Money Plant Vastu Tips: घर के वातावरण को शुद्ध व सकारात्मक रखने में पेड़ पौधों का विशेष स्थान है। घर में लगे हुए पेड़ पौधे घर के सदस्यों की उन्नति और तरक्की में भी सहयोगी होते हैं, लेकिन यदि पेड़ पौधे गलत दिशा में लगे हो तो घर में नकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है। वास्तु शास्त्र में कुछ ऐसे पौधों का वर्णन भी मिलता है जो व्यक्ति की आर्थिक उन्नति को बढ़ाते हैं, जैसे मनी प्लांट, शमी का पौधा, तुलसी आदि।
वास्तु शास्त्र में बताया गया है कि इन पौधों को घर में लगाने से व्यक्ति के धन और धान्य में वृद्धि होती है। व्यक्ति की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और घर की सुख समृद्धि बढ़ाने के लिए घर में मनी प्लांट लगाना शुभ माना जाता है। लेकिन, कई बार गलत दिशा में मनी प्लांट लगाने से इसका विपरीत असर भी देखने को मिलता है। इसलिए घर में सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाने और आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए मनी प्लांट को सही दिशा में लगाना चाहिए। तो चलिए जानते हैं घर में किस दिशा में मनी प्लांट रखना शभ होता है।
इन दिशाओं में मनी प्लांट रखने की मनाही

वास्तु शास्त्र में बताया गया है कि मनी प्लांट को घर की उत्तर पूर्व दिशा में लगाने से धन के साथ साथ मान सम्मान की भी हानि होती है। क्योंकि, उत्तर पूर्व दिशा को बृहस्पति की दिशा माना गया है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार बृहस्पति और शुक्र ग्रह विरोधी ग्रह हैं। इसलिए मनी प्लांट को बृहस्पति ग्रह की दिशा मे लगाने से नकारात्मक परिणाम मिलते हैं। घर की पश्चिम और पूर्व दिशा में मनी प्लांट रखना शुभ फलदायी नहीं होता है। पश्चिम और पूर्व दिशाओं में मनी प्लांट रखने से मानसिक तनाव बढ़ता है। मनी प्लांट को दक्षिण पूर्व दिशा में लगाना चाहिए। इस दिशा में मनी प्लांट को रखने से व्यक्ति की तरक्की और सुख समृद्धि बढ़ती है।
मनी प्लांट से जुडी ध्यान रखने योग्य बातें

वास्तुशास्त्र के अनुसार, मनी प्लांट को घर के अंदर हमेशा किसी गमले में रखना चाहिए। जैसा कि मनी प्लांट के नाम से ही पता चलता है कि यह पौधा धन से संबंधित है तो इस पौधे को लगाते समय यह ध्यान रखना चाहिए कि यह जमीन को बिल्कुल भी ना छुए और हमेशा ऊपर की तरफ बढ़ता रहे। मनी प्लांट की सफाई के लिए पौधे के सूखे पत्तों को हटा देना चाहिये। ध्यान रखना चाहिए कि मनी प्लांट के पत्ते सूखे नहीं, सूखा हुआ मनी प्लांट शुभ नहीं माना जाता है। इसलिए समय से पानी देकर पौधे को हरा भरा रखना चाहिए। हरा भरा मनी प्लांट घर में सकारात्मक ऊर्जा और धन वृद्धि का संकेत होता है। मनी प्लांट के पौधे का संबंध शुक्र ग्रह से होता है, इसलिए वास्तुशास्त्र में शुक्रवार के दिन मनी प्लांट को तोड़ने और काटने की मनाही है।
यह भी पढ़ें: जानिए घर के मुख्य द्वार पर कौन-सा पौधा लगाना होगा शुभ: Vastu plants For Main Door
