Passport Apply Steps: एक समय था जब पासपोर्ट बनवाना बहुत ही झंझट का काम माना जाता था, लेकिन आज ऐसा नहीं है। लगातार हो रहे तकनीकी विकास और सिस्टम के अपग्रेड होने के कारण अब पासपोर्ट बनवाना बेहद आसान हो गया है। यही कारण है कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब पासपोर्ट मात्र 10 दिन में आपके हाथ में आ जाता है। आज हम आपको बताने जा रहे हैं पासपोर्ट बनवाने का सबसे आसान तरीका।
मात्र दस दिन में मिल जाएगा पासपोर्ट

पासपोर्ट बनवाने के लिए आपको ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आप चाहें तो अपने डॉक्युमेंट्स भी ऑनलाइन सब्मिट कर सकते हैं। आवेदन करने के अगले 3 दिनों में आपको अपॉइंटमेंट मिल जाएगा। डॉक्यूमेंट पूरे और ठीक होने पर 7 दिन बाद आपको पासपोर्ट मिल जाएगा। अगर सब सही रहा तो करीब 10 दिनों में आपका पासपोर्ट आपके पास आ सकता है।
आधार कार्ड है जरूरी

पासपोर्ट बनवाने के लिए आधार कार्ड होना अब अनिवार्य है। दरअसल, सरकार आधार कार्ड की मदद से आपराधिक गतिविधियों के सत्यापन की प्रणाली बना रही है। ऐसे में अगर कोई पासपोर्ट के लिए आवेदन करता है और उसके पास आधार कार्ड नहीं है, तो पहले उसे आधार कार्ड बनवाना होगा।
इन आसान स्टेप्स को करें फॉलो

पासपोर्ट सेवा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन
पासपोर्ट बनवाने के लिए सबसे पहले पासपोर्ट सेवा पोर्टल की वेबसाइट http://www.passportindia.gov.in/AppOnlineProject/welcomeLink ओपन करें। यहां आपको register now पर क्लिक करना है। इसके बाद आप अपना रजिस्ट्रेशन करवाएं। इसमें अपनी सारी डिटेल्स भरें। फिर आपको ई-मेल आईडी पर लॉगिन आईडी मिल जाएगा। अब वापस होम पेज पर आएं।
फिर करें लॉगिन
अब आपके ई-मेल पर आए लिंक पर क्लिक करके अपने अकाउंट को एक्टिवेट करें। यूजर आईडी और पासवर्ड डालें। अब आपको दो ऑप्शन मिलेंगे, अप्लाई फॉर फ्रेश पासपोर्ट या री-इश्यू ऑफ पासपोर्ट लिंक। जरूरत के अनुसार उसपर क्लिक करें। इसके बाद ऑनलाइन पासपोर्ट आवेदन करने के लिए क्लिक करें।
फॉर्म को ठीक से करें फिल
पहली बार पासपोर्ट आवेदन के लिए अप्लाई फॉर फ्रेश पासपोर्ट पर क्लिक करें। क्लिक करने पर एक फॉर्म खुल जाएगा। इसमें आपसे जुड़ी कई जानकारी मांगी जाएगी। फॉर्म को सही से पूरा भरें। फॉर्म बहुत ही सावधानी से फिल करें, क्योंकि एक बार पासपोर्ट की प्रक्रिया रिजेक्ट होने पर फिर से पासपोर्ट के लिए आवेदन करने में समय लग सकता है। डिटेल्स भरने के बाद फॉर्म को सेव कर दें। अब आप इस पेज को यूजर आईडी और पासवर्ड डालकर कभी भी खोल सकते हैं। डिटेल्स भरने के बाद नेक्स्ट पेज पर क्लिक करें। इसमें फैमिली डिटेल्स, एड्रेस डिटेल्स और इमरजेंसी कॉन्टैक्ट डिटेल्स भरना है। डिटेल भरने के बाद इसे भी सेव करें।
अपॉइंटमेंट लेना न भूलें
अब भुगतान और अपॉइंटमेंट लेने के लिए व्यू सेव्ड/सबमिट एप्लीकेशन का ऑप्शन आएगा। आप ‘पे एंड शेड्यूल अपॉइंटमेंट’ पर क्लिक करें और अपना अपॉइंटमेंट बुक कर लें। ध्यान रखें इस निर्धारित टाइम स्लॉट में आपका पहुंचना जरूरी है। फॉर्म सबमिट करने के बाद आपके सामने भुगतान के लिए एक विंडो खुलेगी। पासपोर्ट बनवाने की राशि का भुगतान आप क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग या फिर बैंक चालान से कर सकते हैं।
एप्लिकेशन रिसीप्ट का प्रिंट जरूर लें
सभी प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रिंट एप्लिकेशन रिसीप्ट लिंक पर क्लिक करें और एप्लिकेशन का प्रिंट जरूर लें। इसमें आपका एप्लीकेशन रेफरेंस नंबर और अपॉइंटमेंट नंबर होता है, जो बेहद जरूरी है। जब आप अप्वाइंटमेंट के लिए जाएं तो ओरिजिनल डॉक्यूमेंट साथ लेकर जाएं। केंद्र में तमाम प्रोसेस पूरा होने के करीब एक हफ्ते के अंदर आपका पासपोर्ट आपके घर आ जाएगा।
