Overview:कैंपस प्लेसमेंट के बिना अच्छी जॉब पाने के तरीके
अगर आपको कैंपस प्लेसमेंट में अच्छी जॉब नहीं मिली है तो ऐसे में निराश होने की जगह आप इन तरीकों को अपना सकते हैं।
Getting Job Without Campus Placement: जब हम कॉलेज में पढ़ाई कर रहे होते हैं तो कैंपस प्लेसमेंट की मदद से एक अच्छी जॉब पाने की हसरत रखते हैं। लेकिन हर किसी को कैंपस प्लेसमेंट में जॉब नहीं मिल पाती है। ऐसे में यंगस्टर्स काफी निराश हो जाते हैं और उन्हें लगता है कि अब उनके लिए एक ड्रीम जॉब पाना बहुत ज्यादा मुश्किल है। हो सकता है कि आपको यह लगभग नामुमकिन लग रहा हो, जबकि ऐसा नहीं है। अगर आपको कैंपस ड्राइव से नौकरी नहीं मिली है तो भी आप खुद के लिए रास्ता बनाकर सफलता की नई इबारत लिख सकते हैं।
हो सकता है कि आप भी असमंजस में हों कि किस तरह आप बड़ी-बड़ी कंपनियों को अपना टैलेंट दिखा सकते हैं और एक अच्छी जॉब पा सकते हैं। ऐसा करना बहुत मुश्किल नहीं है, क्योंकि आज के समय में कंपनियां डिग्री से जदा आपके स्किल्स व काम करने की योग्यता पर ध्यान देती हैं। तो बस आपको खुद को अपस्किल करने और उसे दुनिया को दिखाने की जरूरत है, ताकि आपको जॉब के लिए भागना ना पड़े, बल्कि खुद एक अच्छी जॉब आप तक चलकर आए। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको बता रहे हैं कि आप कैंपस प्लेसमेंट के बिना एक अच्छी जॉब किस तरह हासिल कर सकते हैं-
पहले खुद को जानने की कोशिश करें
भले ही आपको कैंपस प्लेसमेंट में जॉब नहीं मिली, लेकिन किसी भी जॉब के लिए हाथ-पैर मारने से पहले थोड़ा रुककर खुद से कुछ सवाल करें। यह जानने की कोशिश करें कि आप सच में किस इंडस्ट्री में काम करना चाहते हैं या फिर आपके स्किल और इंटरेस्ट के अनुसार कौन सा जॉब रोल आपके लिए सबसे अच्छा रहेगा। इसके अलावा आप स्टार्टअप, एमएनसी, लोकल कंपनी, रिमोट जॉब में से किस तरह काम करना पसंद करेंगे। एक बार जब आप खुद को अच्छी तरह टटोल लेते हैं तो आगे का रास्ता काफी हद तक साफ हो जाता है, क्योंकि आपको यह पता होता है कि आपको किस दिशा में आगे बढ़ना है।
खुद को करें अपस्किल

चूंकि आपको कैंपस प्लेसमेंट में जॉब नहीं मिली है, तो अब आपको अपनी काबिलियत को साबित करना होगा। जिससे आपको बड़ी कंपनियों से अच्छे ऑफर मिल सकें। आपने कॉलेज डिग्री तो हासिल कर ली है, लेकिन इसके अलावा आप खुद को अपस्किल भी जरूर करते रहें। इसके लिए आप ऑनलाइन वेबसाइट्स व यूट्यूब आदिका का सहारा भी ले सकते हैं। कोशिश करें कि आप जिस भी स्किल को सीखें, उसमें सर्टिफिकेशन जरूर लें। इससे आपका रिज्यूम और भी ज्यादा मजबूत बनता है। साथ ही, इस बात का भी ध्यान रखें कि आप लर्निंग प्रोसेस के दौरान सिर्फ वीडियो ही ना देखें, बल्कि उसे बेहतर तरीके से सीखने के लिए छोटे-छोटे प्रोजेक्ट भी बनाएं। साथ ही, इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट भी करें, जिससे लोग आपकी काबिलियत को आसानी से जान पाएं। इस तरह अच्छी जॉब हासिल कर पाना काफी आसान हो जाता है।
दमदार हो आपका पोर्टफ़ोलियो
कैंपस प्लेसमेंट के बिना अगर आपको अच्छी जॉब हासिल करनी है तो ऐसे में आप अपने रिज्यूम व पोर्टफोलियो पर काम करें। इसे देखकर ही अधिकतर लोग आपकी स्किल्स व क्षमताओं के बारे में अंदाजा लगाते हैं। कोशिश करें कि आपका रिज्यूम सिंपल, क्लीयर व एक पेज का हो। अगर आपने कहीं पर इंटर्नशिप, फ्रीलांस, वॉलंटियर वर्क या प्रोजेक्ट आदि किया है, तो उसे भी अपने पोर्टफोलियो में जरूर शामिल करो। आप इसे ऑनलाइन शेयर करें, जिससे आप ज्यादा से ज्यादा लोगों के साथ कनेक्ट कर पाएं।
नेटवर्किंग पर करें फोकस

