Hastrekha Shastra: जब भी भविष्य देखने की बात होती है तो सबसे पहले हस्तरेखा का नाम आता है। हस्तरेखा के माध्यम से किसी भी व्यक्ति के भविष्य का खाका तैयार किया जा सकता है। हथेली पर मौजूद रेखाएं व्यक्ति के उसके आचरण, हाव भाव व उसके आने वाले कल को दर्शाती है। हाथ पर मौजूद प्रत्येक रेखा का अपना महत्व होता है, जिसका उल्लेख हस्तरेखा शास्त्र में मिलता है। हमारे हाथ में कई रेखाएं होती हैं, जैसे जीवन रेखा, भाग्य रेखा, हृदय रेखा आदि। इसी तरह एक रेखा होती है जो व्यक्ति के वैवाहिक जीवन से जुड़े कई राज खोलती हैं। इस रेखा को विवाह रेखा कहते हैं। विवाह रेखा से आप जान सकते हैं कि आखिर व्यक्ति की शादी कौनसी उम्र में होगी और उसका वैवाहिक जीवन कैसा रहेगा। तो चलिए जानते हैं हथेली की विवाह रेखा से आप किस तरह शादी की उम्र का पता लगा सकते हैं।
कहां होती है विवाह रेखा?

हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार, महिला के बाएं हाथ और पुरुष के दाएं हाथ की हथेली देखी जाती है। हर व्यक्ति के उंगलियों के नीचे हथेली में एक रेखा होती है, जिसे हृदय रेखा कहते हैं। इसी हृदय रेखा और छोटी उंगली के बीच बुद्ध पर्वत के ऊपर छोटी छोटी पंक्ति के रूप में कुछ रेखाएं होती हैं, इन छोटी रेखाओं में से जो बड़ी रेखा होती है वही विवाह रेखा होती है। बाकि कि छोटी रेखाएं व्यक्ति के प्रेम प्रसंग को बताती हैं।
विवाह रेखा से जुड़े रोचक तथ्य

यदि हथेली पर विवाह रेखा हृदय रेखा के पास बन रही है तो ऐसे व्यक्ति की शादी 25 साल की उम्र तक हो जाती है। यदि विवाह रेखा छोटी उंगली के पास बन रही है तो व्यक्ति का विवाह 25 साल की उम्र के बाद होता है। अगर विवाह रेखा, हृदय रेखा और छोटी उंगली के बिल्कुल बीच में हो तो व्यक्ति का विवाह 30 साल की उम्र के बाद होता है।
जो विवाह रेखा हृदय रेखा के बराबर चलती है उसी रेखा को विवाह निर्धारण के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। छोटी और हल्की रेखाएं शादी होने का संकेत नहीं होती।
यदि किसी व्यक्ति की हथेली पर विवाह रेखा दोमुखी हो तो उस व्यक्ति की शादी टूटने की संभावना होती है। यदि विवाह रेखा लंबी हो और अनामिका उंगली या सूर्य पर्वत तक पहुंचे तो ऐसी रेखा संपन्न और समृद्ध जीवन साथी का प्रतीक मानी जाती है।
यदि विवाह रेखा छोटी उंगली की तरफ मुड़ी हुई हो तो व्यक्ति के विवाह होने में बहुत परेशानियां आती है। अगर विवाह रेखा को कोई दूसरी रेखा बुद्ध पर्वत पर काट दे तो वैवाहिक जीवन में भी कई परेशानियां आती है।
यह भी पढ़ें: हथेली पर त्रिभुज होने का मतलब…
ऐसे व्यक्ति जिनकी विवाह रेखा पर त्रिशूल बना हो, ऐसे विवाहित जोड़े में बहुत प्रेम होता है।
अगर किसी पुरुष के बाएं हाथ की हथेली पर 2 विवाह रेखा हो और दाएं हाथ की हथेली पर 1 विवाह रेखा हो तो ऐसे पुरुष विवाह के मामले में बहुत भाग्यशाली होते हैं। ऐसे पुरुष को सुंदर-सुशील और सर्वगुण संपन्न पत्नी मिलती है।
कुछ व्यक्तियों के हाथ में विवाह रेखा नीचे की तरफ झुकी होती है। ऐसे व्यक्ति का विवाह होने के बाद उस व्यक्ति की अपने जीवन साथी से हमेशा अनबन बनी रहती है।