House Cleaning Tips: सपनों का घर बनाना जितना मुश्किल है, उतना ही चुनौती भरा होता है उसे मेंटेन करना। हम चाहे कितनी भी देखभाल क्यों न कर लें, लेकिन एक समय के बाद हमारा सामान गंदा दिखने लगता है और उसकी चमक खोने लगती है। ऐसे में घर की रौनक फीकी पड़ने लगती है। अगर आप भी ऐसी ही परेशानी का सामना कर रहे हैं तो हो सकता है कि आप कुछ ऐसी गलतियां कर रहे हैं, जिसके कारण सफाई ठीक से नहीं हो पा रही। चलिए आज हम आपको बताते हैं, कुछ आसान तरीके जिनसे आपका घर कांच के जैसा चमकने लगेगा।
सफेद सिरका है सुपर क्लीनर

हमारे घरों में ऐसे कई नेचुरल क्लीनर मौजूद होते हैं, जिनके बारे में हम जानते नहीं हैं। ये क्लीनर कम कीमत में आपके घर को चमकाने का काम करते हैं। इन्हीं में से एक क्लीनर है सफेद सिरका। सिरका सामान की सतहों को साफ करने के साथ ही उनमें चमक भी बढ़ा देता है। ये आसानी से उपलब्ध भी होता है और इसकी कीमत भी अन्य क्लीनर्स से कम होती है। केमिकल रहित होने के कारण इसका कोई साइड इफेक्ट भी नहीं होता।
चमक उठेंगी आपकी खिड़कियां और कांच

आजकल घरों और ऑफिस में कांच का उपयोग ज्यादा होेने लगा है। आमतौर पर फ्लैट में पूरे स्लाइडिंग डोर ही कांच के होते हैं। शुरुआत में तो यह मिरर स्लाइडिंग गेट्स और विंडोज अच्छी लगती हैं, लेकिन समय के साथ ये गंदी होने लगती हैं, जिन्हें साफ करना भी एक टास्क हो जाता है। इन्हें प्रोफेशनल्स से साफ करवाना काफी महंगा होता है। ऐसे में आप घर पर ही इन्हें आसानी से साफ कर सकते हैं। इसके लिए आप एक स्प्रे बोतल में पानी और सफेद सिरका बराबर मात्रा में मिला लें। अब इस मिश्रण से आप कांच साफ करें। आपके कांच पहले के जैसे चमक जाएंगे।
चमचमा उठेगा आपका बाथरूम
अक्सर बाथरूम के टाइल्स, नल, सिंक आदि पर पानी के दाग जम जाते हैं। जिससे वे गंदे लगने लगते हैं। ऐसे में सफेद सिरके और पानी के इसी मिश्रण का उपयोग आप बाथरूम को चमकाने में कर सकते हैं। अगर दाग बहुत ज्यादा गहरे से हैं तो आप किसी पुराने टूथब्रश के माध्यम से इसे साफ करें। वहीं अक्सर शावर हेड्स में एक समय के बाद पानी कम आने लगता है। साथ ही इनमें साल्ट जमने लगता है। अगर आपका शावर हेड भी गंदा हो रहा है तो एक प्लास्टिक की थैली में पानी और सिरका बराबर मात्रा में मिलाएं। फिर इसे इलास्टिक बैंड की मदद से शावर हेड के ऊपर बांध दें। इसे इस तरीके से बांधें कि हेड के छेद इस मिश्रण में डूब जाएं। इसके एक घंटे बाद आप इसे ब्रश से साफ कर लें। आपका शावर हेड नया जैसा काम करने लगेगा।
क्या केटल पर जम गए हैं पानी के दाग
इलेक्ट्रिक केटल को लंबे समय तक यूज करने से उसकी सतह पर पानी की लाइनें पड़ना शुरू हो जाती हैं। ऐसे में इन्हें यूज करना गंदा और अनहाइजेनिक लगता है। इसके लिए आप पानी में सफेद सिरका मिलाकर उसे रातभर केटल में ही छोड़ दें। सुबह केटल को अच्छे तरीके से खाली करके साफ कर लें। आपकी केटल पहले जैसी साफ हो जाएगी।
