Overview:
बर्ड नेट या पर्दा लगाने से घर का लुक खराब होता है। और इन्हें न लगाने से कबूतर हर दिन बालकनी को इतना गंदा कर देते हैं कि इसे साफ करना ही एक मुश्किल टास्क बन जाता है।
Get Rid of Pigeons in Balcony: घर और फ्लैट्स की बालकनी में कबूतरों का आना हर किसी के लिए एक बड़ी परेशानी है। बर्ड नेट या पर्दा लगाने से घर का लुक खराब होता है। और इन्हें न लगाने से कबूतर हर दिन बालकनी को इतना गंदा कर देते हैं कि इसे साफ करना ही एक मुश्किल टास्क बन जाता है। इस बीच यदि ये घोंसला बना लें तो परेशानी और भी बढ़ जाती है। अगर आप भी चाहते हैं कि कबूतर आपके घर का रास्ता भूल जाएं तो कुछ बेहद आसान तरीके आप अपना सकते हैं।
1. तेज गंध का करें इस्तेमाल

कबूतरों को तेज गंध बिल्कुल पसंद नहीं होती, जिससे वे उस जगह से दूर रहते हैं। इसके लिए आप सफेद सिरका, लहसुन या प्याज का रस पानी में मिला कर बालकनी में छिड़कें। कबूतर आना बंद हो जाएंगे।
2. विंड चाइम्स से डर
अगर आपको भी कबूतरों को उड़ाने के लिए बार-बार बालकनी में जाना पड़ता है तो आपका यह काम विंड चाइम्स आसानी से कर देंगे। हवा से उत्पन्न होने वाली ध्वनि कबूतरों को चौंका देती है। हल्की विंड चाइम्स को बालकनी में लटका कर आप इन पक्षियों को आसानी से भगा सकते हैं।
3. टांग दें एक नकली पक्षी मॉडल
कबूतरों को डराने के लिए आप बालकनी में बाज या चील जैसे बड़े पक्षी के नकली मॉडल लटकाएं। कबूतर और अन्य छोटे पक्षी इससे डरेंगे और बालकनी में आना बंद कर देंगे।
4. पालतू जानवर करेंगे रक्षा

अपने कुत्ते या बिल्लियों को बालकनी में छोड़ने से भी कबूतरों को भगाया जा सकता है, क्योंकि इन जानवरों की शिकार करने की प्रवृत्ति पक्षियों को डराती है। यह बहुत ही आसान तरीका है।
5. कैक्टस और कांटेदार पौधे लगाएं
अक्सर कबूतर बालकनी में रखे पौधों और गमलों को ही आशियाना बनाते हैं। कई बार पौधे तोड़ भी देते हैं। इसलिए आप अन्य पौधों के साथ ही कैक्टस और कुछ कांटेदार पौधे लगाएं। ये पौधे कबूतरों को बालकनी में आने से रोक सकते हैं, क्योंकि पक्षी कांटों से डरते हैं।
6. जिप टाई का इस्तेमाल
बालकनी की रेलिंग पर जिप टाई लगाकर कबूतरों को बैठने से रोका जा सकता है। इनकी नुकीली सतहें कबूतरों को बैठने से रोकती हैं। आजकल आपको ऐसी कई चीजें ऑनलाइन आसानी से मिल जाएंगी। इन्हें आप खुद ही बहुत ही आराम से लगा सकते हैं।
7. बेकार सीडी आएंगी काम
बेकार सीडी कबूतरों को बालकनी से भगाने के काम आ सकती हैं। पुरानी सीडी को लटकाकर आप प्रभावी रूप से कबूतरों को भगाने में मदद कर सकते हैं। सीडी की चमक कबूतरों को दूर करती है। जब सीडी चमकती है तो कबूतर डर कर उड़ जाते हैं।
8. काली पन्नी करेगी कमाल
काली पन्नी यानी कोई भी काले रंग की पॉलिथिन कबूतरों को भगाने के लिए कमाल का काम करती है। आप सिर्फ इस पॉलिथिन को बालकनी में लटका दें, हवा से जब यह पॉलिथिन उड़ेगी और आवाज करेगी तो कबूतर खुद ब खुद बालकनी में आना बंद कर देंगे।
9. डिस्पोजेबल फोर्क लें काम
डिस्पोजेबल फोर्क यानी कांटे हर घर में बहुत ही आसानी से मिल जाते हैं। आप बालकनी में रखे हर गमले में 4 से 5 फोर्क सीधा खड़ा करके गाड़ दें। इससे कबूतरों को बैठने के लिए जगह नहीं मिलेगी और वे बालकनी में नहीं आएंगे।
10. पेपरमिंट तेल का करें उपयोग
कबूतरों को बालकनी से दूर करने के लिए आप पेपरमिंट तेल का भी उपयोग कर सकते हैं। एक स्प्रे बोतल में इस तेल को मिलाएंं और बालकनी में इसका छिड़काव कर दें। इसकी तेज गंध से कबूतर अपने आप बालकनी में आना बंद कर देंगे।
