जानिए किस देवता को कौन सा प्रसाद चढ़ाना चाहिए
अगर आप अपने प्रिय भगवान को प्रसन्न करना चाहते हैं तो आपको उन्हें उनका पसंदीदा प्रसाद का ही भोग लगाना चाहिए।
Prasad offer to God: हिन्दू धर्म में पूजा-पाठ का विशेष महत्व होता है और इसमें भगवान को प्रसाद चढ़ाना एक महत्वपूर्ण परंपरा है। बिना प्रसाद के कोई भी पूजा पूरी नहीं मानी जाती है। ऐसी मान्यता है कि चढ़ाए गए प्रसाद को भगवान पूजा के बाद सूक्ष्म रूप में ग्रहण करते हैं। लेकिन अक्सर भक्तों को यह पता ही नहीं होता है कि कौन से देवता को कौन सा प्रसाद चढ़ाना चाहिए। वे सभी देवताओं को एक ही तरह के फलों का प्रसाद चढ़ाते है। लेकिन अगर आप अपने प्रिय भगवान को प्रसन्न करना चाहते हैं तो आपको उन्हें उनका पसंदीदा प्रसाद का ही भोग लगाना चाहिए। इसलिए आइए जानते हैं कि किस देवता को कौन सा प्रसाद चढ़ाना चाहिए।
भगवान श्री गणेश

हिन्दू धर्म में भगवान गणेश की पूजा का विशेष महत्व होता है। हर शुभ काम की शुरुआत इनकी पूजा से ही की जाती है। भगवान गणेश को मोदक व लड्डू बहुत ज्यादा पसंद होता है, इसलिए भोग में इन्हें लड्डू व मोदक का प्रसाद चढ़ाना शुभ होता है। इसके अलावा आप भगवान गणेश को गन्ने की गडेरी, जामुन, सूखी गरी व गुड़ का प्रसाद भी चढ़ा सकते हैं।
प्रभु श्री राम
प्रभु श्री राम को केसर युक्त खीर बहुत पसंद है। आप उन्हें केसर खीर का प्रसाद चढ़ाएं, साथ ही आप उन्हें कलाकंद का भोग भी लगा सकते हैं।
भगवान श्री विष्णु

भगवान श्री विष्णु को किशमिश का भोग लगाना अच्छा माना जाता है। साथ ही इन्हें आवले का भोग लगाना भी शुभ होता है। आप भगवान विष्णु को जब भी भोग लगाएं तो अंत में तुलसी जरूर चढ़ाएं। उन्हें तुलसी बहुत पसंद होता है।
भगवान शिव

भगवान शिव को भांग और पंचामृत काफी पसंद होता है। भगवान शिव को बेर भी बहुत प्रिय होता है। आप उन्हें शिवरात्रि में बेर का प्रसाद जरूर चढ़ाएं।
भगवान हनुमान
हनुमानजी को लाल फल, लड्डू, गुड़, बूंदी बहुत पसंद होता है। आप मंगलवार के दिन उन्हें इन चीजों का प्रसाद जरूर चढ़ाएं, हनुमानजी की कृपा आप पर बनी रहेगी।
भगवान श्रीकृष्ण

भगवान श्रीकृष्ण को हमेशा ही माखन और मिश्री का भोग लगाना चाहिए। भगवान कृष्ण को मिश्री बहुत ज्यादा पसंद होता है।
माता लक्ष्मी
माता लक्ष्मी धन की देवी हैं और बिना धन के सब व्यर्थ है। माता लक्ष्मी को खुश करने के लिए आप उन्हें सफेद और पीले रंग की मिठाइयों का भोग जरूर लगाएं।
माँ दुर्गा

माँ दुर्गा शक्ति की देवी हैं। माँ दुर्गा को खीर, मालपुआ, हलुआ, केला, नारियल, बहुत पसंद है। माँ दुर्गा के भक्तों को बुधवार और शुक्रवार के दिन उन्हें ये भोग जरूर लगाना चाहिए।
माता सरस्वती

माता सरस्वती विद्या की देवी हैं। इन्हें दूध, पंचामृत, दही, मक्खन और सफेद तिल के लड्डू व धान का लावा बहुत पसंद है। आप माता सरस्वती को इन चीजों का भोग लगा कर खुश कर सकते हैं।
माँ काली
माँ काली को हलुआ, पूरी और मदिरा प्रिय हैं। उन्हें इन्हीं का भोग भी लगता है। आप किसी भी अमावस्या के दिन माँ काली को उनकी ये प्रिय वस्तुएं अर्पित कर सकते हैं।
