Summary: संवेदनशील लोगों की 8 अनोखी खूबियां
संवेदनशील होना कमजोरी नहीं बल्कि एक खूबसूरत गुण है जो आपको भीड़ में अलग पहचान देता है।
Highly Sensitive Person Traits: हर व्यक्ति का स्वभाव अलग होता है, जो उनकी सोच ,अनुभव और परिस्थितियों के अनुसार आकार लेता है। कुछ लोग काफी मजबूत और काफी व्यावहारिक स्वभाव के होते हैं तो वहीं कुछ का मन बहुत कोमल और भावनाओं से भरा होता है। कोमल स्वभाव के लोग संवेदनशील माने जाते हैं, ऐसे लोग दूसरों की भावनाओं को काफी गहराई से महसूस करते हैं। ऐसा व्यक्ति छोटी-सी बात को भी मन में लंबे समय तक रख सकता है। कई बार संवेदनशील लोगों को कमजोर समझा जाता है, जबकि ऐसा माने वाले लोगों को ये समझना चाहिए की संवेदनशील होना किसी भी इंसान का सबसे खूबसूरत गुण है जो उन्हें दूसरों से अलग बनाता है।
अगर आप भी एक संवेदनशील व्यक्ति हैं, तो हमेशा अपने इस खूबसूरत गुण पर गर्व महसूस करें क्यूंकि आपका ये अनोखा स्वभाव ही आपकी बहुत बड़ी ताकत है।
बातों को दिल पर लेना

कई लोग किसी भी तरह की रोक-टोक, टिप्पणी, मजाक, बुराई या आलोचना को पूरी तरह से नज़रअंदाज़ कर देते हैं। वहीं अगर आप एक संवेदनशील व्यक्ति हैं तो आप ऐसी चीजों को बहुत जल्दी दिल पर ले लेते हैं।
दूसरों की भावनाओं को महसूस करना
संवेदनशील लोग बेहद सहानुभूतिपूर्ण स्वभाव के होते हैं। ऐसा व्यक्ति दूसरों के बोलने के अंदाज और चेहरे के भाव देखकर आसानी से समझ जाते हैं कि सामने वाला अंदर से कैसा महसूस कर रहा है। अब वो भाव चाहे खुशी हो, दुख हो या तनाव।
गलत समझा जाना
कई बार संवेदनशील स्वभाव को लोगों की गहरी सोच को लोग उनकी कमजोरी समझ लेते हैं। कई लोग उन्हें ओवर रिएक्ट करने वाला या बहुत ज्यादा सोचने वाला मानने लगते हैं, जबकि असल में यह विशेषता उनकी इंसानियत और गहरी समझ का सकारात्मक उदाहरण है।
तनावपूर्ण माहौल से असहज होना

तेज आवाज, भीड़भाड़ या झगड़े का माहौल संवेदनशील लोगों को काफी बेचैन कर देता है। वे ऐसे माहौल से बचना पसंद करते हैं क्योंकि यह उनके मानसिक स्वास्थ्य पर बेहद नकारात्मक असर डालता है। उन्हें शांत और सकारात्मक माहौल में रहना ही पसंद आता है।
दूसरों की मदद के लिए तैयार रहना
संवेदनशील लोग केवल अपनों को ही नहीं बल्कि किसी भी अनजान व्यक्ति को परेशानी में देखकर नज़रअंदाज़ नहीं कर पाते हैं। वह हमेशा मदद के लिए तैयार रहते हैं। भावनात्मक सहारा या आर्थिक मदद के लिए भी ऐसे लोग हमेशा तत्पर रहते हैं।
अपने साथ समय बिताना

भावनाओं को गहराई से महसूस करने की वजह से संवेदनशील लोग मानसिक रूप से बहुत जल्दी थकान महसूस करते हैं। इसलिए उन्हें अपने साथ समय बिताना पसंद आता है, या कह सकते हैं उन्हें अकेले रहना थोड़ा ज्यादा पसंद होता है।
कला के प्रति आकर्षण
संवेदनशील लोग संगीत ,साहित्य ,प्रकृति की खूबसूरती और पेंटिंग जैसी बहुत सी कलाओं को गहराई से महसूस करते हैं। भावनाओं से भरे गाने कविता या कहानी उन्हें अंदर तक छू जाती है। उनकी यही भावुक प्रवृत्ति उन्हें रचनात्मक बनाती है।
गहरी सोच
संवेदनशील व्यक्ति किसी भी बात को लेकर काफी समय तक सोच-विचार करते हैं । ऐसे में वो हर स्थिति, शब्द और भाव के पीछे छिपे मतलब को समझने की पूरी कोशिश करते हैं। उनकी यही सोच उन्हें सकारात्मक विचारों से जीवन जीना सिखाती है।
