IRCTC Temple Tour: इस नवरात्रि में अगर आप भी माता के प्रमुख मंदिरों के दर्शन करना चाहते हैं, वो भी बजट फ्रेंडली पैकेज में तो आईआरसीटीसी (IRCTC) आपके लिए शानदार टूर पैकेज लेकर आया है। इस टूर पैकेज को खासकर ऐसे बनाया गया है, जिससे श्रद्धालु माता के दर्शन आराम से करें। आइए आपको बताते हैं इस पैकेज से जुड़ी सभी बातें-
यह भी देखे-चैत्र नवरात्रि में इन 9 मंदिरों में करें मां दुर्गा के दर्शन, पूर्ण होगी मनोकामना: Durga Mandir
IRCTC Temple Tour: टूर में शामिल हैं ये पांच मंदिर

चैत्र नवरात्र के अवसर पर यह पैकेज 22 मार्च से शुरू होगा। इस टूर पैकेज में यात्रियों को माता के पांच प्रमुख मंदिरों के दर्शन करवाए जाएंगे। इनमें माता वैष्णो देवी, ज्वालाजी, कांगड़ा देवी, चामुंडा, चिंतपूर्णी के मंदिर शामिल हैं। यह टूर पांच दिन और 6 रातों का होगा। जयपुर और अजमेर से यात्री सफर कर सकेंगे। इस पैकेज के लिए दो तारीखें 22 और 29 मार्च तय की गई हैं। यात्री अपनी सुविधा के अनुसार कोई भी तारीख तय कर सकते हैं। यात्रा के लिए ट्रेन जयपुर से चलेगी। हालांकि यात्री अजमेर जंक्शन, किशनगढ़, फुलेरा जंक्शन, गांधीनगर जयपुर, दौसा, बांदीकुई जंक्शन, राजगढ़, अलवर, खैरथल, रेवाड़ी, गुरुग्राम, दिल्ली कैंट, दिल्ली, करनाल, अंबाला कैंट जंक्शन से भी सफर शुरू कर सकते हैं।
यह है पैकेज की कीमत

इस आध्यात्मिक टूर पैकेज का किराया काफी बजट फ्रेंडली रखा गया है। इस यात्रा के लिए थर्ड एसी और स्लीपर के लिए अलग-अलग किराया तय किया गया है। अगर आप थर्ड एसी के लिए बुकिंग करा रहे हैं, तो 17,735 रुपये प्रति व्यक्ति किराया तय किया गया है। वहीं दो व्यक्तियों के लिए थर्ड एसी का किराया 14,120 रुपये और तीन लोगों के लिए 13,740 रुपये तय किया गया है। दूसरी ओर स्पीलर के लिए आपको 14,735 रुपए प्रति व्यक्ति किराया देना होगा। दो लोगों के लिए 11,120 रुपए और तीन व्यक्तियों के लिए 10,740 रुपये देने होंगे।
यात्रियों को मिलेंगी ये सुविधाएं
इस बजट फ्रेंडली टूर पैकेज में यात्रियों को कई सारी सुविधाएं भी दी जाएंगी। टूर बुकिंग पर आपको अजमेर-जम्मू तवी-अजमेर के लिए ट्रेन में रिजर्वेशन, लोकल ट्रांसपोर्ट, पर्यटन स्थलों का भ्रमण, पिक एंड ड्रॉप सुविधा दी जाएगी। पैकेज के अनुसार कटरा में दो रातें और कांगड़ा में एक रात स्टे की सुविधा होगी। साथ ही होटलों में ब्रेकफास्ट भी दिया जाएगा। खास बात ये है कि लोकल ट्रांसपोर्टेशन के दौरान यात्रियों को टोल, पार्किंग आदि शुल्क भी नहीं देना होगा। यात्रा से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए आप आईआरसीटीसी की ऑफिशियल वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं।
इसलिए खास है माता के ये पांच मंदिर

पैकेज में शामिल माता के ये पांच मंदिर बेहद खास हैं। मां वैष्णो देवी सभी की मनोकामनाएं पूरी करने वाली देवी हैं। वहीं ज्वाला देवी मंदिर हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा जिले के निचले हिमालय क्षेत्र में स्थित है। माना जाता है कि यहां माता सती की जीभ गिरी थी। कांगड़ा देवी मंदिर जिसे ब्रजेश्वरी मंदिर भी कहा जाता है, यह भी कांगड़ा जिले में स्थित है। यहां माता भैरव नाथ के साथ विराजमान हैं। मान्यताओं के अनुसार यहां माता सती का दाहिना वक्ष गिरा था। चामुंडा माता आदिशक्ति पार्वती का रूप माना जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार दानव शुंभ निशुंभ का अंत करने के लिए माता की उत्पत्ति हुई थी। वहीं कहा जाता है कि चिंतपूर्णी मंदिर में माता सती के चरण गिरे थे।