गर्मियों में रसोई में काम नहीं कर पा रहीं तो ठंडा रखने के लिए अपनाएं ये तरीके
आजकल अधिकाँश घरों में एसी और कूलर रहते हैं, इसलिए कमरों में ज्यादा गर्मी पता नहीं चलती है। लेकिन, रसोई में तो गर्मी का सामना करना ही पड़ता है।
Summer Hacks: गर्मियों में सुबह के 9-10 बजते ही पूरा घर गर्म होने लगता है। हालांकि, आजकल अधिकाँश घरों में एसी और कूलर रहते हैं, इसलिए कमरों में ज्यादा गर्मी पता नहीं चलती है। लेकिन, रसोई में तो गर्मी का सामना करना ही पड़ता है। खासतौर पर अगर किचन छोटा है तो फिर दिक्कत और ज्यादा हो जाती है। लेकिन, कुछ आसन से तरीके अपनाकर हम अपने किचन को ठंडा रख सकते हैं। जानते हैं इन तरीकों के बारे में-
Also read: पुरानी कांच की बोतलों से इस तरह सजाएं अपना घर
खिडकियां खोल कर रखें
अगर आपका किचन छोटा है तो गर्मियों में वेंटिलेशन नहीं होने से ज्यादा गर्मी का एहसास होता है। इसलिए ध्यान रखें कि किचन की खिड़की काम करते समय खोल कर रखें। अगर किचन के साथ बालकनी है तो उसका दरवाज़ा खुला रखें। इसके साथ ही किचन में एग्जास्ट फैन और चिमनी जरूर होनी चाहिए। ये किचन को ज्यादा गरम नहीं होने देते हैं, क्योंकि खाना बनाते समय गर्म भाप निकलती है जो पूरे किचन को गर्म कर देती है।
गैस की जगह इन्डक्शन ओवन का करें प्रयोग

इन्डक्शन कुकर और बर्नर का प्रयोग करने से किचन गर्म नहीं होता। इसलिए अगर आपके पास इंडक्शन है तो आप गैस स्टोव का प्रयोग ना कर इनका प्रयोग करें। इंडक्शन अप्लाइन्स से कम ताप निकलता है और आप आसानी से कुकिंग कर पाते हैं। आप जल्दी खाना बनाने के लिए टोस्टर, ग्रिडल, ग्रिल, इलेक्ट्रिक कुकर आदि का प्रयोग कर कम समय में अधिक आसानी से खाना बना सकते हैं। स्टोव या ओवन की तुलना में इनसे खाना जल्दी पक भी जाता है।
एयर प्यूरीफाई प्लांट्स लगाएं

जिन घरों में पौधे ज्यादा होते हैं वो घर ठन्डे रहते हैं। आप घर के साथ ही किचन में भी कुछ एयर प्यूरीफाई प्लांट्स लगाएं। इससे गरम हवाओं से आपको मुक्ति मिल जायेगी और आपका किचन ठंडा रहेगा। ये पौधे हवा को शुद्ध करते हैं और हमें कई बीमारियों से भी बचाते हैं।
लाइट कम से कम जलाएं
पूरे समय किचन में लाइट जला कर रखेंगे तो यह किचन को गर्म बनाएगी। कोशिश करें कि सिर्फ जरूरत होने पर ही किचन में लाइट जलाएं। बड़ी लाइट की जगह किचन में छोटी लाइट का इस्तेमाल करें।

खाना बनाने का समय बदल लें
गर्मियों में कोशिश करें कि अपना ज्यादा से ज्यादा किचन का काम सुबह ही कर लें। नाश्ते के साथ ही लंच की तय्यारी कर लें। 12 बजे के पहले अगर लंच बनाकर फ्री हो जायेंगी तो आपको दिन की ज्यादा गर्मी नहीं भुगतनी पड़ेगी और शाम का खाना बनाना भी 7 बजे के बाद शुरू करें। ऐसे में आप आराम से किचन में काम कर सकेंगी।
तो, आप भी गर्मियों में अपने किचन को ठंडा रखने के लिए ये तरीके अपनाइए।
