Overview: बार-बार आत्महत्या या सेल्फ-हार्म से जुड़े सर्च पर अब पैरेंट्स को मिलेगा इंस्टाग्राम अलर्ट
इंस्टाग्राम अब किशोरों द्वारा आत्महत्या या सेल्फ-हार्म से जुड़े बार-बार सर्च करने पर माता-पिता को अलर्ट भेजेगा। जानें यह फीचर किन देशों में शुरू हुआ है और कैसे काम करेगा।
Instagram Teen Safety Alert: आज के डिजिटल दौर में टीनेजर्स सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर बहुत अधिक एक्टिव रहते हैं और इंस्टाग्राम इनमें से एक है। टीनेजर्स हर दिन इंस्टाग्राम पर अपना बहुत ज्यादा वक्त बिताते हैं और पैरेंट्स को यह पता ही नहीं होता कि उनके बच्चे ऑनलाइन क्या देखते हैं या क्या सर्च करते हैं। ऐसे में पैरेंट्स के लिए बच्चों की ऑनलाइन एक्टिविटी पर नजर रखना एक चैलेंज बन गया है। अब इस दिशा में इंस्टाग्राम ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
इंस्टाग्राम एक सराहनीय फीचर लेकर आया है, जिसके तहत यदि कोई टीनेजर कम समय में बार-बार आत्महत्या या खुद को नुकसान पहुंचाने वाले शब्द ऑनलाइन सर्च करता है, तो उसके माता-पिता को इसके लिए अलर्ट दिया जाएगा। फिलहाल यह फीचर अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा में शुरू किया जा रहा है और धीरे-धीरे अन्य देशों में भी रोलआउट किया जा सकता है। तो चलिए विस्तारपूर्वक जानते हैं इसके बारे में –
इंस्टाग्राम के नए फीचर की खासियत

ऑनलाइन युग में पैरेंट्स के साथ-साथ अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम भी टीनेजर्स की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहा है। इसलिए, मेटा ने अब एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मेटा ने घोषणा की है कि अगर कोई टीनेजर कम समय में इंस्टाग्राम पर बार-बार आत्महत्या या खुद को नुकसान पहुंचाने या उससे जुड़े शब्दों को सर्च करता है, तो इंस्टाग्राम तुरंत उनके माता-पिता को अलर्ट भेजेगा।
यह अलर्ट कई तरीकों से भेजा जा सकता है, जिसमें ईमेल, टेक्स्ट मैसेज, वॉट्सऐप और इन-ऐप नोटिफिकेशन आदि शामिल है।
इस कदम के पीछे मुख्य उद्देश्य क्या है?
मेटा द्वारा इस कदम को उठाने के पीछे एक खास उद्देश्य है। मसलन-
टीनेजर्स में संभावित मानसिक संकट के शुरुआती संकेतों की पहचान करना और माता-पिता को समय रहते सचेत करना, जिससे वे बच्चे से बात करके उन्हें सपोर्ट कर सकें।
इसके अलावा, जब पैरेंट्स को समय रहते अलर्ट मिल जाएगा, तो विशेषज्ञों की मदद लेकर भी स्थिति को संभाल पाएंगे। दरअसल, आज के समय में टीनेजर पैरेंट्स या दोस्तों से अपनी बात कहने की जगह ऑनलाइन चीजों को सर्च करते हैं। इस तरह यह एक बेहद ही महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कुछ खास लोगों के लिए है यह फीचर

इंस्टाग्राम का यह फीचर फिलहाल हर किसी के लिए नहीं है। यह सुविधा फिलहाल उन परिवारों को दी जा रही है, जिन्होंने इंस्टाग्राम सुपरविज़न प्रोग्राम को एक्टिवेट किया हुआ है। इस फीचर के तहत यदि कोई टीनेजर कम समय में बार-बार आत्महत्या या खुद को नुकसान पहुंचाने वाले शब्द सर्च करेगा, तो माता-पिता को अलर्ट भेजा जाएगा। इस अलर्ट के साथ-साथ इंस्टाग्राम पैरेंट्स को विशेषज्ञों द्वारा तैयार किए गए रिसोर्स भी दिए जाएंगे, जिससे पैरेंट्स ऐसे संवेदनशील विषय पर बच्चे से आसानी से बात कर पाएं।
इन देशों से हो रही है शुरुआत

इस खास फीचर की शुरुआत सबसे पहले अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा जैसे देशों से की जा रही है। लेकिन यह उम्मीद है कि भारत सहित दुनिया के अन्य देशों में भी इस फीचर को जल्द रोलआउट किया जाएगा।
एआई पर भी नजर रखने की है तैयारी
मेटा अब सिर्फ केवल इंस्टाग्राम को ही ज्यादा स्मार्ट बनाने की तैयारी में नहीं लगा हुआ है, बल्कि कंपनी अब एआई पर नजर रखने की तैयारी में भी है। कंपनी ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में किशोरों के एआई टूल्स के साथ होने वाले संवेदनशील इंटरैक्शन पर भी इसी तरह के अलर्ट सिस्टम विकसित किए जा रहे हैं।

