Office Desk Decor: ऑफिस एक ऐसी जगह है, जहां पर हम अपने दिन का एक लंबा वक्त बिताते हैं। ऐसे में अगर वहां का माहौल अच्छा हो और आपको पॉजिटिविटी का अहसास हो तो इससे यकीनन आपका मन काम में लगता है और कहीं ना कहीं आपकी प्रोडक्टिविटी भी बेहतर होती है। अगर आप सच में चाहते हैं कि ऑफिस में आपका मन लगे और आपको अच्छी फीलिंग आए तो ऐसे में आपको अपनी ऑफिस टेबल को भी जरूर डेकोरेट करना चाहिए।
जब आपकी आंखों के सामने अच्छी चीजें होती हैं तो इससे आपके मन को कहीं ना कहीं अच्छा लगता है और काम में मन लगता है। अमूमन हम सभी की यह आदत होती है कि हम अपनी ऑफिस टेबल को कुछ हद तक जरूर डेकोरेट करते हैं। लेकिन कई बार ऑफिस टेबल को डेकोरेट करते समय हम कुछ छोटी-छोटी गलतियां कर बैठते हैं, जिससे बाद में काम करते हुए हमें ही परेशानी का सामना करना पड़ता है। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको ऑफिस टेबल को डेकोरेट करते समय की जाने वाली कुछ गलतियों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें आपको अवॉयड करना चाहिए-
टेबल पर बहुत अधिक सामान रखना

जब हम ऑफिस टेबल को डेकोरेट करते हैं तो उसमें हर चीज को फिट करना चाहते हैं। ऐसे में हम कई बार ऑफिस टेबल पर कई तरह की डेकोरेटिव आइटम्स जैसे लैंप, प्लांट, फैमिली फोटोज, आदि को रख देते हैं। इससे ऑफिस टेबल फैली हुई सी नजर आ सकती है। खासतौर से, अगर आपकी ऑफिस टेबल छोटी है तो ऐसे में जरूरत से ज्यादा सामान रखने पर टेबल भरी हुई महसूस होती है। इससे आपको काम करने में भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हो सकता है कि सामान की अधिकता के कारण आप अपने जरूरी डॉक्यूमेंट्स व फाइलें आदि सही तरह से ना रख पाएं।
खराब लाइटिंग होना
ऑफिस टेबल को डेकोरेट करते समय हम सभी लाइटिंग का इस्तेमाल जरूर करते हैं। लेकिन अगर लाइटिंग खराब होती है तो इससे आपके काम पर नेगेटिव असर पड़ सकता है। कोशिश करें कि जब आप ऑफिस टेबल को डेकोरेट करते हैं तो उस दौरान नेचुरल लाइटिंग की व्यवस्था करें। इसके अलावा, अगर आप चाहें तो एक अच्छी क्वालिटी वाले डेस्क लैंप के कॉम्बिनेशन का उपयोग करें। इससे आपकी आंखों पर पड़ने वाला तनाव काफी हद तक कम होता है।
गलत कलर को चुनना

ऑफिस टेबल को सजाते समय आपको डेकोरेटिव आइटम्स के कलर पर भी फोकस करना चाहिए। कई बार हम कुछ गलत कलर को चुन लेते हैं, जो बाद में ना केवल आंखों को चुभते हैं, बल्कि आपको बहुत अधिक विचलित भी कर सकते हैं। कभी भी ऑफिस टेबल को सजाते समय आपको बहुत अधिक ब्राइट या डार्क कलर का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। इससे आपकी जगह छोटी नजर आ सकती है और आप अधिक उदास महसूस भी कर सकते हैं। कोशिश करें कि आप ऑफिस टेबल को सजाते समय न्यूट्रल टोन या हल्के कलर जैसे नीले, हरे या पेस्टल का चयन करें। ये कलर आपको अधिक रिलैक्स और फोकस फील करवाते हैं।
रख-रखाव पर ध्यान ना देना
कई बार हम किसी चीज को सिर्फ इसलिए खरीद लेते हैं, क्योंकि वे हमें पसंद आती हैं और फिर उसे हम अपनी ऑफिस टेबल पर रख देते हैं। जबकि आपको ऐसा करने से भी बचना चाहिए। आपको कभी भी अपनी ऑफिस टेबल को उन चीजों से नहीं सजाना चाहिए, जिन्हें अधिक मेंटेनेंस की जरूरत हो या फिर जिन्हें साफ करना मुश्किल हो। आप कोशिश करें कि टेबल को ऐसी चीजों की मदद से सजाएं, जिन्हें मेंटेन करना आसान हो और उन्हें हर दिन साफ करने की जरूरत महसूस ना हो। इससे आपकी ऑफिस टेबल साफ-सुथरी भी नजर आएगी और आपको इसके लिए बहुत अधिक मेहनत करने की जरूरत महसूस नहीं होगी।
डेस्क के साइज को नजरअंदाज करना

जब आप अपनी ऑफिस की टेबल को सजा रहे हैं तो यह बेहद जरूरी है कि आप उसके साइज पर भी जरूर ध्यान दें। अक्सर लोग इसे नजरअंदाज कर देते हैं, जिसकी वजह से उनकी टेबल का लुक बैलेंस नहीं आता है। आपको कभी भी अपनी वर्क टेबल के लिए साइज से बहुत बड़ी या बहुत छोटी डेकोरेटिव आइटम्स नहीं खरीदनी चाहिए। अगर डेस्क बड़ी है तो आप एक बिग लेकिन स्टेटमेंट डेकोरेटिव पीस को खरीद सकते हैं। वहीं छोटी आफिस टेबल के लिए आपको थोड़ा स्मार्टली डेकोरेशन करना चाहिए।
पर्सनलाइज डेकोरेशन ना करना
जब हम ऑफिस में लंबा वक्त बिताते हैं तो हम सभी की यही कोशिश होती है कि वहां पर हमें अपने घर जैसी ही फीलिंग आए, जिससे काम में मन लगे। ऐसे में जब आप ऑफिस टेबल को सजा रहे हैं तो आपको कोशिश करनी चाहिए कि आप उसे एक पर्सनल टच दें। अक्सर लोग इसे अनदेखा करते हैं। ऐसा करने से उनकी ऑफिस टेबल देखने में तो अच्छी लगती है, लेकिन फिर भी लोगों को वहां पर उस अपनेपन का अहसास नहीं होता है। आप उस जगह को अपना जैसा महसूस कराने के लिए फ्रेम वाली फ़ोटो या फिर अपने दिल से जुड़ा कोई सामान अवश्य रखें। इससे हर दिन आपके मन में एक पॉजिटिविटी आएगी और आप अपना काम भी अधिक बेहतर तरीके से कर पाएंगे। पर्सनलाइज डेकोर आपकी ऑफिस टेबल को एकदम डिफरेंट लुक भी देगा।
