौक है उनके लिए यह जगह जन्नत की तरह है। यहां आपको कई सारे पक्षियों को देखने और उन्हें कैमरा में कैद करने का मौका मिलेगा।
