Summary:माँ दुर्गा को प्रसन्न करने वाले 5 पवित्र फूल
नवरात्रि में माँ दुर्गा की पूजा करते समय इन 5 पवित्र फूलों को जरूर अर्पित करें। इन्हें चढ़ाने से माँ शीघ्र प्रसन्न होती हैं और घर में सुख-समृद्धि, शक्ति और शांति का वास होता है।
Maa Durga Favourite Flower: नवरात्रि का पावन त्योहार शुरू ही होने वाला है, जिसमें नौ दिनों तक माँ दुर्गा के नौ रूपों की पूजा की जाती है। इस दौरान माँ दुर्गा की पूजा में कई नियमों का पालन किया जाता है। साथ ही माँ की पूजा में अलग-अलग चीजों का भोग भी लगाया जाता है। इसके अलावा माँ दुर्गा की पूजा में फूलों का भी विशेष महत्व होता है। शास्त्रों के अनुसार हर देवी-देवता को अलग-अलग प्रकार के फूल पसंद होते हैं। माँ दुर्गा को भी कई फूल प्रिय हैं, जिन्हें आपको उनकी पूजा में अवश्य ही शामिल करना चाहिए, ताकि वे आपसे शीघ्र प्रसन्न हों। आइए जानते हैं माँ दुर्गा के 5 प्रिय फूल।
गेंदा का फूल

नवरात्रि में माँ दुर्गा की पूजा में गेंदा का फूल सबसे ज्यादा उपयोग होता है। गेंदा के फूल को ऊर्जा और उत्साह का प्रतीक माना जाता है। नवरात्रि में माँ दुर्गा के मंडप और मंदिरों को गेंदा की मालाओं से सजाना काफी शुभ होता है। ऐसी मान्यता है कि गेंदे के फूल से घर में सकारात्मकता और सुख-समृद्धि आती है और खुशियों का आगमन होता है।
गुड़हल का फूल
माँ दुर्गा को गुड़हल का लाल फूल अत्यंत प्रिय है। लाल रंग का फूल शक्ति, बल और साहस का प्रतीक होता है। शास्त्रों में ऐसा बताया गया है कि अगर कोई भक्त सच्चे मन से लाल गुड़हल का फूल माँ दुर्गा को अर्पित करता है तो उसके सारे कष्ट और संकट दूर हो जाते हैं। दरअसल, गुड़हल के फूल में माँ दुर्गा का वास माना जाता है। इसलिए इस फूल को नवरात्रि में माँ को चढ़ाने से माँ शीघ्र प्रसन्न होती हैं और इनके आशीर्वाद से घर-परिवार में सुख समृद्धि बनी रहती है और घर में धन-धान्य की कभी कोई कमी नहीं होती है।
अपराजिता का फूल

अपराजिता का फूल नीले रंग का होता है और यह फूल माँ दुर्गा को अति प्रिय है। माता को यह फूल चढ़ाने से विशेष कृपा प्राप्त होती है। अपराजिता फूल को ‘देवी दुर्गा का अवतार’ ही कहा जाता है। यह फूल शत्रुओं पर विजय प्राप्त करने, मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए और घर में सकारात्मक ऊर्जा लाने में मदद करता है। नवरात्रि में खासकर विजयादशमी के दिन यह फूल माँ दुर्गा को चढ़ाया जाता है।
हरसिंगार का फूल

हरसिंगार के फूल को पारिजात का फूल भी कहा जाता है। नवरात्रि में हरसिंगार के फूलों की मांग भी काफी ज्यादा बढ़ जाती है, क्योंकि हरसिंगार का फूल भी माँ दुर्गा को काफी प्रिय है। यह फूल माँ दुर्गा को अर्पित करने से उनका आशीर्वाद प्राप्त होता है, साथ ही जीवन की सभी समस्याएं दूर होती हैं। साथ ही इस फूल को चढ़ाने से तनाव से मुक्ति भी मिलती है और जीवन में उन्नति होती है।
कमल का फूल

कमल का फूल वैसे तो माँ लक्ष्मी को चढ़ाया जाता है, लेकिन माँ दुर्गा को भी कमल का फूल चढ़ाने से धन, वैभव और समृद्धि की प्राप्ति होती है। नवरात्रि के दौरान माँ दुर्गा की पूजा में गुलाबी या लाल कमल चढ़ाना काफी शुभ माना जाता है।