एक अच्छी जॉब पाने के लिए आपकी नेटवर्किंग भी उतनी ही मजबूत होनी चाहिए। जब आप अपनी फील्ड के ज्यादा से ज्यादा लोगों के साथ जुड़ते हैं तो इससे आपके लिए अपनी फील्ड में अच्छी जॉब के अवसर खुलते हैं। अपनी नेटवर्किंग को मजबूत बनाने के लिए आप वेबिनार, वर्कशॉप व मीटअप में जाओ। इसके अलावा, फेसबुक, व्हाट्सऐप या लिंक्डइन ग्रुप जॉइन करो। कोशिश करें कि आप अपनी इंडस्ट्री लीडर्स को फ़ॉलो करें और उनके पोस्ट पर कमेंट करो।
ना रहें फ्रेशर

अक्सर लोग एक अच्छी कंपनी में जॉब चाहते हैं और इसके लिए वे बस कोशिश ही करते रहते हैं। हालांकि, अगर आप भी ऐसा ही करते हैं तो आपके लिए शायद एक ड्रीम जॉब पाना काफी मुश्किल हो जाए। जब तक आपको मनपसंद जॉब नहीं मिलती है, तब तक आप कुछ ना कुछ अवश्य करते रहें। मसलन, आप ऑनलाइन वेबसाइट्स जैसे अपवर्क आदि पर फ्रीलांस वर्क करें। इसके अलावा, किसी छोटे बिजनेस या एनजीओ के लिए आप बतौर वॉलंटियर काम करें। अगर आपको कहीं पर काम नहीं मिल रहा है तो ऐसे में आप पर्सनल प्रोजेक्ट कर सकते हैं। कोशिश करें कि लोगों तक आपका टैलेंट पहुंच सके और आपको भी अपने काम का अनुभव मिलता रहे।
सेट करें रूटीन
अक्सर लोग इस पर ध्यान नहीं देते हैं, लेकिन आपको खुद का रूटीन भी जरूर सेट करना चाहिए। दरअसल, शुरुआत में लोग अच्छी जॉब पाने के लिए काफी मेहनत करते हैं, लेकिन जब उन्हें जॉब नहीं मिलती है तो वे निराश हो जाते हैं। लेकिन अगर आप एक रूटीन के साथ चलते हैं तो ऐसे में आपके लिए कंसिस्टेंट रहना ज्यादा आसान हो जाता है। मसलन, आप हर दिन 1-2 घंटे खुद को अपस्किल करने और जॉब अप्लिकेशन के लिए दें। अलग-अलग कंपनियों में एप्लीकेशन दें। साथ ही, इंटरव्यू व फ़ॉलो-अप ट्रैक करो। अगर आप जॉब के चक्र में खुद को फंसा हुआ महसूस कर रहे हैं तो ऐसे में एक ब्रेक लो और मेंटल हेल्थ का ध्यान रखो। इससे आप दोबारा नई एनर्जी व पॉजिटिविटी के साथ अपने करियर में कदम बढ़ा पाएंगे।
