Hibiscus Vastu: वास्तु शास्त्र के अनुसार कुछ ऐसे पौधे होते हैं जो घर के लिए बहुत ही शुभ माने जाते हैं। मनुष्य को अपने जीवन में अच्छे और बुरे दोनों वक्त से गुजरना पड़ता है। कुछ लोगों के जीवन में अच्छा समय लंबे तक रहता है। वहीं, कुछ के जीवन में हमेशा दुःख और परेशानियां बनी रहती हैं। ऐसे में आप वास्तु शास्त्र के कुछ उपाय अपनाकर अपने जीवन को बेहतर बना सकते हैं। वास्तु शास्त्र में कुछ ऐसे पौधे बताए गए हैं, जिनको आप घर में लगाकर अपने घर का वास्तु ठीक कर सकते हैं। अर्थात वास्तु शास्त्र के अनुसार बताए गए पौधों को घर में लगाकर अपने घर में खुशियों की बयार ला सकते हैं। तो आइए जानते हैं पंडित इंद्रमणि घनस्याल से गुड़हल के पौधे को किस दिशा में लगाने से आपको लाभ मिल सकता है।
आर्थिक पक्ष और मंगल दोष के लिए

गुड़हल का पौधा घर में लगाने से घर में मां लक्ष्मी का वास होता है। गुड़हल के पौधे पर जो लाल पुष्प आते हैं वह मां लक्ष्मी और हनुमान जी को बहुत प्रिय होते हैं। यदि आप आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं या आपके जीवन में धन संबंधी परेशानियां चल रही है तो प्रत्येक मंगलवार को हनुमान जी के समक्ष गुड़हल का फूल अर्पित करना चाहिए। इसके साथ ही मंगल दोष के निवारण के लिए घर में गुड़हल का पौधा लगाना बहुत ही आवश्यक माना जाता है। ऐसा करने से आपको हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त होता है। शुक्रवार को लक्ष्मी माता को गुड़हल का लाल फूल अर्पित करना चाहिए, इससे आपके जीवन में कभी भी पैसों की कमी नहीं रहती है। घर में मां लक्ष्मी के आगमन के लिए शुक्रवार को लक्ष्मी जी की पूजा करते समय लाल रंग का गुड़हल का फूल अवश्य चढ़ाना चाहिए।
आरोग्य और ऊर्जावान बनने के लिए

गुड़हल का पौधा लगाने से आपके जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। सूर्य देव को जल अर्पित करते समय गुड़हल का फूल लेकर अर्घ्य देने से आप ऊर्जावान और आरोग्य बनते हैं। इससे आपको सभी प्रकार के रोगों से मुक्ति मिलती है। अगर आपकी कुंडली में सूर्य कमजोर है तो वह मजबूत बनता है। इसलिए हमेशा सूर्य को अर्घ्य देते समय पानी में गुड़हल का फूल अवश्य डालना चाहिए।
रिश्तो में मजबूती लाने में सहायक

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, गुड़हल का पौधा घर में लगाने से आपके रिश्ते मधुर बने रहते हैं। आप सभी प्रकार के विवादों से दूर रहते हैं। गुड़हल का पौधा घर में लगाने से रिश्तो में आ रही खटास दूर होती है तथा आपका जीवन खुशहाल और सुखमय बनता है। घर में सुख शांति बनाए रखने तथा दांपत्य जीवन में मिठास बनी रहे इसके लिए गुड़हल के पौधे को हमेशा घर की पूर्व दिशा में लगाना शुभ माना जाता है। गुड़हल के पौधे को उत्तम दिशा में लगाने से घर के कई वास्तु दोष दूर होते हैं।
यह भी पढ़ेंः घर पर इन मूर्तियों को रखने से जाग उठता है सौभाग्य, पैसों से भरी रहती है तिजोरी: Idol Vastu
